CM योगी आज इस शहर को देंगे सौगात, विरासत व विकास कार्यों का करेंगे लोकार्पण और शिलान्यास

Pawan Kumar Sharma मुख्य संवाददाता, गोरखपुर
share

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज गोरखपुर में आजादी से जुड़ी स्मृतियों की विरासत और एक परियोजना का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इससे पहले शनिवार को भी महापौर डॉ. मंगलेश कुमार श्रीवास्तव एवं नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल ने तैयारियों का जायजा लिया।

CM योगी आज इस शहर को देंगे सौगात, विरासत व विकास कार्यों का करेंगे लोकार्पण और शिलान्यास

UP News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज दोपहर गोरखपुर महानगर में आजादी से जुड़ी स्मृतियों की विरासत के सम्मान के साथ रोजगार एवं विकास को सहेजने वाली एक परियोजना का लोकार्पण और एक का शिलान्यास करेंगे। ऐतिहासिक स्मृतियों को सहेजे घंटाघर स्मारक के सौंदर्यीकरण एवं अमर बलिदानी बंधु सिंह के नाम पर बने मल्टीलेवल पार्किंग एवं कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स का लोकार्पण एवं पांडेयहाता विरासत गलियारा में कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स का शिलान्यास करेंगे। शनिवार को भी महापौर डॉ. मंगलेश कुमार श्रीवास्तव एवं नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल ने तैयारियों का जायजा लिया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के लोकार्पण एवं शिलान्यास समारोह के पूर्व समस्त सर्राफा व्यापारियों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति अपना आभार व्यक्त किया है। इस दौरान सर्राफा मण्डल गोरखपुर अध्यक्ष गणेश वर्मा ने कहा कि मल्टीलेवल पार्किंग निर्माण से विस्थापित सर्राफा व्यापारियों को पुनर्स्थापन के लिए बनाए गए शॉर्पिंग कॉम्प्लेक्स में दुकानों का आवंटन करना सराहनीय कदम है। इससे व्यापार बढ़ेगा।

Voice of UP

कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स में बनेंगी 65 दुकानें

सीएम योगी आदित्यनाथ विरासत गलियारा पांडेयहाता में 34.43 करोड़ रुपये की लागत वाले नए कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स एवं बेसमेंट की आधारशिला भी रखेंगे। इस कॉम्प्लेक्स में 65 दुकानें बनेंगी जबकि बेसमेंट में 28 कारों की पार्किंग हो सकेंगी। द्वितीय भाग में बेसमेंट का निर्माण होगा जहां 54 कारों और 68 दोपहिया वाहनों की पार्किंग हो सकेगी। नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल के मुताबिक कॉम्प्लेक्स के निर्माण के बाद विरासत गलियारा के प्रभावित दुकानदारों को यहां व्यवस्थित किया जाएगा।

मल्टीलेवल पार्किंग का भी होगा लोकार्पण

विरासत गलियारा की महत्वाकांक्षी परियोजना से प्रभावित व्यापारियों के जीवन और कारोबार की सुगमता के लिए दो विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। घंटाघर में अमर बलिदानी बंधु सिंह पार्क में 27.26 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित मल्टीलेवल पार्किंग एवं कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स का लोकार्पण करेंगे। स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों से जुड़े प्रसंग को उकेरते इस कॉम्प्लेक्स में 50 कार और 200 दोपहिया वाहन पार्क हो सकेंगे। वहीं, निर्मित 43 दुकानों को प्रभावित व्यापारियों को प्राथमिकता के आधार पर आवंटित किया जाएगा। बंधु सिंह पार्क में पहले से अवस्थित रहे प्राचीन शीतला माता मंदिर को कॉम्प्लेक्स के भूतल पर व्यवस्थित किया गया है। इसमें मुख्यमंत्री पूजन भी करेंगे।

शपथ ग्रहण 6 को, सीएम योगी रहेंगे मुख्य अतिथि

गोरखपुर जर्नलिस्ट्स प्रेस क्लब की नव निर्वाचित कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह सोमवार सुबह 10 बजे गोरखपुर क्लब में आयोजित होगा। सीएम योगी आदित्यनाथ मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव नव निर्वाचित पदाधिकारियों को शपथ दिलाएंगे।

Pawan Kumar Sharma

लेखक के बारे में

Pawan Kumar Sharma

पवन कुमार शर्मा पिछले चार वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हैं। डिजिटल मीडिया में काम करते हुए वह उत्तर प्रदेश की राजनीति, क्राइम, सरकारी योजनाओं और टूरिज्म से जुड़े मुद्दों पर नियमित रूप से लिखते हैं। इससे पहले पवन एबीपी न्यूज के साथ बतौर फ्रीलांसर काम कर चुके हैं। पवन ने नई दिल्ली स्थित भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से रेडियो एवं टेलीविजन पत्रकारिता की पढ़ाई की है। इससे पहले क्राइस्ट चर्च कॉलेज, कानपुर से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया। ग्राउंड रिपोर्टिंग और अकादमिक समझ के साथ पवन तथ्यात्मक, संतुलित और पाठक-केंद्रित समाचार लेखन करते हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।