MLC चुनाव की सीएम योगी ने संभाली कमान, अखिलेश ने बदले प्रत्याशी, क्यों इतना अहम?

लाइव हिन्दुस्तान
share

यूपी में 11 सीटों पर हो रहे एमएलसी चुनाव के लिए भाजपा और सपा दोनों तरफ से ताकत झोंक दी गई है। खुद सीएम योगी ने कमान संभाल ली है। लगातार जनसभाएं  कर रहे हैं। अखिलेश के लिए इतना अहम हो गया है कि अंतिम समय में दो प्रत्याशियों को बदल दिया है।

up MLC election
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (बाएं) और सपा प्रमुख अखिलेश यादव।

उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से ठीक पहले हो रहे विधान परिषद (एमएलसी) चुनाव भाजपा और सपा दोनों के लिए बेहद अहम हो गए हैं। शिक्षक और स्नातक कोटे की केवल 11 सीटों पर हो रहे चुनाव के लिए दोनों तरफ से ताकत झोंकी दी गई है। खुद सीएम योगी ने भाजपा के लिए चुनाव की कमान संभाल ली है। भाजपा के एमएलसी प्रत्याशियों को जिताने के लिए मुख्यमंत्री की लगातार जनसभाएं कर रहे हैं। चार दिन में आज चौथी जनसभा मिर्जापुर में होगी। सोमवार को गोरखपुर, मंगलवार को बरेली, बुधवार को वाराणसी में सीएम योगी ने एमएलसी प्रत्याशियों के लिए वोट मांगे।

वहीं, समाजवादी पार्टी ने विधानसभा चुनाव की तरह विधान परिषद में भी अंतिम समय में दो प्रत्याशियों को बदलकर बता दिया है कि यह चुनाव उनके लिए भी कितना महत्वपूर्ण है। समाजवादी पार्टी की तरफ से भी तमाम नेता और पदाधिकारी अपने प्रत्याशियों के पक्ष में जिले-जिले जुटे हुए हैं। अखिलेश यादव भी बैठकों के जरिए रणनीति बनाने में जुटे हैं। पहली बार सपा-भाजपा दोनों तरफ से इस चुनाव को लेकर इतनी गंभीरता दिखाई जा रही है। इस गंभीरता के पीछे तीन अहम कारण हैं।

क्यों भाजपा के लिए बेहद महत्वपूर्ण है चुनाव

2024 के लोकसभा चुनाव में मिली जीत के बाद से ही सपा उत्साहित है। उसे एक तरह से इस जीत ने भाजपा पर मनोवैज्ञानिक बढ़त दिला दी है। सपा की इसी बढ़त को खत्म करने के लिए विधानसभा चुनाव से पहले एमएलसी का चुनाव जीतना भाजपा के लिए अहम हो गया है। पिछली बार भाजपा ने 11 में से छह सीटें जीती थीं। इस बार उसकी कोशिश उससे ज्यादा सीटों पर कब्जे की है। दूसरी ओर सपा किसी भी तरह लोकसभा चुनाव में बने माहौल को विधानसभा चुनाव तक बनाए रखना चाहती है। ऐसे में उसे भी एमएलसी में जीत चाहिए।

तीन अहम वजहें, जो चुनाव को बना रही खास

एमएलसी चुनाव को विधानसभा चुनाव का लिटमस टेस्ट माना जा रहा है। इस चुनाव में सीटें भले ही केवल 11 हैं लेकिन तीन अहम वजहें इसे खास बना रही हैं।

पहली वजह ईवीएम की जगह बैलेट पेपर से चुनाव है। बैलेट से हो रहे चुनाव में अगर भाजपा जीतती है तो सपा और विपक्ष के ईवीएम वाले नैरेटिव को ध्वस्त करने में मदद मिलेगी। दूसरी तरफ, अगर सपा जीती तो ईवीएम पर लगाए जा रहे आरोपों को बल देगी और भाजपा के साथ चुनाव आयोग के खिलाफ खुले मोर्चे को विधानसभा चुनाव तक लेकर जाएगी।

दूसरी वजह इस चुनाव के वोटर हैं। इस चुनाव में वोट केवल शिक्षक और स्नातक यानी पढ़े-लिखे ऐसे लोग देंगे जिन्हें शायद बरगलाया नहीं जा सकता है। माना जाता है कि ऐसे लोग ही समाज को दिशा देने का भी काम करते हैं। इन लोगों का समर्थन किसी भी पार्टी के पक्ष में होना अपने आप में अहम हो जाता है। जो भी जीता वह कह सकता है कि देश का बुद्धिजीवी और पढ़ा-लिखा वर्ग उसके साथ है।

तीसरी वजह सबसे अहम है। 11 सीटों पर हो रहे चुनाव के वोटर केवल 11 जिलों के नहीं है। पश्चिम से पूरब तक इसके वोटरों का फैलाव है। एक तरह से इन 11 सीटों पर सभी 75 जिले कवर हो जाते हैं। ऐसे में इस चुनाव को विधानसभा चुनाव का मूड या सर्वेक्षण भी माना जाएगा। इसमें मिली जीत दोनों ही दलों को विरोधी पर मनोवैज्ञानिक दबाव बनाने में भी मदद देगी।

