Hindi NewsUP NewsCM Yogi will shower gifts on Gorakhpur today GIDA is celebrating its 36th foundation day
सीएम योगी गोरखपुर पर करेंगे सौगातों की बारिश, आज गीडा मना रहा अपना 36 वां स्थापना दिवस

सीएम योगी गोरखपुर पर करेंगे सौगातों की बारिश, आज गीडा मना रहा अपना 36 वां स्थापना दिवस

संक्षेप:

गीडा के 36वें स्थापना दिवस पर सीएम योगी आदित्यनाथ इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट से जुड़ी कुल 408 करोड़ रुपये की 114 परियोजनाओं की सौगात देंगे। इनमें विभिन्न सेक्टरों में विद्युत सब स्टेशन निर्माण, फीडर व लाइन सुदृढ़ीकरण, सड़क, पार्किंग, जलापूर्ति व जलनिकासी के कार्य शामिल हैं।

Nov 29, 2025 08:24 am ISTAjay Singh वरिष्ठ संवाददाता, गोरखपुर
share Share
Follow Us on

CM Yogi Adityanath in Gorakhpur: गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) का 36वां स्थापना दिवस समारोह शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में मनाया जाएगा। इस अवसर पर वर्तमान वित्तीय वर्ष में गीडा की तरफ से 6139 करोड़ रुपये के प्रस्तावित निवेश के सापेक्ष विभिन्न निवेशकों को हुए 115 भूखंडों के आवंटन में से पांच बड़े निवेशकों को मुख्यमंत्री के हाथों आवंटन प्रमाण पत्र मिलेगा। इसके साथ ही सीएम योगी गोरखपुर पर सौगातों की बारिश भी करेंगे। वह गीडा के विभिन्न सेक्टरों में इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट के 408 करोड़ रुपये के कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे। सीएम पांच उद्यमियों को एमएसएमई नीति में पांच करोड़ से अधिक की सब्सिडी का चेक देंगे।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

गीडा की सीईओ अनुज मलिक के मुताबिक चालू वित्तीय वर्ष में गीडा ने अभी तक 8 लाख 71 हजार 841 वर्गमीटर क्षेत्रफल में 115 औद्योगिक भूखंडों का आवंटन किया है। इसके जरिये 6139 करोड़ रुपये का निवेश और 11072 रोजगार सृजन प्रस्तावित है। स्थापना दिवस समारोह में आवंटित किए गए भूखंडों में से पांच बड़े निवेशकों को आवंटन पत्र का वितरण मुख्यमंत्री योगी द्वारा किया जाएगा।

114 कार्यों का होगा शिलान्यास और लोकार्पण

गीडा के 36वें स्थापना दिवस पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट से जुड़ी कुल 408 करोड़ रुपये की 114 परियोजनाओं की सौगात देंगे। इनमें विभिन्न सेक्टरों में विद्युत सब स्टेशन निर्माण, फीडर व लाइन सुदृढ़ीकरण, सड़क, पार्किंग, जलापूर्ति व जलनिकासी के कार्य शामिल हैं।

तकनीकी उन्नयन योजना के तहत सीएम योगी पांच उद्यमियों को 5-5 लाख रुपये का चेक देंगे। इनमें अनिल कुमार, संगीता पांडेय, अनुराधा शुक्ला, संजय कुमार चौधरी, क्षितिज सिंघल शामिल हैं। वहीं सीएम युवा उद्यमी योजना में सागर शर्मा, कंचन लता, महेश शर्मा, प्रवीन सिंह और मनीष सिंह को भी चेक मिलेगा।

