महाकुंभ में कोई गड़बड़ी ना हो, पीलीभीत में आतंकियों के एनकाउंटर के बाद अफसरों से बोले सीएम योगी

Yogesh Yadav लाइव हिन्दुस्तान, महाकुंभ नगर (प्रयागराज), एचटी संवाददाता
Follow us on Google News
share

योगी ने महाकुंभ की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के दौरान अधिकारियों से कहा कि व्यवस्था ऐसी चाक-चौबंद होनी चाहिए कि किसी सूरत में कोई गड़बड़ी पैदा ना कर सके। पीलीभीत में तीन खालिस्तानी आतंकियों की पुलिस एनकाउंटर में मौत के बाद सीएम योगी ने अफसरों और खुफिया विभाग को पूरी चौकसी बरतने को भी कहा है।

महाकुंभ में कोई गड़बड़ी ना हो, पीलीभीत में आतंकियों के एनकाउंटर के बाद अफसरों से बोले सीएम योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रयागराज महाकुंभ की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के दौरान अधिकारियों से कहा कि व्यवस्था ऐसी चाक-चौबंद होनी चाहिए कि किसी सूरत में कोई गड़बड़ी पैदा ना कर सके। पीलीभीत में तीन खालिस्तानी आतंकियों की पुलिस एनकाउंटर में मौत के बाद सीएम योगी ने अफसरों और खुफिया विभाग को पूरी चौकसी बरतने को भी कहा है। उन्होंने अफसरों को पूरे मेला क्षेत्र में एंटी-ड्रोन तकनीक की तैनाती करने के साथ-साथ अचूक सुरक्षा व्यवस्था करने का निर्देश दिया है। गौरतलब है कि सोमवार सुबह पीलीभीत में यूपी स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) और पंजाब पुलिस की संयुक्त कार्रवाई के दौरान एक एनकाउंटर में तीन खालिस्तान समर्थक आतंकवादी मार गिराए गए।

महाकुम्भ की तैयारी की समीक्षा के लिए अफसरों के साथ आईट्रिपलसी सभागार में हुई बैठक में सीएम योगी आदित्यनाथ महाकुम्भ मेला की सुरक्षा को लेकर बेहद गंभीर दिखे। लगभग सवा घंटे तक चली बैठक में उन्होंने सबसे अधिक जोर मेले की सुरक्षा और स्वच्छता पर दिया। यूपी पुलिस को इंटेलिजेंस को और बेहतर करने तथा भारत सरकार की सुरक्षा एजेंसियों के साथ लगातार संवाद-समन्वय बनाये रखने के निर्देश देते हुये मुख्यमंत्री ने कहा कि हाल के समय में प्रयागराज के आस-पास माफियाओं पर बड़ी कार्रवाई हुई है, महाकुम्भ से पहले उनके गुर्गों पर आवश्यकतानुसार कार्रवाई तेज की जाए।

Voice of UP

मुख्यमंत्री ने महाकुंभ से पहले प्रयागराज में चल रहे सभी टैक्सी, ऑटो, ई-रिक्शा चालकों का पुलिस सत्यापन कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने 'सुरक्षित महाकुम्भ' की परिकल्पना की है। इसके दृष्टिगत सभी आवश्यक प्रबंध किए जाएं। सुरक्षा बलों की तैनाती के बारे में जानकारी लेते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अब तक जिन 20 हजार पुलिसकार्मिकों की तैनाती हुई है, उन सभी का प्रशिक्षण जरूर करा लिया जाए। मुख्यमंत्री ने महाकुम्भ में फायर सेफ्टी, घाट सुरक्षा, चिकित्सा सहायता आदि के संबंध में की जा रही व्यवस्थाओं को पुख्ता बनाने के भी निर्देश दिए।

सीएम ने कहा कि महाकुम्भ बहुत बड़ा आयोजन है। इसलिए अफसरों को हर कदम पर चौकन्ना रहने की आवश्यकता है। अफसरों से कहा कि जल पुलिस को सजग करें, अग्नि शमन का पर्याप्त प्रबंध किया जाए, वहीं जैविक और परमाणु हमले से बचाव का भी प्रबंध करें। जिस पर अफसरों ने बताया कि इसके लिए सेना के साथ लगातार प्रशिक्षण चल रहा है।

