निगेटिव नैरेटिव का मुंहतोड़ जवाब दें, सीएम योगी ने बीजेपी के युवा कार्यकर्ताओं से किया आह्वान

Ajay Singh संवाददाता, गोरखपुर
share

सीएम योगी ने कहा कि बूथ लेवल कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी बनती है कि वे डबल इंजन सरकार के अच्छे कार्यों का प्रचार-प्रसार करते हुए अपने बूथ पर सजग और सतर्क रहें। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर भी सजग रहने की अपील की। कहा कि विरोधी हर दृष्टि से फेल होकर सोशल मीडिया का सहारा लेंगे।

निगेटिव नैरेटिव का मुंहतोड़ जवाब दें,  सीएम योगी ने बीजेपी के युवा कार्यकर्ताओं से किया आह्वान

UP News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भाजपा के युवा कार्यकर्ताओं का आह्वान किया है कि लगातार सत्ता से दूर रहने से हताश और निराश हो चुके विपक्ष की तरफ से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर चलाए जाने वाले नकारात्मक नैरेटिव का शब्दों की मर्यादा में रहकर मुंहतोड़ जवाब देने के लिए वे खुद को मुस्तैद रखें। मुख्यमंत्री ने कहा है कि आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर विपक्ष की तरफ से मनगढ़ंत आरोपों का एक नया वार शुरू होगा, उस पर प्रतिवार और उसका प्रतिवाद करने के लिए भाजपा की बूथ स्तर की टीम खुद को मजबूत रखे।

सीएम योगी, रविवार को भारतीय जनता पार्टी महानगर इकाई के मालवीय नगर मंडल की तरफ से आयोजित ‘युवा संवाद’ कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। सिंघड़िया स्थित एक मैरेज हाल में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि हमारे युवाओं को विकास भी करना है और विरासत का भी सम्मान करना है। देश की सीमाओं की सुरक्षा के लिए मुस्तैद जवानों को दुश्मन के मंसूबों का काम भी तमाम करना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बूथ लेवल कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी बनती है कि वे डबल इंजन सरकार के अच्छे कार्यों का प्रचार-प्रसार करते हुए अपने बूथ पर सजग और सतर्क रहें। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर भी सजग रहने की अपील करते हुए कहा कि जिन लोगों ने यूपी के नौजवानों के सामने पहचान का संकट खड़ा किया था, वे हर दृष्टि से फेल होकर आज सोशल मीडिया का सहारा लेंगे। झूठे, मनगढ़ंत आरोप लगाकर तमाम प्रकार के निगेटिव नैरेटिव सेट करने का वे प्रयास करेंगे। इसका जवाब देने के लिए बूथ स्तर के कार्यकताओं को तैयार रहना होगा। निगेटिव नैरेटिव सेट करने की मंशा वाले लोगों के शासन में माफिया की गुंडागर्दी, फिरौती वसूली, बहन-बेटियों और व्यापारियों की असुरक्षा, पर्व-त्योहारों पर दंगे के चलते मातम जैसे माहौल के सभी दृश्य निकालने पड़ेंगे। पेपर की कटिंग्स निकालनी पड़ेगी। उस समय के दृष्टांत निकालने पड़ेंगे और शब्दों की मर्यादा में पूरी आक्रामकता के साथ जवाब देने के लिए अपने आप को तैयार करना होगा।

Voice of UP

पॉजिटिव चीजों को आगे बढ़ाना है

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमें अपनी पॉजिटिव चीजों को आगे बढ़ाना है। अच्छे कंटेंट बनाकर हम सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का उपयोग कर सकते हैं। हर एक क्षेत्र में कुछ न कुछ नया हुआ है और उसको हम आगे बढ़ने का काम करेंगे। इससे स्वाभाविक रूप से हम डबल इंजन की सरकार के अभियान को मजबूती के साथ आगे बढ़ाने का कार्य कर पाएंगे।

