हवा में चलने वाली ट्रेन से सफर करेंगे सीएम योगी, जापान की भविष्य की रेल तकनीक से होंगे रूबरू

लाइव हिन्दुस्तान, लखनऊ
Follow us on Google News
share

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की यह यात्रा केवल तकनीकी जिज्ञासा तक सीमित नहीं है, बल्कि इसे उत्तर प्रदेश में आधुनिक परिवहन ढांचे के विस्तार की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। 

हवा में चलने वाली ट्रेन से सफर करेंगे सीएम योगी, जापान की भविष्य की रेल तकनीक से होंगे रूबरू

सीएम योगी अब हवा में चलने वाली मैग्लेव ट्रेन से सफर करेंगे। ये ट्रेन जापान की अत्याधुनिक मैग्लेव (मैग्नेटिक लेविटेशन) ट्रेन है, जो चुंबकीय शक्ति के सहारे पटरी से ऊपर हवा में बातें करती है। दरअसल सीएम योगी जापान दौरे पर जाएंगे। सीएम अपने जापान प्रवास के दौरान इस हाईस्पीड ट्रेन में 100 किलोमीटर की परीक्षण यात्रा करेंगे जिसमें 50 किलोमीटर जाना और 50 किलोमीटर की वापसी होगी।

मैग्लेव ट्रेन को आधुनिक परिवहन का भविष्य माना जा रहा है। चुंबकीय तकनीक के कारण ट्रेन और ट्रैक के बीच प्रत्यक्ष संपर्क समाप्त हो जाता है, जिससे घर्षण लगभग शून्य हो जाता है। यही कारण है कि यह ट्रेन 600 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक की गति हासिल करने में सक्षम है। जापान टोक्यो से नागोया के बीच मैग्लेव कॉरिडोर को वर्ष 2027 तक शुरू करने की दिशा में तेजी से कार्य कर रहा है, जिसके बाद दोनों शहरों के बीच यात्रा समय आधे से भी कम रह जाएगा।

बेहद महत्वपूर्ण है सीएम योगी का जापानी दौरा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की यह यात्रा केवल तकनीकी जिज्ञासा तक सीमित नहीं है, बल्कि इसे उत्तर प्रदेश में आधुनिक परिवहन ढांचे के विस्तार की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। यूपी में पहले ही एक्सप्रेसवे, मेट्रो और क्षेत्रीय रैपिड ट्रांजिट सिस्टम जैसे परियोजनाओं के जरिए गतिशील इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित किया जा रहा है। ऐसे में मैग्लेव जैसी भविष्य की तकनीक का प्रत्यक्ष अनुभव नीति निर्माण और दीर्घकालिक योजना के लिए उपयोगी माना जा रहा है। इस ट्रेन में सुपरकंडक्टिंग मैग्नेट और अत्याधुनिक गाइडवे सिस्टम का उपयोग किया गया है, जो इसे उच्च गति के साथ स्थिरता और सुरक्षा भी प्रदान करता है। फिलहाल ट्रायल चरण में संचालित यह ट्रेन जापान की तकनीकी क्षमता और नवाचार की मिसाल मानी जा रही है।

परिवहन नेटवर्क को नई दिशा मिलने की संभावना

मुख्यमंत्री की प्रस्तावित यात्रा को भारत-जापान सहयोग के व्यापक परिप्रेक्ष्य में भी देखा जा रहा है। हाईस्पीड रेल, स्मार्ट मोबिलिटी और सतत परिवहन के क्षेत्र में सहयोग से उत्तर प्रदेश समेत देश के परिवहन नेटवर्क को नई दिशा मिलने की संभावना जताई जा रही है। जापान की मैग्लेव ट्रेन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का यह सफर न केवल तकनीकी प्रगति का अनुभव होगा बल्कि तेज, सुरक्षित और पर्यावरण अनुकूल परिवहन व्यवस्था की भावी तस्वीर को भी करीब से देखने का अवसर प्रदान करेगा।