बड़ी कम्पनियों संग दिखेगा स्थानीय उत्पादों का जलवा

गीडा की तरफ से तीन दिवसीय ट्रेड शो का भी आयोजन किया जा रहा है। इसमें बड़ी कम्पनियों के उत्पादों के साथ स्थानीय उत्पादों, खासकर ओडीओपी का जलवा देखने को मिलेगा। स्थानीय उत्पादों को बेहतर मंच देने के लिए मुख्यमंत्री पहले ही निर्देश दे चुके हैं। उनकी मंशा के अनुरूप ट्रेड शो में प्रदेश के विभिन्न जिलों के खास और ओडीओपी उत्पादों को एकीकृत मंच उपलब्ध होगा। इस ट्रेड शो में सरकार के विभागों की तरफ से उपलब्धियों और योजनाओं पर आधारित प्रदर्शनी भी लगाई जा रही है।

एसएसपी ने कार्यक्रम की तैयारियों का लिया जायजा

गीडा दिवस पर मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर एसएसपी राज करन नैय्यर शुक्रवार को कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे। उन्होंने वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था और मुख्यमंत्री के लिए बने शेफ हाउस और कॉटेज को देखा। एसएसपी ने गीडा के अधिकारियों के साथ कार्यक्रम स्थल के मैप को देखते हुए तैयारियों को देखा। एसएसपी द्वारा मुख्यमंत्री के मुख्य मंच तक आने और जाने वाले रास्ते को, पार्किंग स्थल, स्टॉल, लाइटिंग, साउंड सहित आम जनता के बैठने वाले स्थानों को देखा गया।

उद्यमियों को मिलेगी नौ करोड़ की सब्सिडी

सीएम एमएसएमई नीति के तहत पांच उद्यमियों को 5 करोड़ रुपये से अधिक का चेक देंगे। उद्यमी संदीप अग्रवाल को 1.69 करोड़ रुपये का चेक मिलेगा। इसी क्रम में ऋचा बथवाल, रामरेखा गुप्ता, मानवेन्द्र प्रताप सिंह और अमित अग्रवाल को भी सब्सिडी का चेक मिलेगा। हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग विभाग की नीतियों के तहत अंबे प्रोसेसर के संतोष पारिख को 1.92 करोड़ का चेक मिलेगा। रईसुल हसन, अवनीश कुमार, मदन और रीना देवी को भी सब्सिडी का चेक मिलेगा। पांच अन्य लोगों को भी चेक दिया जाएगा।

कौशल विकास का केंद्र बन रहा नाइलिट का कैंपस

गीडा ने नाइलिट (नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ इलेक्ट्रॉनिक्स एंड इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी) से एमओयू कर स्थानीय युवाओं के कौशल विकास के लिए 9280 वर्ग मीटर का कैम्पस, निर्मित भवन के साथ निशुल्क उपलब्ध कराया है। नाइलिट का गीडा कैम्पस कौशल विकास का केंद्र बनकर उभरा है। यहां अभी तक 13 पाठ्यक्रमों में 817 युवाओं को प्रशिक्षण प्रदान किया गया है। गीडा के 36वें स्थापना दिवस समारोह में सीएम योगी आदित्यनाथ नाइलिट से प्रशिक्षित पांच युवाओं को सर्टिफिकेट वितरित करेंगे।

ये भी पढ़ें:यूपी में फिर बिजली के रेट बढ़ाने की कोशिश में पावर कॉरपोरेशन, दाखिल किया एआरआर
ये भी पढ़ें:UP: रिटायर अफसरों को तहसीलदार- नायब तहसीलदार बनने का मौका; जानें LDA की तैयारी
Ajay Singh

लेखक के बारे में

Ajay Singh
अजय कुमार सिंह दो दशक से अधिक अनुभव वाले वरिष्ठ पत्रकार हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से की और टीवी होते हुए अब डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय हैं। राजनीति, स्वास्थ्य, शिक्षा और पर्यावरण से जुड़ीं खबरों को गहराई से कवर किया है। फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में असिस्टेंट एडिटर हैं और उत्तर प्रदेश की राजनीति और क्राइम खबरों पर विशेष फोकस रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करे| पाएं Lucknow news , Prayagraj News , Varanasi News , Gorakhpur News , Kanpur News , Aligarh News से जुड़ी ताजा खबरें हिंदी में |