घूसखोर डिप्टी कमिश्नर प्रभा भंडारी की मुश्किलें बढ़ेंगी, कई और अफसरों पर भी CBI की नजर

Jan 02, 2026 06:51 pm ISTDeep Pandey लाइव हिन्दुस्तान
share Share
Follow Us on

घूसखोरी में गिरफ्तार डिप्टी कमिश्नर प्रभा भंडारी की मुश्किलें बढ़ेंगी। भंडारी के साथ ही दो अधीक्षकों के घर से बरामद संपत्तियों के दस्तावेजों के आधार पर आगे की छानबीन शुरू की है।

घूसखोर डिप्टी कमिश्नर प्रभा भंडारी की मुश्किलें बढ़ेंगी, कई और अफसरों पर भी CBI की नजर

सीबीआई ने झांसी में केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर (सीजीएसटी) में घूसखोरी के मामले में गिरफ्तार डिप्टी कमिश्नर प्रभा भंडारी (आईआरएस अधिकारी) की मुश्किलें और बढ़ेंगी। भंडारी के साथ ही दो अधीक्षकों अनिल कुमार तिवारी व अजय कुमार शर्मा के घर से बरामद संपत्तियों के दस्तावेजों के आधार पर आगे की छानबीन शुरू की है। सूत्रों का कहना है कि दिल्ली व ग्वालियर में जुटाई गई कुछ बेनामी संपत्तियों को लेकर भी पड़ताल शुरू की गई है। आरोपी अधिकारियों ने नकद में वसूली गई रकम को प्रापर्टी डीलरों व अपने कुछ करीबियों के माध्यम से ठिकाने लगाया था। आरोपी अधिकारियों की कुल संपत्ति का ब्योरा भी जुटाने का प्रयास हो रहा है। शुरुआती छानबीन व पूछताछ में सीजीएसटी के कई अन्य अधिकारियों के नाम भी सामने आए हैं, जिनकी भूमिका को लेकर भी पड़ताल शुरू की गई है।

सीबीआइ को मामले में नामजद आरोपी जय अंबे प्लाईवुड के मालिक लोकेश तोलानी व जय दुर्गा प्लाईवुड के मालिक तेजपाल मंगतानी की भी तलाश है। सीबीआइ ने मामले में 30 दिसंबर को प्रभा भंडारी समेत सात आरोपियों के विरुद्ध नामजद मुकदमा दर्ज किया था। सीबीआई लखनऊ की एंटी करप्शन ब्रांच ने डेढ़ करोड़ रुपये घूसखोरी के इस बड़े मामले में प्रभा भंडारी समेत कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। सीबीआइ ने आरोपियों को 70 लाख रुपये घूस लेते पकड़ा था।

सीबीआइ की जांच में सामने आया था कि 18 दिसंबर को जय दुर्गा हार्डवेयर व जय अंबे प्लाईवुड के ठिकानों पर सीजीएसटी की टीमों ने छापेमारी की थी और इसके बाद कर चोरी में छूट देने के बदले मोटी रकम वसूलने की डील शुरू हुई थी। अधिकारियों ने फर्म संचालकों व उनके वकील नरेश कुमार गुप्ता को अपने घर बुलाकर भी लेनदेन की डील की थी। पूर्व में कुछ अन्य फर्मों के ठिकानों पर की गई छापेमारी को लेकर भी भीतरखाने छानबीन की जा रही है। सीबीआई ने आरोपियों के झांसी, ग्वालियर व दिल्ली स्थित ठिकानों पर छोपमारी के दौरान 90 लाख रुपये नगद, संपत्तियों के कई दस्तावेज, जेवर व चांदी की ईटें बरामद की थीं।

Deep Pandey

लेखक के बारे में

Deep Pandey

दीप नरायन पांडेय लाइव हिन्दुस्तान में पिछले आठ सालों से यूपी टीम में हैं। दीप का डिजिटल, टीवी और प्रिंट जर्नलिज्म में 15 साल से अधिक का अनुभव है। यूपी के लखनऊ और वाराणसी समेत कई जिलों में पत्रकारिता कर चुके हैं। यूपी की राजनीति के साथ क्राइम की खबरों पर अच्छी पकड़ है। सामाजिक, इंफ्रास्ट्रक्चर, पर्यटन, शिक्षा और हेल्थ पर भी लिखने का शौक है। मास कम्युनिकेशन में बीए और एमए हैं। सरल भाषा में खबरों को पाठकों तक पहुंचाते हैं। खबर लिखने के अलावा साहित्य पढ़ने-लिखने में भी रुचि रखते हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करे| पाएं Lucknow news , Prayagraj News , Varanasi News , Gorakhpur News , Kanpur News , Aligarh News से जुड़ी ताजा खबरें हिंदी में |