
मेरठ की अब्दुल्ला रेजीडेंसी लेकर विवाद, हिंदुओं की एंट्री पर रोक का आरोप, मंत्री ने लिखी चिट्ठी; जांच शुरू
ऊर्जा राज्य मंत्री डा.सोमेन्द्र तोमर ने डीएम और आवास विकास से मामले की जांच करने को कहा है। जांच के लिए ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीक्षा जोशी की अध्यक्षता में आवास विकास के एसई और पुलिस के सीओ की तीन सदस्यीय टीम गठित की गई है। शुक्रवार को सदर तहसील की टीम प्रारंभिक जांच के लिए मौके पर भी पहुंची।
यूपी के मेरठ में हापुड़ रोड स्थित निजी कॉलोनी अब्दुल्ला रेजीडेंसी को लेकर शनिवार को अचानक विवाद उठ गया। आरोप लगाए जाने लगे कि यहां सिर्फ धर्म विशेष के लोगों को संपत्ति दी जा रही है और हिंदुओं के लिए नो एंट्री है। इसकी जानकारी प्रदेश के ऊर्जा राज्यमंत्री डॉ.सोमेंद्र तोमर को हुई तो उन्होंने डीएम और आवास विकास को कार्रवाई को कहा। मंत्री का कहना है कि कोई बिल्डर धर्म विशेष को लेकर आवंटन की बात कैसे कर सकता है। उक्त जमीन के स्वामित्व का भी मामला है। वहीं, अब्दुल्ला रेजीडेंसी के एक बिल्डर महेंद्र गुप्ता (जो खुद एक हिंदू हैं) ने आरोपों को पूरी तरह निराधार और गलत बताया है। उनका कहना है कि इन आरोपों में रत्ती भर सच्चाई नहीं है। उधर, मंत्री की शिकायत पर डीएम डा.वीके सिंह ने ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीक्षा जोशी के नेतृत्व में तीन सदस्यीय जांच टीम गठित कर दी है।

हापुड़ रोड स्थित अब्दुल्ला रेजीडेंसी का काम पिछले कुछ सालों से चल रहा है। शनिवार को अचानक इसे लेकर विवाद खड़ा हो गया। आरोप लगने लगा कि यहां केवल धर्म विशेष के लोगों को ही प्रॉपर्टी खरीदने की सुविधा है। यही नहीं यह भी कहा जाने लगा कि हाल में ही कॉलोनी में मस्जिद भी बनाई गई है। यह मामला ऊर्जा राज्यमंत्री डॉ. सोमेंद्र तोमर तक पहुंचा तो उन्होंने डीएम और आवास विकास को जांच के लिए कहा। प्रशासन और आवास विकास ने जांच शुरू कर दी है। सदर तहसील की टीम प्रारंभिक जांच के लिए मौके पर पहुंची। बिल्डर से जानकारी मांगी गई है।
डीएम ने बनाई कमेटी
डीएम डा.वी.के.सिंह ने बताया कि ऊर्जा राज्य मंत्री की शिकायत मिली है। शिकायत को लेकर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीक्षा जोशी की अध्यक्षता में आवास विकास के एसई और पुलिस के सीओ की तीन सदस्यीय जांच टीम गठित की गई है।
क्या बोले मंत्री
ऊर्जा राज्यमंत्री डॉ.सोमेंद्र तोमर ने कहा कि अब्दुल्ला रेजीडेंसी का मामला गंभीर है। जानकारी मिली है कि धर्म विशेष के लोगों को ही संपत्ति दी जा रही है। यह गलत है। जांच को डीएम और आवास विकास के अधिकारियों को कहा गया है।
क्या बोले बिल्डर
अब्दुल्ला रेजीडेंसी के बिल्डर महेंद्र गुप्ता ने कहा कि मेरी कॉलोनी अब्दुल्ला रेजीडेंसी को लेकर जो भी आरोप लगाए जा रहे हैं तो वे निराधार हैं। अब्दुल्ला रेजीडेंसी में किसी को संपत्ति खरीदने पर कोई रोक नहीं है। आवास विकास और रेरा से स्वीकृत कॉलोनी है।





