
दुबई में छिपे कफ सिरप केस के मुख्य आरोपी शुभम को प्रत्यर्पण पर भारत लाया जाएगा, कार्रवाई शुरू
दुबई में छिपे कफ सिरप केस के मुख्य आरोपी शुभम को प्रत्यर्पण पर भारत लाया जाएगा। इसके लिए कार्रवाई शुरू कर दी गई है। द़ुबई ऐसे मामलों में पूरा सहयोग करता है।
कोडीन युक्त सिरप की तस्करी कर करोड़ों रुपये की कमाई करने वाले गिरोह के मास्टर माइंड शुभम जायसवाल को दुबई से प्रत्यर्पण कर भारत लाया जाएगा। इसके लिए कार्रवाई शुरू कर दी गई है। द़ुबई ऐसे मामलों में पूरा सहयोग करता है। दुबई में छिपे शुभम के साथ ही उसके सहयोगियों को भी कार्रवाई के दायरे में लाया जाएगा।
पिछले साल फरवरी में फेंसेडिल सिरप की बड़े पैमाने पर तस्करी लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी क्षेत्र में पकड़ी गई थी। इसके बाद जांच हुई तो विभोर राणा और विशाल को एसटीएफ ने गिरफ्तार किया। इन लोगों ने पूरे नेटवर्क का खुलासा किया, तब पहली बार वाराणसी निवासी शुभम जायसवाल का नाम सामने आया। जांच के दौरान ही अमित टाटा, फिर बर्खास्त सिपाही आलोक सिंह की गिरफ्तारी से पूरा खेल ही सामने आ गया। डीजीपी राजीव कृष्ण ने बताया कि शुभम को भारत लाने की प्रक्रिया की जा रही है। कानूनी औपचारिकताएं पूरी की जा रही है।
नेपाल और बांग्लादेश में सिरप की तस्करी की गई
डीजीपी ने साफ किया कि कुछ फर्मों ने फर्जी ई-बिल के जरिए कई प्रदेशों में ही नहीं बल्कि नेपाल और बांग्लादेश तक इस सिरप की तस्करी की। इसके साक्ष्य भी मिल चुके है। इस तस्करी में लिप्त हर आरोपी को कार्रवाई के दायरे में लाया जाएगा।
शैली ट्रेडर्स के जरिए सबसे ज्यादा सप्लाई की गई
एफएसडीए की आयुक्त रोशन जैकब ने बताया कि शैली ट्रेडर्स ने सबसे ज्यादा इस सिरप की सप्लाई की। उन्होंने कहा कि औषधि निरीक्षकों ने हिमाचल प्रदेश की दो, उत्तराखंडकी तीन कोडीनयुक्त कफ सिरप के निर्माता, पानीपत की एक और रांची की एक फर्म के क्रय विक्रय का ब्योरा जुटाया। इसमें कई फर्मों ने फर्जी दस्तावेज और फर्जी ई-बिल से कोडीन युक्त सिरप की सप्लाई की। इन सभी को कार्रवाई के दायरे में लाया जा रहा है।





