
सीएम योगी ने संगम में लगाई डुबकी, माघ मेले में नाव से साइबेरियन पक्षियों को खिलाया दाना
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को माघ मेले में पहुंचकर संगम में आस्था की डुबकी लगाई। इस दौरान गंगा पूजन के साथ लेटे हनुमान जी का दर्शन किया और नाव से ही साइबेरियन पक्षियों को दाना खिलाया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को संगम नगरी प्रयागराज पहुंचे। यहां उन्होंने माघ मेले के आध्यात्मिक वातावरण के बीच त्रिवेणी संगम में पवित्र स्नान किया। मुख्यमंत्री ने न केवल संगम में डुबकी लगाई, बल्कि मां गंगा का पूजन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की। उनकी इस यात्रा ने माघ मेले में आए श्रद्धालुओं और संतों के उत्साह को और बढ़ा दिया है। सीएम योगी के साथ ही कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह भी लखनऊ से प्रयागराज पहुंचे और स्नान किया है।
गंगा पूजन के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने माघ मेला क्षेत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्टीमर के जरिए संगम की लहरों की सैर की। यात्रा के दौरान एक बेहद मनमोहक दृश्य तब देखने को मिला जब मुख्यमंत्री ने संगम तट पर हजारों किलोमीटर दूर से उड़कर आए साइबेरियन पक्षियों को अपने हाथों से दाना खिलाया। पानी में दाना डालते ही विदेशी मेहमान पक्षियों का झुंड उनके स्टीमर के चारों ओर मंडराने लगा। जिसे देखकर वहां मौजूद लोग मंत्रमुग्ध हो गए।
सुरक्षा और व्यवस्था का लिया जायजा
मुख्यमंत्री ने संगम तट पर तैनात जल पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों से माघ मेले की सुरक्षा व्यवस्थाओं पर चर्चा की। उन्होंने निर्देश दिए कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं, विशेषकर कल्पवासियों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने घाटों की स्वच्छता और गंगा जल की निर्मलता पर विशेष ध्यान देने की बात कही।
संतों से मुलाकात और धार्मिक कार्यक्रमों में सहभागिता
प्रयागराज दौरे के दौरान मुख्यमंत्री का कार्यक्रम काफी व्यस्त है। संगम से वह सतुआ बाबा के आश्रम पहुंचे। यहां जगदगुरु रामानंदाचार्य की जयंती समारोह में शिरकत की। सीएम योगी का यहां पर 51 बटुकों ने पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। इसके बाद मुख्यमंत्री निर्माणाधीन डॉ. राजेंद्र प्रसाद राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय के परिसर का भी निरीक्षण करने जाएंगे। वहां विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करेंगे।

लेखक के बारे में
Yogesh Yadavयोगेश यादव हिन्दुस्तान में डिप्टी न्यूज एडिटर के पद पर हैं।
और पढ़ें



