एमएलसी चुनाव के लिए खुद सीएम योगी ने संभाला मोर्चा, आज लगातार तीसरे दिन करेंगे जनसभा

लखनऊ, विशेष संवाददाता
Follow us on Google News
share

यूपी में विधानसभा चुनाव से पहले हो रहे 11 एमएलसी सीटों के चुनाव के लिए खुद सीएम योगी ने मोर्चा संभाला लिया है। आज लगातार तीसरे दिन प्रत्याशियों के समर्थन में जनसभा करेंगे।

एमएलसी चुनाव के लिए खुद सीएम योगी ने संभाला मोर्चा, आज लगातार तीसरे दिन करेंगे जनसभा
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (फाइल फोटो)

लखनऊ विशेष संवाददाता। राज्यसभा चुनाव में आठों प्रत्याशियों के निर्विरोध निर्वाचन से उत्साहित भाजपा अब विधान परिषद चुनाव में भी सपा को बैकफुट पर धकेलना चाहती है। जिन 11 सीटों पर चुनाव हो रहे हैं, उनमें से छह पिछली बार भाजपा ने जीती थी। भाजपा इस बार दो अंकों में पहुंचने को प्रयासरत है। चुनावी हवा को भाजपा की ओर मोड़ने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने खुद मोर्चा संभाल लिया है। वे एक-एक करके पार्टी प्रत्याशियों के लिए सभा और संवाद कर रहे हैं। पार्टी प्रत्याशियों को जिताने के लिए गोरखपुर और बरेली के बाद लगातार तीसरे दिन बुधवार को वाराणसी में जनसभा करेंगे।

इन सीटों को जीतने के लिए भाजपा कोई कोर कसर नहीं छोड़ना चाहती है। मुख्यमंत्री ने सोमवार को गोरखपुर में हजारों शिक्षकों के साथ न सिर्फ संवाद किया, बल्कि पार्टी प्रत्याशी ध्रुव कुमार त्रिपाठी को जिताने की अपील भी की। ध्रुव त्रिपाठी को भाजपा प्रत्याशी बनवाने में भी मुख्यमंत्री की भूमिका मानी जाती है। पिछले चुनाव में भी त्रिपाठी के खिलाफ भाजपा ने प्रत्याशी नहीं उतारा था।

गोरखपुर, बरेली के बाद वाराणसी में बनाएंगे माहौल

मंगलवार को सीएम योगी ने बरेली में पार्टी प्रत्याशी हरी सिंह ढिल्लो के समर्थन में सभा की। बुधवार को अब वाराणसी में सभा करेंगे। यहां स्नातक सीट से पार्टी ने पिछला चुनाव हारे केदारनाथ सिंह पर फिर दांव लगाया है। जबकि शिक्षक सीट पर प्रमोद मिश्रा मैदान में हैं। यहां पिछले चुनाव में सपा का दबदबा रहा था। प्रधानमंत्री मोदी के संसदीय क्षेत्र से जुड़ी सीट को सपा ने जीत लिया था। माना जा रहा है कि इसके बाद योगी बाकी बची सीटों पर भी पार्टी प्रत्याशियों के लिए चुनावी माहौल बनाने जाएंगे।

डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य समेत भाजपा संगठन भी जुटा

एमएलसी चुनाव के लिए केवल सीएम योगी ही नहीं डिप्टी सीएम केशव मौर्य और भाजपा का प्रदेश संगठन भी लगा हुआ है। केशव मौर्य भी पिछले दो दिनों से अपने इलाके कौशांबी और आसपास माहौल बनाने में जुटे हैं। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी पश्चिम क्षेत्र में एमएलसी चुनाव की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक की थी।

वहीं प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह ने अवध क्षेत्र और ब्रज क्षेत्र में अब तक दो-दो बैठकें की हैं। वहां तैयारियों की समीक्षा के साथ ही पार्टी कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों को रणनीति भी समझाई है। इसके अलावा वे प्रदेश भाजपा मुख्यालय में बने कंट्रोल रूम से लगातार चुनावी तैयारियों की समीक्षा कर रहे हैं। रुचि न लेने वाले या गड़बड़ी की आशंका वाले पार्टी नेताओं और विधायकों के पेंच भी कसे जा रहे हैं।

Yogesh Yadav

लेखक के बारे में

Yogesh Yadav

योगेश यादव लाइव हिन्दुस्तान में पिछले छह वर्षों से यूपी सेक्शन को देख रहे हैं। यूपी की राजनीति, क्राइम और करेंट अफेयर से जुड़ी खबरों को कवर करने की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। यूपी की राजनीतिक खबरों के साथ क्राइम की खबरों पर खास पकड़ रखते हैं। यूपी में हो रहे विकास कार्यों, शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में आ रहे बदलाव के साथ यहां की मूलभूत समस्याओं पर गहरी नजर रखते हैं।

पत्रकारिता में दो दशक का लंबा अनुभव रखने वाले योगेश ने डिजिटल से पहले प्रिंट में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। लम्बे समय तक हिन्दुस्तान वाराणसी में सिटी और पूर्वांचल के नौ जिलों की अपकंट्री टीम को लीड किया है। वाराणसी से पहले चड़ीगढ़ और प्रयागराज हिन्दुस्तान को लांच कराने वाली टीम में शामिल रहे। प्रयागराज की सिटी टीम का नेतृत्व भी किया।

बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) से बीकॉम में ग्रेजुएट और बनारस की ही काशी विद्यापीठ से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट योगेश ने कई स्पेशल प्रोजेक्ट पर काम भी किया है। राष्ट्रीय नेताओं के दौरों को कवर करते हुए उनके इंटरव्यू किये। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की मौत से जुड़े रहस्यों पर हिन्दुस्तान के लिए सीरीज भी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News, और lucknow Weather अपडेट हिंदी में पढ़ें। साथ ही UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Election 2027 Candidates से जुड़ी ताज़ा खबरों के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsUP Newsएमएलसी चुनाव के लिए खुद योगी ने संभाला मोर्चा, आज लगातार तीसरे दिन करेंगे जनसभा