जाम के समाधान को करें पुख्ता इंतजाम

सीएम ने प्रयागराज नगर में जाम की समस्या के समाधान के लिए पुख्ता कार्ययोजना तैयार करने पर जोर देते हुए कहा कि फुट पेट्रोलिंग बढ़ाए जाने की आवश्यकता है। उन्होंने निर्देश दिए कि यह सुनिश्चित किया जाए कि मेला क्षेत्र में निराश्रित पशुओं का आवागमन न हो।

31 तक पूरा करें काम

मुख्यमंत्री ने सभी बचे हुए काम को हर हाल में 31 दिसंबर तक पूरा करने के लिए कहा। महाकुम्भ मेला की सफाई में लगे कर्मियों के लिए विशेष प्रबंध करने के निर्देश भी दिए। इससे पूर्व अरैल स्थित डीपीएस हेलीपैड पर उतरने के बाद सीएम सबसे पहले टेंट सिटी पहुंचे, जहां उत्तर प्रदेश पर्यटन निगम की प्रबंध निदेशक सान्या छाबड़ा ने उन्हें टेंट सिटी की व्यवस्था के बारे में विस्तार से जानकारी दी। वहां से सीएम दश्वाश्मेध घाट पहुंचे, जहां मां गंगा का पूजन कर आरती की फिर दशाश्वमेध मंदिर में पंचामृत अभिषेक कर भगवान से महाकुम्भ की सफलता के लिए प्रार्थना की।

अफसरों के साथ समीक्षा करने के बाद सीएम स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय पहुंचे। यहां नई ओपीडी, प्रतीक्षालय और बर्न यूनिट का निरीक्षण किया। इसके बाद प्रयागराज जंक्शन पर मिनी हॉस्पिटल, यात्री आश्रय स्थल और कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया। प्रयागराज जंक्शन पर तैयारी के बारे में एनसीआर के महाप्रबंधक उपेंद्र चंद्र जोशी ने विस्तार से जानकारी दी।

यहां से सीएम सूबेदारगंज के नवनिर्मित डेढ़ किमी लंबे आरओबी का निरीक्षण करने गए। इस सेतु से उनका फ्लीट गुजरने के साथ ही इसकी एक लेन पर आवागमन शुरू हो गया। इसी रास्ते से मुख्यमंत्री बमरौली एयरपोर्ट की ओर गए।

कृपया अपने अनुभव को रेट करें

Yogesh Yadav

लेखक के बारे में

Yogesh Yadav

योगेश यादव लाइव हिन्दुस्तान में पिछले छह वर्षों से यूपी सेक्शन को देख रहे हैं। यूपी की राजनीति, क्राइम और करेंट अफेयर से जुड़ी खबरों को कवर करने की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। यूपी की राजनीतिक खबरों के साथ क्राइम की खबरों पर खास पकड़ रखते हैं। यूपी में हो रहे विकास कार्यों, शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में आ रहे बदलाव के साथ यहां की मूलभूत समस्याओं पर गहरी नजर रखते हैं।

पत्रकारिता में दो दशक का लंबा अनुभव रखने वाले योगेश ने डिजिटल से पहले प्रिंट में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। लम्बे समय तक हिन्दुस्तान वाराणसी में सिटी और पूर्वांचल के नौ जिलों की अपकंट्री टीम को लीड किया है। वाराणसी से पहले चड़ीगढ़ और प्रयागराज हिन्दुस्तान को लांच कराने वाली टीम में शामिल रहे। प्रयागराज की सिटी टीम का नेतृत्व भी किया।

बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) से बीकॉम में ग्रेजुएट और बनारस की ही काशी विद्यापीठ से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट योगेश ने कई स्पेशल प्रोजेक्ट पर काम भी किया है। राष्ट्रीय नेताओं के दौरों को कवर करते हुए उनके इंटरव्यू किये। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की मौत से जुड़े रहस्यों पर हिन्दुस्तान के लिए सीरीज भी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।