सदैव सत्य और सनातन के साथ रही है भारत की युवा शक्ति

सीएम योगी ने कहा कि भारत की युवा शक्ति सदैव सत्य और सनातन के साथ रही है। प्रभु श्रीराम, श्रीकृष्ण, वीर अभिमन्यु, गुरु गोविंद सिंह जी महाराज और उनके चार पुत्रों, स्वामी विवेकानंद, महाराणा प्रताप, छत्रपति शिवाजी महाराज, झांसी की रानी लक्ष्मीबाई, नेताजी सुभाषचंद्र बोस और वीर सावरकर के जीवन का उद्धरण देते हुए कहा कि ये सब उसी युवा ऊर्जा शक्ति के प्रतीक और प्रेरणा हैं जिन्होंने सब कुछ देश और धर्म के लिए किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश इस मामले में सबसे सौभाग्यशाली है कि देश की 56 से 60 फीसदी कार्यशील युवा आबादी यहां है। यह युवा ऊर्जा अगर सकारात्मक कार्यों के साथ जुड़ जाए तो उत्तर प्रदेश को कहां से कहां पहुंचाया जा सकता है।

2017 के पूर्व हर तीसरे दिन होते थे दंगे

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जो युवा इस बार प्रथम बार मतदाता होंगे वे सभी इस बात को नहीं जानते होंगे की 2017 के पहले उत्तर प्रदेश में क्या कुछ होता था। कहा कि 2017 के पहले उत्तर प्रदेश में व्यापक तीसरे दिन दंगा होता था। पर्व और त्यौहार आने से पहले लोगों के मन में आशंका खड़ी हो जाती थी। गुंडागर्दी चरम पर थी, हर जिले में माफिया की समानांतर सरकार चलती थी। व्यापारी, उद्यमी, चिकित्सक, शिक्षक, गरीब, साहूकार सबको गुंडा टैक्स देना पड़ता था। हर जनपद में अपहरण होते थे, फिरौती वसूली जाती थी। हर चौराहे पर टैक्सी स्टैंड के नाम पर वसूली होती थी। कुशीनगर और महाराजगंज का एक हिस्सा है, जहां जंगल पार्टी थी जो किसी का अपहरण कर लेती थी। बिजली बमुश्किल से तीन-चार घंटे आती थी। गांवों में तो एक सप्ताह आती थी और दूसरे सप्ताह नहीं आती थी। सड़कें तब गड्ढे जैसी थीं। तब यही उत्तर प्रदेश की सही पहचान थी। नौजवानों के लिए नौकरी, रोजगार नहीं था। किसान आत्महत्या करते थे। महिलाएं असुरक्षित थीं, भय से बेटियां स्कूल नहीं जा पाती थीं। पर्व आने पर लोगों के मन में दंगों की आशंका होती थी कि पता नहीं कहां दंगा हो जाए और टारगेट करके हिंदुओं को जेल में बंद कर दिया जाए। आज डबल इंजन सरकार में ऐसा कुछ भी नहीं हो सकता है।

देश में संवेदनशील सरकार से ईरान-अमेरिका युद्ध का असर नहीं

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में ईरान के साथ अमेरिका और इजरायल के युद्ध का भी उल्लेख किया। कहा कि इससे दुनिया बुरी तरह प्रभावित है। सुपर पावर कहे जाने वाले अमेरिका में भी डीजल और पेट्रोलियम पदार्थों के दाम चार गुना बढ़ गए हैं। भारत के अगल-बगल जितने भी देश हैं उन सब में भी बहुत खराब स्थिति है। अकेले भारत है पेट्रोलियम पदार्थों का दाम नियंत्रण है। भारत के अंदर युद्ध का कोई प्रभाव नहीं है। ऐसा इसलिए है कि यहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संवेदनशील सरकार है जिन्होंने स्थिति को नियंत्रण में कर रखा है। पेट्रोलियम पदार्थों को लेकर देश में कहीं कोई समस्या नहीं है।

