पाकिस्तान से विस्थापित 1645 हिंदू परिवारों को बड़ी सौगात, सीएम योगी देंगे जमीन का मालिकाना हक
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को बिजनौर में पाकिस्तान से विस्थापित 1645 परिवारों और 50 पूर्व सैनिकों को भूमिधरी अधिकार पत्र वितरित करेंगे। कार्यक्रम में पीएम आवास योजना, युवा उद्यमी विकास अभियान के लाभार्थियों को भी लाभ दिया जाएगा तथा कई परियोजनाओं का उद्घाटन होगा।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार शोषित, वंचित और विस्थापित परिवारों को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए लगातार कदम उठा रही है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री सोमवार को बिजनौर जिले के धामपुर तहसील क्षेत्र स्थित आलमपुर गांवड़ी में आयोजित कार्यक्रम में पाकिस्तान से विस्थापित 1645 परिवारों और 50 पूर्व सैनिकों व लीजधारकों को भूमिधरी अधिकार पत्र वितरित करेंगे। सरकार का मानना है कि भूमिधरी अधिकार मिलने से इन परिवारों को न केवल जमीन पर कानूनी स्वामित्व मिलेगा, बल्कि उन्हें सुरक्षा, सम्मान और विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ भी आसानी से प्राप्त हो सकेगा। लंबे समय से अपने अधिकारों की प्रतीक्षा कर रहे इन परिवारों के लिए यह कार्यक्रम महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री इस अवसर पर कई विकास योजनाओं के लाभार्थियों को भी लाभान्वित करेंगे। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को आवंटन पत्र वितरित किए जाएंगे। साथ ही मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत चयनित युवाओं को चेक और स्वीकृति पत्र प्रदान किए जाएंगे, जिससे उन्हें स्वरोजगार स्थापित करने में मदद मिल सके। इसके अलावा मुख्यमंत्री कॉमन सर्विस सेंटर और स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा संचालित 'विदुर प्रेरणा कैफे' का उद्घाटन भी करेंगे। सरकार का उद्देश्य महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराना है।
प्रदेश सरकार इससे पहले भी विस्थापित और भूमिहीन परिवारों को भूमि अधिकार प्रदान करने की दिशा में कई बड़े कदम उठा चुकी है। अप्रैल माह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखीमपुर खीरी में आयोजित कार्यक्रम में बांग्लादेश से विस्थापित 331 परिवारों को भूमिधरी अधिकार पत्र वितरित किए थे। इसी कार्यक्रम में नदियों के कटान से प्रभावित पूर्वी उत्तर प्रदेश के 2350 परिवारों तथा थारू जनजाति के 4356 परिवारों को भी भूमि अधिकार पट्टे प्रदान किए गए थे।
मार्च महीने में बहराइच जिले के ग्राम पंचायत सेमरहना में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने भरथापुर गांव के 118 परिवारों को पुनर्वास सहायता राशि वितरित की थी। इसके साथ ही 136 परिवारों को मुख्यमंत्री आवास, शौचालय और भूमि के पट्टों का वितरण भी किया गया था। सरकार का कहना है कि भूमिहीन, विस्थापित और वंचित वर्गों को भूमि अधिकार देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने तथा समाज की मुख्यधारा से जोड़ने का अभियान आगे भी जारी रहेगा।


