जो ज्यादा टैक्स लिया जा रहा है उसे तत्काल वापस कर दें, CM योगी का यूपी के सभी नगर निगमों को आदेश

Apr 05, 2026 07:16 pm ISTAjay Singh लाइव हिन्दुस्तान
share

सीएम योगी आदित्यनाथ ने रविवार को गोरखपुर में ऐतिहासिक स्मृतियों को सहेजे घंटाघर स्मारक के सौंदर्यीकरण और अमर शहीद बंधु सिंह के नाम पर बने मल्टीलेवल पार्किंग और कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स का लोकार्पण और पांडेयहाता विरासत गलियारा में कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स का शिलान्यास किया।

जो ज्यादा टैक्स लिया जा रहा है उसे तत्काल वापस कर दें, CM योगी का यूपी के सभी नगर निगमों को आदेश

UP News: सीएम योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश के सभी नगर निगमों को आदेश दिया है कि जीआईएस (GIS) सर्वे में जो ज्यादा टैक्स लिया जा रहा है उसे तत्काल वापस ले लें और जिनसे ले लिया गया है उसका समायोजन कर दें। जो टैक्स दे रहा है उस पर नया टैक्स नहीं, उसे राहत देने की आवश्यकता है। हमने पिछले नौ वर्षों में जनता से एक भी नया टैक्स नहीं लगाया है और यूपी की अर्थव्यवस्था को तीन गुना पहुंचाया है। टैक्स की व्यवस्था वैसी ही होनी चाहिए जैसे बादल समुद्र से जल लेते हैं और फिर बरसात करके वापस दे देते हैं। ऐसा ही होना चाहिए कि पता भी न लगे और जो पैसा इक्ट्ठा हो उसे इधर-उधर खर्च न करके लोगों के वेलफेयर, उनके विकास और सुविधा पर खर्च किया जाना चाहिए। यह करेंगे तो विकास होगा, समृद्धि आएगी और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत के विजन को आगे बढ़ाएगी।

सीएम योगी ने रविवार को गोरखपुर में ऐतिहासिक स्मृतियों को सहेजे घंटाघर स्मारक के सौंदर्यीकरण और अमर बलिदानी बंधु सिंह के नाम पर बने मल्टीलेवल पार्किंग और कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स का लोकार्पण और पांडेयहाता विरासत गलियारा में कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स का शिलान्यास किया। इस मौके उन्होंने नगर निगम द्वारा लिए जाने वाले टैक्स के संदर्भ में महत्वपूर्ण बात कही। उन्होंने कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स में दुकानदारों से ज्यादा किराया न लिए जाने की भी हिदायत दी। कहा कि किराया ऐसा होना चाहिए कि व्यापारी दे सके, वो भी मेहनत करता है। उन्होंने जिन दुकानदारों को दुकानें मिली हैं उन्हें बधाई दी और जिन्हें नहीं मिली हैं उनके लिए नगर निगम को आदेश दिया कि पांडेयहाता में जल्द ही कॉम्प्लेक्स बनाकर उन्हें भी दुकान उपलब्ध कराने का आदेश दिया। उन्होंने बताया कि इसकी धनराशि दे दी गई है। पार्किंग की व्यवस्था होनी चाहिए। दुकानों को अनावश्यक रूप से आगे नहीं आने देना चाहिए। ठेला-खोमचा-रेहड़ी वालों को अलग से जगह उपलब्ध करानी चाहिए।

सीएम बोले- सभी क्षेत्रों में दिख रहा परिवर्तन

सीएम योगी ने कहा कि आज प्रदेश के अंदर सभी शहरों में परिवर्तन देखने को मिल रहा है। अयोध्या, काशी कहीं जाइए आपको परिवर्जन दिखेगा। प्रयागराज महाकुंभ में पूरी दुनिया के लोग आस्था के साथ जुड़े। हर क्षेत्र में यह परिवर्तन तब आता है जब हम जनता जनार्दन का सहयोग और समर्थन मिलता है। जब हम जरा सी संकीर्णता में पड़कर आत्मघाती कदम उठाते हैं तो उससे माफिया और मच्छर के पनपने का खतरा भी बनता है। क्योंकि वे तो लोमड़ी की तरह हमेशा इस इंतजार में रहते हैं कि उन्हें कब मौका मिले और वे लपकें अपने शिकार पर। सीएम योगी ने कहा कि इन लोमड़ियों को अवसर नहीं देना है। जो लोग शोषण और माफिया के प्रश्रय का कारक बने थे उन्हें पनपने नहीं देना है। दंगे-फसाद, अराजकता, गुंडागर्दी, लूट-खसोट के दिन अब लद गए हैं। हमने तय किया है कि इनके खिलाफ जीरो टालरेंस की नीति चलती रहेगी। किसी भी माफिया या गुंडे को यूपी की धरती में पनपने नहीं देंगे। उसकी जहां जगह होगी उसे वहां जरूर पहुंचाएंगे।

वर्षों की तमन्ना पूरी हुई

सीएम योगी ने कहा कि व्यापारियों की वर्षों की तमन्ना आज पूरी हुई है। यहां की जाम की समस्या के समाधान और कॉम्प्लेक्स के निर्माण की मांग 30 साल पुरानी थी। सीएम योगी ने कहा कि हम लोग चिंतित थे कि गोरखपुर के इस पुराने शहर में क्या होगा। तब हम लोगों ने विरासत गलियारे के बारे में सोचा। पांडेयहाता से लेकर धर्मशाला बाजार तक इस पूरे क्षेत्र को जाम और अन्य समस्याओं से मुक्त करने के लिए विरासत गलियारे की योजना बनी।

ये जीआईएस सर्वे क्या है?

जीआईएस (GIS) सर्वे एक आधुनिक तकनीक-आधारित प्रक्रिया है। इसके तहत सैटेलाइट तस्वीरों और फील्ड सर्वे के जरिए शहरों की संपत्तियों (मकान, दुकान, भूखंड) का डिजिटल नक्शा तैयार किया जाता है।

Ajay Singh

लेखक के बारे में

Ajay Singh

अजय कुमार सिंह पिछले आठ वर्षों से लाइव हिन्दुस्तान की यूपी टीम में पूर्वांचल के बड़े हिस्से से खबरों का कोआर्डिनेशन देख रहे हैं। वह हिन्दुस्तान ग्रुप से 2010 से जुड़े हैं। पत्रकारिता में 27 वर्षों का लंबा अनुभव रखने वाले अजय ने टीवी, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है। हिन्दुस्तान से पहले वह ईटीवी, इंडिया न्यूज और दैनिक जागरण के लिए अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। अजय राजनीति, क्राइम, सेहत, शिक्षा और पर्यावरण से जुड़ी खबरों को गहराई से कवर करते हैं। बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट अजय फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में असिस्टेंट एडिटर हैं और उत्तर प्रदेश की राजनीति और क्राइम की खबरों पर विशेष फोकस रखते हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News और Kanpur News के साथ-साथ UP Board Result 2026 Live, UP Board 10th Result, UP Board 12th Result और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।