Hindi NewsUP NewsCold wave wreaks havoc in UP extends school holidays in Kanpur Lucknow
यूपी में शीतलहर का कहर, इन जिलों के स्कूलों की बढ़ीं छुट्टियां, 12 शहरों में ठंड का प्रकोप

यूपी में शीतलहर का कहर, इन जिलों के स्कूलों की बढ़ीं छुट्टियां, 12 शहरों में ठंड का प्रकोप

संक्षेप:

बर्फीली हवाओं और घने कोहरे से कानपुर समेत पूरे प्रदेश में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। राज्य के कई हिस्सों में शीत दिवस जैसी स्थिति बनी हुई है। वहीं, कानपुर और लखनऊ में प्री प्राइमरी से आठवीं तक सभी स्कूलों के बच्चों की छुट्टियां 10 जनवरी तक बढ़ा दी गई हैं।

Jan 09, 2026 06:35 am ISTPawan Kumar Sharma वरिष्ठ संवाददाता, कानपुर
share Share
Follow Us on

बर्फीली हवाओं और घने कोहरे से कानपुर समेत पूरे प्रदेश में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। राज्य के कई हिस्सों में शीत दिवस जैसी स्थिति बनी हुई है, जहां दिन और रात के पारे में भारी गिरावट दर्ज की गई है। सोनभद्र का चुर्क प्रदेश में सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान गिरकर 4.0 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। वहीं, शीतलहर के कारण कानपुर और लखनऊ में प्री प्राइमरी से आठवीं तक सभी स्कूलों के बच्चों की छुट्टियां 10 जनवरी तक बढ़ा दी गई हैं। कानपुर के डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह ने छुट्टियों को लेकर गुरुवार को आदेश जारी करते हुए कहा कि स्कूलों में इसका कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाए। 9वीं से 12वीं तक के स्कूल पूर्व की तरह खुलेंगे।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

प्रदेश में बीते 24 घंटों के दौरान 12 शहरों में सर्दी का असर ज्यादा रहा। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि पश्चिमी विक्षोभ के असर थोड़ी राहत लेकर आ रहा है। शुक्रवार से दो दिन न्यूनतम और अधिकतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है। रात की ठंड के मामले में पांच प्रमुख शहर सबसे अधिक प्रभावित रहे, जिनमें चुर्क के साथ गोरखपुर और वाराणसी एयरपोर्ट (दोनों 4.8 डिग्री), सुलतानपुर (5.0 डिग्री) और फुरसतगंज (5.2 डिग्री) शामिल हैं। बरेली (आईएएफ), प्रयागराज, गोरखपुर, वाराणसी और कानपुर में दृश्यता शून्य पहुंच गई। अयोध्या, फुरसतगंज, लखनऊ, बांदा में दृश्यता 50 से 100 मीटर के बीच दर्ज की गई।

ये भी पढ़ें:यूपी में स्कूल की छुट्टी बढ़ी, ठंड के चलते अब इन जिलों के डीएम ने जारी किया आदेश

उत्तर पश्चिमी बर्फीली हवाओं की चपेट में आया यूपी सर्दी से निढाल हो गया है। गुरुवार को धूप भी राहत नहीं दे सकी। दिन-रात के तापमान में कमी के साथ बर्फीली हवा ने लोगों को बेसुध सा कर दिया। अभी ठिठके पश्चिमी विक्षोभ पूरी जनवरी सितम ढाते रहेंगे। मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल सर्दी से कोई राहत की संभावना नहीं है। बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र पश्चिमी भारत की ओर बढ़ रहा है। ऐसे में उत्तर पश्चिमी हवाओं के बीच उत्तर पूर्वी हवाएं भी दखल देने लगी हैं। यह बात दीगर है कि उत्तर पूर्वी हवाएं बेहद कम समय चल रही हैं लेकिन इस कारण बीच-बीच हल्के बादल आ जा रहे हैं जो रात के तापमान को अचानक बढ़ा देते हैं। दिन के तापमान में लगातार कमी बनी हुई है।

5 जनवरी से लगातार गिर रहा तापमान

कानपुर में दिन का तापमान पांच जनवरी से लगातार धीरे-धीरे गिर रहा है। गुरुवार को धूप खिलने के बावजूद तापमान में कमी आई। अधिकतम पारा 16.3 से घटकर 15.4 डिग्री सेल्सियस आ गया। तापमान में कमी की बड़ी वजह बर्फीली हवाएं रहीं। हवा की रफ्तार ने धूप को भी ठंडा कर दिया। मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, अगले 24 से 48 घंटों के अंदर कोहरे के ट्रेंड में बदलाव आ सकता है। अब पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कोहरा अधिक रहेगा। पूर्वी उत्तर प्रदेश में थोड़ी कमी आएगी। यह बदलाव 09 से 11 जनवरी तक दिख सकता है। हालांकि, मौसम विशेषज्ञों का अन्य मॉडलों के आधार पर कहना है कि कोहरा अभी बना रहेगा। ठिठके विक्षोभ जनवरी भर सर्दी का सितम ढहाते रहेंगे।

शीतलहर से फिलहाल कोई राहत नहीं

दिसंबर के मुकाबले जनवरी में पश्चिमी विक्षोभों की संख्या कम रही है। अभी कई अन्य पश्चिमी विक्षोभ आने हैं। यह जनवरी में देर से संभावित हैं। अभी पाकिस्तान, अफगानिस्तान और ईरान की छोर से कई विक्षोभ संभावित हैं जो फिर सर्दी को बढ़ा देंगे। जनवरी में पश्चिमी छोर से अब तक केवल दो विक्षोभ आए हैं। माना जा रहा है कि 11 जनवरी के बाद सर्दी का एक और दौर शुरू हो जाएगा। इस सीजन पीक पर भले न पहुंचे लेकिन पूरी जनवरी अच्छी सर्दी बनी रहेगी। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय (सीएसए) के मौसम कृषि अधिकारी अजय मिश्रा का कहना है कि शीतलहर से फिलहाल कोई राहत नहीं मिलेगी।

Pawan Kumar Sharma

लेखक के बारे में

Pawan Kumar Sharma

पवन कुमार शर्मा पिछले चार वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हैं। डिजिटल मीडिया में काम करते हुए वह उत्तर प्रदेश की राजनीति, क्राइम, सरकारी योजनाओं और टूरिज्म से जुड़े मुद्दों पर नियमित रूप से लिखते हैं। इससे पहले पवन एबीपी न्यूज के साथ बतौर फ्रीलांसर काम कर चुके हैं। पवन ने नई दिल्ली स्थित भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से रेडियो एवं टेलीविजन पत्रकारिता की पढ़ाई की है। इससे पहले क्राइस्ट चर्च कॉलेज, कानपुर से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया। ग्राउंड रिपोर्टिंग और अकादमिक समझ के साथ पवन तथ्यात्मक, संतुलित और पाठक-केंद्रित समाचार लेखन करते हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करे| पाएं Lucknow news , Prayagraj News , Varanasi News , Gorakhpur News , Kanpur News , Aligarh News से जुड़ी ताजा खबरें हिंदी में |