इन 11 सीटों पर होने जा रहा एमएलसी चुनाव

एमएलसी की 11 सीटों 5 स्नातक और 6 शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए चुनाव हो रहा है। स्नातक में लखनऊ, वाराणसी, आगरा, मेरठ और इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक की सीटें हैं। इसी तरह शिक्षक के लिए लखनऊ, आगरा, वाराणसी, मेरठ, बरेली-मुरादाबाद और गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन की सीटें हैं।

स्नातक की किस सीट में कौन-कौन से जिले

लखनऊ खंड स्नातक सीट पर नौ जिले हैं। इसमें लखनऊ, हरदोई, लखीमपुर खीरी, रायबरेली, सीतापुर, उन्नाव, बाराबंकी, प्रतापगढ़ और सुल्तानपुर शामिल हैं।

वाराणसी खंड स्नातक में 8 जिले आते हैं। यहां वाराणसी, चंदौली, गाजीपुर, जौनपुर, मिर्जापुर, सोनभद्र, भदोही (संत रविदास नगर) और बलिया शामिल हैं।

आगरा खंड स्नातक में 12 जिले के वोटर वोट देंगे। इसमें आगरा, अलीगढ़, एटा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, मथुरा, हाथरस, कासगंज, इटावा, फर्रुखाबाद, कन्नौज और औरैया शामिल हैं।

मेरठ खंड स्नातक में 9 जिले आते हैं। इससमें मेरठ, गाजियाबाद, गौतम बुद्ध नगर (नोएडा), बुलंदशहर, हापुड़, बागपत, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर और शामली के वोटर वोट देंगे।

इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक में 10 जिले हैं। इसमें प्रयागराज (इलाहाबाद), कौशांबी, फतेहपुर, बांदा, चित्रकुट, हमीरपुर, महोबा, झांसी, जालौन और ललितपुर जिले शामिल हैं।

शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की सीटें और जिले

लखनऊ खंड शिक्षक सीट में 9 जिलों के वोटर वोट देंगे। इसमें लखनऊ, हरदोई, लखीमपुर खीरी, रायबरेली, सीतापुर, उन्नाव, बाराबंकी, प्रतापगढ़ और सुल्तानपुर शामिल है।

वाराणसी खंड शिक्षक में 8 जिले हैं। इसमें वाराणसी, चंदौली, गाजीपुर, जौनपुर, मिर्जापुर, सोनभद्र, भदोही और बलिया शामिल है।

आगरा खंड शिक्षक में 12 जिले हैं। इसमें आगरा, अलीगढ़, एटा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, मथुरा, हाथरस, कासगंज, इटावा, फर्रुखाबाद, कन्नौज और औरैया है।

मेरठ खंड शिक्षक में 9 जिले हैं। इसमें मेरठ, गाजियाबाद, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, हापुड़, बागपत, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर और शामली शामिल है।

बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक में 9 जिले हैं। बरेली, बदायूं, शाहजहांपुर, पीलीभीत, मुरादाबाद, अमरोहा, बिजनौर, रामपुर और संभल शामिल हैं।

गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक में सबसे ज्यादा 17 जिले शामिल हैं। इसमें गोरखपुर, महाराजगंज, देवरिया, कुशीनगर, बस्ती, सिद्धार्थनगर, संत कबीर नगर, अयोध्या (फैजाबाद), अंबेडकर नगर, गोंडा, बलरामपुर, बहराइच, श्रावस्ती, आजमगढ़, मऊ, अमेठी और सुल्तानपुर के कुछ क्षेत्र शामिल हैं।

Yogesh Yadav

लेखक के बारे में

Yogesh Yadav

योगेश यादव लाइव हिन्दुस्तान में पिछले छह वर्षों से यूपी सेक्शन को देख रहे हैं। यूपी की राजनीति, क्राइम और करेंट अफेयर से जुड़ी खबरों को कवर करने की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। यूपी की राजनीतिक खबरों के साथ क्राइम की खबरों पर खास पकड़ रखते हैं। यूपी में हो रहे विकास कार्यों, शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में आ रहे बदलाव के साथ यहां की मूलभूत समस्याओं पर गहरी नजर रखते हैं।

पत्रकारिता में दो दशक का लंबा अनुभव रखने वाले योगेश ने डिजिटल से पहले प्रिंट में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। लम्बे समय तक हिन्दुस्तान वाराणसी में सिटी और पूर्वांचल के नौ जिलों की अपकंट्री टीम को लीड किया है। वाराणसी से पहले चड़ीगढ़ और प्रयागराज हिन्दुस्तान को लांच कराने वाली टीम में शामिल रहे। प्रयागराज की सिटी टीम का नेतृत्व भी किया।

बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) से बीकॉम में ग्रेजुएट और बनारस की ही काशी विद्यापीठ से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट योगेश ने कई स्पेशल प्रोजेक्ट पर काम भी किया है। राष्ट्रीय नेताओं के दौरों को कवर करते हुए उनके इंटरव्यू किये। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की मौत से जुड़े रहस्यों पर हिन्दुस्तान के लिए सीरीज भी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News, और lucknow Weather अपडेट हिंदी में पढ़ें। साथ ही UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Election 2027 Candidates से जुड़ी ताज़ा खबरों के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsUP NewsMLC चुनाव की सीएम योगी ने संभाली कमान, अखिलेश ने बदले प्रत्याशी, क्यों इतना अहम?