करीब तीन गुना बढ़ी यूपी की अर्थव्यवस्था

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वर्ष 2017 के बाद प्रदेश में आए बदलाव का उल्लेख करते हुए कहा कि उनकी सरकार बनने के बाद उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था करीब तीन गुनी बढ़ी है। जब सरकार आई थी तब प्रदेश की अर्थव्यवस्था 13 लाख करोड़ रुपये की थी। नौ वर्षों में यह 36 लाख करोड़ रुपये हो गई है। राज्य में प्रति व्यक्ति आय भी 43 हजार से बढ़कर एक लाख 20 हजार रुपये हो गई है। उनकी सरकार ने नौ लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी है। कहा कि सपा की सरकार में इतनी सरकारी नौकरी नहीं मिल पाती क्योंकि उनकी नीयत साफ नहीं थी। पैसे के बगैर कोई काम नहीं होता था। पूरा सिस्टम भ्रष्टाचार के आगोश में था। आज नौकरियां बिना सिफारिश और बिना रुपये दिए मिलती है। अब योग्यता ही चयन का मानक है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब प्रदेश में किसान आत्महत्या नहीं करता क्योंकि किसान की आमदनी बढ़ी है। यूपी के युवा पलायन नहीं करते क्योंकि उनको नौकरी और रोजगार उसके आसपास के क्षेत्र में ही उपलब्ध होने लग गया है।

अकेले गोरखपुर में बीते नौ सालों में 15 हजार करोड़ रुपये के निवेश से 300 से अधिक बड़े कारखाने लगे हैं और 50 हजार से अधिक नौजवानों को रोजगार प्राप्त हुआ है। मुख्यमंत्री ने गोरखपुर में हुए अभूतपूर्व विकास, रोड इंफ्रास्ट्रक्चर, एयर कनेक्टिविटी और एजुकेशन इंफ्रास्ट्रक्चर को भी विस्तार से समझाया। हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने सुपर स्पेशलिटी सेवाओं वाले बीआरडी मेडिकल कॉलेज का उल्लेख करते हुए कहा कि 2017 के पहले यदि इस मेडिकल कॉलेज में पहिए होते तो समाजवादी पार्टी की सरकार इसे कहीं और खींच ले गई होती। सीएम योगी ने कहा कि 2017 के पहले उन्होंने गुंडागर्दी, माफियागिरी, मच्छर, बीमारी, बिजली, सड़कों और जनता की सुविधाओं को लेकर लंबी लड़ाई लड़ी लेकिन आज की सरकार में किसी चीज के लिए मांगना नहीं पड़ता है। बिना मांगे सब कुछ मिल जाता है।

अब वन डिस्ट्रिक्ट वन माफिया नहीं, वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में अब वन डिस्ट्रिक्ट वन माफिया की बात नहीं होती। अब वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट, वन डिस्ट्रिक्ट वन मेडिकल कॉलेज और वन डिस्ट्रिक्ट वन कुजिन की बात होती है। ये आज उत्तर प्रदेश की पहचान और भारत की ब्रांड बना रही है। उन्होंने कहा कि जब डबल इंजन की सरकार डबल स्पीड से चलती है। जब एक जैसी सरकार होती हैं तो ऐसा ही विकास होता है।

फिल्म सिटी से यूपी के नौजवानों को मिलेंगे भरपूर अवसर

मुख्यमंत्री ने प्रदेश में बनने वाली फिल्म सिटी के आगामी दिनों में शिलान्यास होने की जानकारी देते हुए कहा कि इससे यूपी के नौजवानों और कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शन करने और आगे बढ़ने का भरपूर अवसर मिलेगा। उन्होंने युवाओं को दो करोड़ टैबलेट-स्मार्टफोन वितरण के लक्ष्य की चर्चा करते हुए बताया कि 50 लाख युवाओं को इसका लाभ मिल चुका है।

Ajay Singh

लेखक के बारे में

Ajay Singh

अजय कुमार सिंह पिछले आठ वर्षों से लाइव हिन्दुस्तान की यूपी टीम में पूर्वांचल के बड़े हिस्से से खबरों का कोआर्डिनेशन देख रहे हैं। वह हिन्दुस्तान ग्रुप से 2010 से जुड़े हैं। पत्रकारिता में 27 वर्षों का लंबा अनुभव रखने वाले अजय ने टीवी, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है। हिन्दुस्तान से पहले वह ईटीवी, इंडिया न्यूज और दैनिक जागरण के लिए अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। अजय राजनीति, क्राइम, सेहत, शिक्षा और पर्यावरण से जुड़ी खबरों को गहराई से कवर करते हैं। बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट अजय फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में असिस्टेंट एडिटर हैं और उत्तर प्रदेश की राजनीति और क्राइम की खबरों पर विशेष फोकस रखते हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।