वित्त और औद्योगिक विकास मंत्री भी जाएंगे सिंगापुर-जापान

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ वित्त मंत्री सुरेश खन्ना व औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी भी सिंगापुर व जापान जाएंगे। प्रदेश के औद्योगिक विकास को और गति देने के लिए मुख्यमंत्री के नेतृत्व में दोनों मंत्री व वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी निवेशकों के साथ यूपी की बदली छवि व उद्यमियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं पर चर्चा करेंगे। मुख्यमंत्री 23 व 24 फरवरी को सिंगापुर तथा 24, 25 व 26 फरवरी को जापान में उद्योगपतियों के साथ बैठकें करेंगे।

इन यात्राओं में मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश कुमार अवस्थी, सचिव मुख्यमंत्री अमित सिंह व ओसडी मुख्यमंत्री आरबीएस रावत के अलावा औद्योगिक विकास आयुक्त दीपक कुमार, प्रमुख सचिव श्रम डा.एमके शन्मुगा सुन्दरम, प्रमुख सचिव पर्यटन अमृत अभिजात, इन्वेस्ट यूपी के सीईओ विजय किरन आनन्द, यीडा के सीईओ राकेश कुमार सिंह व यूपीनेडा के निदेशक इन्द्रजीत सिंह भी शामिल रहेंगे। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के नेतृत्च में एक प्रतिनिधि मंडल 23 से 27 फरवरी के मध्य जर्मनी, फ्रांस व यूके में निवेश आमंत्रित करेगा। उपमुख्यमंत्री के साथ आईटी व इलेक्ट्रानिक्स मंत्री सुनील कुमार शर्मा, अपर मुख्य सचिव अवस्थापना व औद्योगिक विकास आलोक कुमार, विशेष सचिव मुख्यमंत्री ईशान प्रताप सिंह, यूपीसीडा के एसीईओ चर्चित गौड़, इन्वेस्ट यूपी की एसीईओ प्रेरणा शर्मा व विशेष कार्यकारी अधिकारी मुख्यमंत्री संजीव कुमार सिंह का जाना प्रस्तावित है।

Dinesh Rathour

लेखक के बारे में

Dinesh Rathour

दिनेश राठौर वर्तमान में 'लाइव हिन्दुस्तान' में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं। डिजिटल और प्रिंट पत्रकारिता में 13 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले दिनेश ने अपने करियर की शुरुआत 2010 में हरदोई से की थी। कानपुर यूनिवर्सिटी से स्नातक दिनेश ने अपने सफर में हिन्दुस्तान (कानपुर, बरेली, मुरादाबाद), दैनिक जागरण और राजस्थान पत्रिका (डिजिटल) जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाई हैं। हरदोई की गलियों से शुरू हुआ पत्रकारिता का सफर आज डिजिटल मीडिया के शिखर तक पहुँच चुका है। दिनेश राठौर ने यूपी और राजस्थान के विभिन्न शहरों की नब्ज को प्रिंट और डिजिटल माध्यमों से पहचाना है।
लाइव हिन्दुस्तान की यूपी टीम में कार्यरत दिनेश दिनेश, खबरों के पीछे की राजनीति और सोशल मीडिया के ट्रेंड्स (वायरल वीडियो) को बारीकी से विश्लेषण करने के लिए जाने जाते हैं।

पत्रकारिता का सफर
हरदोई ब्यूरो से करिअर की शुरुआत करने के बाद दिनेश ने कानपुर हिंदुस्तान से जुड़े। यहां बतौर स्ट्रिंगर डेस्क पर करीब एक साल तक काम किया। इसके बाद वह कानपुर में ही दैनिक जागरण से जुड़े। 2012 में मुरादाबाद हिंदुस्तान जब लांच हुआ तो उसका हिस्सा भी बने। करीब दो साल यहां नौकरी करने के बाद दिनेश राजस्थान पत्रिका से जुड़ गए। सीकर जिले में दिनेश ने करीब तीन साल तक पत्रकारिता की। उन्होंने एक साल तक डिजिटल का काम भी किया। 2017 में दिनेश ने बरेली हिंदुस्तान में प्रिंट के डेस्क पर वापसी की। लगभग दो साल की सेवाओं के बाद डिजिटल हिंदुस्तान में काम करने का मौका मिला जिसका सफर जारी है।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।