सीएम योगी ने होली पर बछड़ों को खिलाया गुड़, अबीर का तिलक लगा रंगोत्सव का शुभारंभ

Mar 04, 2026 10:48 am ISTAjay Singh लाइव हिन्दुस्तान
share Share
Follow Us on

सीएम योगी गौशाला में पहुंचे। उन्होंने बछड़ों को गुड़ खिलाया और अबीर का तिलक लगाया। मंदिर में सुबह से ही होली मनाने के लिए साधु-संन्यासी और आम लोग मौजूद थे। सीएम ने उनके साथ अबीर-गुलाल और फूलों की होली मनाई। इस दौरान थोड़ी देर तक सबके साथ बैठकर उन्होंने  फाग गीतों का आनंद भी लिया।

सीएम योगी ने होली पर बछड़ों को खिलाया गुड़, अबीर का तिलक लगा रंगोत्सव का शुभारंभ

CM Yogi Holi Celebration in Gorakhpur: पूरे उत्तर प्रदेश में इस वक्त होली की धूम मची हुई है। मथुरा-वृंदावन, वाराणसी, अयोध्या, संभल सहित यूपी की विभिन्न धार्मिक नगरियों में जोरशोर से होली मनाई जा रही है। होली के मौके पर सीएम योगी आदित्यनाथ गोरखपुर में हैं। उन्होंने सुबह रंगोत्सव की शुरुआत गोरखनाथ मंदिर की गौशाला से की। सीएम योगी आदित्यनाथ गौशाला में पहुंचे। उन्होंने बछड़ों को गुड़ खिलाया और अबीर का तिलक लगाया। मंदिर में सुबह से ही होली मनाने के लिए साधु-संन्यासी और आम लोग मौजूद थे। सीएम योगी ने उनके साथ अबीर-गुलाल और फूलों की होली मनाई। इस दौरान थोड़ी देर तक सबके साथ बैठकर सीएम योगी ने फाग गीतों का आनंद भी लिया। गोरखनाथ मंदिर से रंगोत्सव की शुरुआत करने के बाद सीएम योगी गोरखपुर के घंटाघर पहुंचे हैं। वह वहां से हर साल होली पर निकलने वाली परंपरागत नृसिंह शोभायात्रा का शुभारंभ कर रहे हैं।

इस शोभायात्रा का आयोजन श्री होलिकोत्सव समिति और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की ओर से हर होली पर किया जाता है। इसकी अगुवाई गोरक्षपीठाधीश्वर के रूप में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करते हैं। सामाजिक समरसता और सनातन संस्कृति के संदेश के साथ निकलने वाली यह शोभायात्रा दशकों पुरानी परंपरा का निर्वाह करती है। भक्ति की शक्ति की प्रतिष्ठा, भेदभाव भुलाकर सबको गले लगाने और समृद्ध सनातन संस्कृति के उत्सव पर्व होली पर इस शोभायात्रा में सीएम योगी की बतौर गोरक्षपीठाधीश्वर मौजूदगी गोरखपुर के रंगोत्सव को बेहद खास बनाती है।

इस बार भी सीएम योगी के संग भक्ति की उमंग में यहां सामाजिक समरसता के रंग जमकर बरसे। सीएम योगी 1996 से इस परंपरा का निर्वाह कर रहे हैं। पांच किमी से अधिक दूरी तय करने वाली शोभायात्रा में पथ नियोजन आरएसएस के कार्यकर्ता करते हैं और भगवान नृसिंह के रथ पर सवार हो गोरक्षपीठाधीश्वर रंगों में सराबोर होकर बिना भेदभाव शुभकामनाओं का आदान-प्रदान करते हैं।

गोरखपुर में भगवान नृसिंह रंगोत्सव शोभायात्रा की शुरुआत अपने गोरखपुर प्रवासकाल में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रचारक नानाजी देशमुख ने 1944 में की थी। गोरखनाथ मंदिर में होलिकादहन की राख से होली मनाने की परंपरा इसके काफी पहले से जारी थी।

होलिका दहन की राख से तिलक लगाकर रंगोत्सव की शुरुआत

गोरखनाथ मंदिर में गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ ने रंगपर्व की शुरुआत होलिकादहन या सम्मत की राख से तिलक लगाने के साथ की। पीठाधीश्वर के साथ ही मंदिर के प्रधान पुजारी और अन्य साधु-संतों ने भी होलिकादहन की भस्म से रंगोत्सव का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मंदिर में फाग गीत भी गाए गए। गोरखनाथ मंदिर में दोपहर बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सानिध्य में होली मिलन समारोह का आयोजन भी होगा।

Ajay Singh

लेखक के बारे में

Ajay Singh

अजय कुमार सिंह पिछले आठ वर्षों से लाइव हिन्दुस्तान की यूपी टीम में पूर्वांचल के बड़े हिस्से से खबरों का कोआर्डिनेशन देख रहे हैं। वह हिन्दुस्तान ग्रुप से 2010 से जुड़े हैं। पत्रकारिता में 27 वर्षों का लंबा अनुभव रखने वाले अजय ने टीवी, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है। हिन्दुस्तान से पहले वह ईटीवी, इंडिया न्यूज और दैनिक जागरण के लिए अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। अजय राजनीति, क्राइम, सेहत, शिक्षा और पर्यावरण से जुड़ी खबरों को गहराई से कवर करते हैं। बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट अजय फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में असिस्टेंट एडिटर हैं और उत्तर प्रदेश की राजनीति और क्राइम की खबरों पर विशेष फोकस रखते हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करे| पाएं Lucknow news , Prayagraj News , Varanasi News , Gorakhpur News , Kanpur News , Aligarh News से जुड़ी ताजा खबरें हिंदी में |