ऐसा निर्णय लेने वाला किसी न किसी कारण हमसे दुखी, RSS-BJP की समन्वय बैठक में बोले सीएम योगी

Mar 02, 2026 10:04 pm ISTAjay Singh वरिष्ठ संवाददाता, गोरखपुर
share Share
Follow Us on

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि देश अब AI युग में प्रवेश कर चुका है, ऐसे में पीछे लौटना उचित नहीं होगा। एक अनुषांगिक संगठन की तरफ से कैशलेस इलाज की सुविधा को लेकर सवाल किया गया। जिस पर CM ने बताया कि उच्च शिक्षा विभाग का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है।

ऐसा निर्णय लेने वाला किसी न किसी कारण हमसे दुखी, RSS-BJP की समन्वय बैठक में बोले सीएम योगी

UP News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, अनुषांगिक संगठनों और भाजपा के 33 शीर्ष पदाधिकारियों के साथ समन्वय बैठक में हिस्सा लिया। अगले साल प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले यूपी में सांगठनिक दृष्टि से बने सभी प्रांतों में समन्वय बैठकें हो रही हैं। गोरखपुर के एनेक्सी भवन में सोमवार को करीब डेढ़ घंटे तक चले मंथन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से जमीनी स्तर पर लोगों की समस्याओं से जुड़कर समाधान कराने का आह्वान किया। उन्होंने पदाधिकारियों से अपने मन की बात कहने को कहा और फिर जो सवाल आए उनका बारी-बारी विस्तार से जवाब दिया। मतांतरण और मदरसों को लेकर पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि इस पर समाज को आत्ममंथन करना होगा। मतांतरण का निर्णय लेने वाला किसी न किसी कारण से हमसे दुखी है। उसकी समस्याओं और दिक्कतों को दूर कर मतांतरण की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सकती है। इसके लिए समाज के सभी वर्गों को बेहतर संवाद बनाना होगा।

बैठक में मतांतरण, शिक्षा, स्वास्थ्य और खाद्य सुरक्षा समेत कई प्रमुख विषय उठे। मदरसों के पाठ्यक्रम को लेकर उठे सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि यूपी बोर्ड के पाठ्यक्रम में सुनिश्चित किया जा रहा है कि निर्धारित पाठ्यक्रम के अनुसार ही पढ़ाई हो। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की ओर से परीक्षाओं में फिर से लिखित व्यवस्था लागू किए जाने और ओएमआर प्रणाली को समाप्त किए जाने की मांग की गई। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि देश अब एआइ युग में प्रवेश कर चुका है, ऐसे में पीछे लौटना उचित नहीं होगा। एक अनुषांगिक संगठन की तरफ से कैशलेस इलाज की सुविधा को लेकर सवाल किया गया। जिस पर मुख्यमंत्री ने बताया कि उच्च शिक्षा विभाग का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। माध्यमिक शिक्षा विभाग अपना प्रस्ताव दे चुका है। शीघ्र ही उसे स्वीकृति करते हुए अमल किया जाएगा। खाद्य पदार्थों में मिलावट की समस्या पर उन्होंने कहा कि मिलावटखोरी पर रोक लगाने के लिए सरकार की तरफ से हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं से ‘अभ्युदय कोचिंग’ से अधिक से अधिक छात्रों को जोड़ने के साथ ही सरकारी योजनाओं का लाभ लेकर गोशालाएं संचालित करने का आह्वान किया गया।

हेलीपैड से सीधे एनेक्सी भवन पहुंचे सीएम

समन्वय बैठक तय समय 11 बजे शुरू हुई। प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी सुबह 10.40 बजे एनेक्सी भवन पहुंच चुके थे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी करीब 11 बजे सर्किट हाउस में बने हेलीपैड से उतर कर सीधे एनेक्सी भवन पहुंच गए। बैठक में संगठन, सरकार और संघ के बीच बेहतर तालमेल बनाकर आम लोगों के बीच पहुंचने को संवाद हुआ। संघ की तरफ से भी शताब्दी वर्ष को लेकर चलाए जा रहे कार्यक्रमों की जानकारी दी गई। संघ और उनके अनुसांगिक संगठनों की तरफ से मतांतरण, स्वास्थ्य, शिक्षा, खाद्य सुरक्षा आदि मुद्दों को सवाल किए गए। जिनका जवाब मुख्यमंत्री ने दिया।

खास मौजूदगी

बैठक में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष डा. धर्मेंद्र सिंह, क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानंद राय, क्षेत्रीय महामंत्री सुनील गुप्ता के अलावा विश्व हिंदू परिषद, विद्या भारती, भारतीय किसान संघ, भारतीय मजदूर संघ, हिंदू जागरण मंच, नेशनल मेडिको आर्गनाइजेशन समेत विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी रही।

लखनऊ के लिए रवाना हुए पंकज चौधरी

बैठक खत्म होते हुए प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी सड़क मार्ग से लखनऊ के लिए रवाना होना है। जहां से वे दिल्ली जाएंगे। वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संगठन मंत्री धर्मपाल के साथ ही क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानंद राय, एमएलसी डॉ.धर्मेन्द्र सिंह, विधायक ग्रामीण विपीन सिंह ने विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। मुख्यमंत्री भी सर्किट हाउस परिसर में करीब 2.40 घंटा गुजारने के बाद गोरखनाथ मंदिर के लिए रवाना हो गए। देवरिया से भाजपा सांसद शंशाक मणि त्रिपाठी, महानगर संयोजक राजेश गुप्ता, जिलाध्यक्ष जर्नादन तिवारी, राहुल श्रीवास्तव, डॉ.सत्येन्द्र सिन्हा, अभिषेक श्रीवास्तव, राहुल तिवारी आदि भी वहां मौजूद रहे।

Ajay Singh

लेखक के बारे में

Ajay Singh

अजय कुमार सिंह पिछले आठ वर्षों से लाइव हिन्दुस्तान की यूपी टीम में पूर्वांचल के बड़े हिस्से से खबरों का कोआर्डिनेशन देख रहे हैं। वह हिन्दुस्तान ग्रुप से 2010 से जुड़े हैं। पत्रकारिता में 27 वर्षों का लंबा अनुभव रखने वाले अजय ने टीवी, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है। हिन्दुस्तान से पहले वह ईटीवी, इंडिया न्यूज और दैनिक जागरण के लिए अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। अजय राजनीति, क्राइम, सेहत, शिक्षा और पर्यावरण से जुड़ी खबरों को गहराई से कवर करते हैं। बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट अजय फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में असिस्टेंट एडिटर हैं और उत्तर प्रदेश की राजनीति और क्राइम की खबरों पर विशेष फोकस रखते हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करे| पाएं Lucknow news , Prayagraj News , Varanasi News , Gorakhpur News , Kanpur News , Aligarh News से जुड़ी ताजा खबरें हिंदी में |