नेपाल जलप्रलय में कुशीनगर के युवक की मौत, शव की हालत बिगड़ी कि वहीं करना पड़ा अंतिम संस्कार
नेपाल में आई भीषण जलप्रलय ने कुशीनगर के एक परिवार का चिराग बुझा दिया। रोजी-रोटी की तलाश में नेपाल गए युवक की भीषण बाढ़ में मौत हो गई। लेकिन परिजन उसका शव भी अपने वतन तक भी नहीं ला सके। न ही उसका अंतिम दर्शन कर पाए।
UP News: नेपाल में आई भीषण जलप्रलय ने कुशीनगर के कप्तानगंज थाना क्षेत्र के सुधियानी गांव के एक परिवार का चिराग बुझा दिया। रोजी-रोटी की तलाश में नेपाल गए अमन गौंड की भीषण बाढ़ में मौत हो गई। सबसे दर्दनाक बात यह रही कि परिजन उसका शव भी अपने वतन तक भी नहीं ला सके। न ही परिजन उसका अंतिम दर्शन कर पाए। कई दिन तक पानी और मिट्टी में पड़े रहने के कारण शव की हालत बेहद खराब हो चुकी थी। पहचान की प्रक्रिया पूरी होने के बाद नेपाल के चितवन में ही पिता और भाई समेत कुछ अन्य लोगों की मौजूदगी में उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया।
सुधियानी गांव के रहने वाले सेतभान गौंड का छोटा बेटा अमन गौंड नेपाल के त्रिशूली क्षेत्र स्थित एक पावर प्लांट में काम करता था। परिवार के भरण-पोषण में मदद करने और बेहतर कमाई की उम्मीद में वह नेपाल गया था। बीते 26 अगस्त को नेपाल में आई भीषण बाढ़ और जलप्रलय के बाद अचानक उसका परिवार से संपर्क टूट गया। मोबाइल बंद होने और किसी तरह की जानकारी नहीं मिलने से परिजनों की चिंता लगातार बढ़ती जा रही थी। कई दिनों तक परिवार अमन के सकुशल लौटने की उम्मीद लगाए रहा।
खराब हो चुका था शव
शुक्रवार की भोर में नेपाल से अमन का शव मिलने की सूचना परिवार तक पहुंची। खबर सुनते ही घर में मातम छा गया। अमन के पिता सेतभान गौंड और बड़े भाई दीपक गौंड समेत परिवार के लोग नेपाल के चितवन के लिए रवाना हो गए। परिजन इस उम्मीद में चितवन पहुंचे कि शायद अमन को आखिरी बार देख सकेंगे। लेकिन कई दिनों तक पानी और मिट्टी में पड़े रहने के कारण शव खराब हो चुका था। चेहरा पहचान में नहीं आ रहा था। टैटू से उसकी शिनाख्त हुई। अंतिम संस्कार के समय पिता सेतभान, भाई दीपक और अन्य परिजन मौजूद रहे।
दो परिवार को अब भी इंतजार
अमन की मौत की खबर सुधियानी गांव पहुंचते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। गांव के लोग परिवार को ढांढस बंधाने के लिए उनके घर पहुंचने लगे। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। अमन के जाने से परिवार ने अपना एक सदस्य ही नहीं, बल्कि घर का सहारा भी खो दिया। उधर सुधियानी गांव के डोमई राजभर का बेटा पंकज राजभर और गिरजेश तिवारी का बेटा अभय तिवारी अभी लापता हैं। अमन की मौत की खबर के बाद और उनके परिजन अधिक चिंतित हैं।


