आज फिर अयोध्या आ रहे सीएम योगी, 432 करोड़ की 217 परियोजनाओं की देंगे सौगात

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एक बार फिर शुक्रवार को अयोध्या आ रहे हैं। इस बार वह 432 करोड़ की 217 परियोजनाओं की सौगात देंगे। राम मंदिर में दान चोरी के मामला सामने आने के बाद एक महीने से कम समय में सीएम योगी का यह दूसरा अयोध्या दौरा है।

योगी आ रहे अयोध्या

अयोध्या राम मंदिर में दान चोरी की घटना के बीच एक महीने से कम समय में दूसरी बार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज अयोध्या आ रहे हैं। वह जिला मुख्यालय से लगभग 20 किलोमीटर दूर विकासखंड सोहावल में बीकापुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक अमित सिंह चौहान के पिता स्वर्गीय मुन्ना सिंह चौहान की मूर्ति का अनावरण करेंगे। क्षेत्र में विकास को नई गति देने वाली 432 करोड़ 70 लाख 9 हजार रुपये की 217 परियोजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण वह करेंगे। सीएम योगी इससे पहले 19 जून को अयोध्य़ा आए थे।

इसके साथ में वह जनसभा को संबोधित करेंगे। दोपहर 12 बजे वे बस्ती के लिए रवाना होंगे। परियोजनाओं में 269 करोड़ 39 लाख 22 हजार रुपये की 131 परियोजनाओं का शिलान्यास होगा, जबकि 163 करोड़ 30 लाख 87 हजार रुपये की 86 परियोजनाओं का लोकार्पण किया जाएगा। शिलान्यास की जाने वाली प्रमुख परियोजनाओ में वृहद गो संरक्षण केंद्र (मऊ, तहसील बीकापुर) का निर्माण कार्य, नगर पंचायत बीकापुर की पेयजल एवं गृह संयोजन योजना, नगर पंचायत सुचितागंज (खिरौनी) पेयजल एवं गृह संयोजन योजना शामिल हैं।

अखिलेश के साथ चल रहा वार-पलटवार

राम मंदिर चोरी का मामला सामने आने के बाद से ही सीएम योगी और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के बीच वार-पलटवार चल रहा है। दान चोरी को लेकर पहली बार सीएम योगी ने अयोध्या में ही अपना बयान दिया था और अखिलेश को निशाने पर लिया था। इसके बाद से लगातार अखिलेश पर हमला कर रहे हैं। अखिलेश भी एक्स पर पोस्ट और प्रेस कांफ्रेंस के जरिए सीएम योगी पर हमलावर हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि आज भी जनसभा में सीएम योगी के निशाने पर सपा और अखिलेश रह सकते हैं।

इन योजनाओं का भी शिलान्यास होगा

इसके अलावा एकीकृत विकास योजना के तहत विकास खंड सोहावल के ग्राम सुरवारी में सामुदायिक केंद्र भवन का निर्माण, कम्पोजिट विद्यालय अर्थर (सोहावल) का उच्चीकरण एवं आधुनिकीकरण, विकास खंड तारून के ग्राम रामपुर प्रताप में सामुदायिक केंद्र भवन का निर्माण भी शामिल है। राजकीय महिला पॉलिटेक्निक अयोध्या और राजकीय पॉलिटेक्निक अयोध्या में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापना से संबंधित आवश्यक निर्माण कार्य भी शिलान्यास की सूची में हैं।

यह परियोजनाएं होंगी लोकार्पित

लोकार्पण की 86 परियोजनाओं में सड़क निर्माण, पुल-पुलिया, जल निकासी, बिजली व्यवस्था, स्वास्थ्य केंद्रों का उन्नयन और ग्रामीण विकास से जुड़े अनेक कार्य शामिल हैं। जनपदीय ड्राइवर हाउस का निर्माण कार्य, राजकीय महाविद्यालय का निर्माण कार्य, राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय बरवा, मसौधा में ट्रांजिट हॉस्टल का निर्माण कार्य, अयोध्या-सुल्तानपुर मार्ग पर गेट कॉम्प्लेक्स (टीएफसीसी) के निर्माण कार्य, नगर पंचायत खिरौनी सुचितागंज सोहावल का पर्यटन विकास कार्य, विकास खण्ड मसौधा के ग्राम अवनपुर सरोहा में ग्रामीण पर्यटन थीमेटिक गेट एवं पर्यटन सुविधा केन्द्र का निर्माण कार्य, राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान सोहावल में आधुनिक कार्यशाला, प्रशिक्षण केन्द्र, इत्यादि का निर्माण कार्य आदि कार्यों का लोकार्पण किया जाएगा।

Yogesh Yadav

लेखक के बारे में

Yogesh Yadav

योगेश यादव लाइव हिन्दुस्तान में पिछले छह वर्षों से यूपी सेक्शन को देख रहे हैं। यूपी की राजनीति, क्राइम और करेंट अफेयर से जुड़ी खबरों को कवर करने की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। यूपी की राजनीतिक खबरों के साथ क्राइम की खबरों पर खास पकड़ रखते हैं। यूपी में हो रहे विकास कार्यों, शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में आ रहे बदलाव के साथ यहां की मूलभूत समस्याओं पर गहरी नजर रखते हैं।

पत्रकारिता में दो दशक का लंबा अनुभव रखने वाले योगेश ने डिजिटल से पहले प्रिंट में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। लम्बे समय तक हिन्दुस्तान वाराणसी में सिटी और पूर्वांचल के नौ जिलों की अपकंट्री टीम को लीड किया है। वाराणसी से पहले चड़ीगढ़ और प्रयागराज हिन्दुस्तान को लांच कराने वाली टीम में शामिल रहे। प्रयागराज की सिटी टीम का नेतृत्व भी किया।

बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) से बीकॉम में ग्रेजुएट और बनारस की ही काशी विद्यापीठ से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट योगेश ने कई स्पेशल प्रोजेक्ट पर काम भी किया है। राष्ट्रीय नेताओं के दौरों को कवर करते हुए उनके इंटरव्यू किये। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की मौत से जुड़े रहस्यों पर हिन्दुस्तान के लिए सीरीज भी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, UP News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News, और lucknow Weather अपडेट हिंदी में पढ़ें। साथ ही UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Election 2027 Candidates से जुड़ी ताज़ा खबरों के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsUP Newsआज फिर अयोध्या आ रहे सीएम योगी, 432 करोड़ की 217 परियोजनाओं की देंगे सौगात