यूपी में अब आंगनबाड़ी केंद्रों के बच्चों को भी मिलेगी यूनिफॉर्म, सीएम योगी का ऐलान
यूपी के आंगनबाड़ी केंद्रों के बच्चों को भी परिषदीय स्कूलों की तर्ज पर 2 सेट यूनिफॉर्म दिए जाएंगे। सीएम योगी ने इसका ऐलान बुधवार को वाराणसी में किया। सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश के 70 हजार केंद्रों को नया स्वरूप भी दिया गया है। कहा कि साल 2014 से पहले आंगनबाड़ी केंद्रों की स्थिति दयनीय थी।

सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि परिषदीय स्कूलों की तर्ज पर आंगनबाड़ी केंद्रों के भी बच्चों को यूनिफॉर्म मिलेंगे। एक बच्चे को दो सेट यूनिफॉर्म दिया जाएगा। वहीं प्रदेश के 70 हजार केंद्रों को नया स्वरूप भी दिया गया है। सीएम बुधवार को वाराणसी के सिगरा स्थित रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में राष्ट्रीय पोषण माह के शुभारम्भ के अवसर पर बोल रहे थे। उन्होंने केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी, इसी मंत्रालय की राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर और सूबे की महिला एवं बाल विकास मंत्री बेबी रानी मौर्या के साथ रिमोट का बटन दबाकर नौवें राष्ट्रीय पोषण माह का शुभारम्भ किया। पोषण माह में देशभर के आंगनबाड़ी केंद्रों पर विभिन्न गतिविधियां चलेंगी।
सीएम योगी ने कहा कि साल 2014 से पहले आंगनबाड़ी केंद्रों की स्थिति दयनीय थी। उनमें बदलाव के लिए ठोस प्रयास किए गए जिनका परिणाम आज दिख रहा है। अब आंगनबाड़ी केंद्र पोषण केंद्र के साथ शिक्षा की पाठशाला भी बन गए हैं। बोले, वर्ष 2017 के पहले कार्यकत्रियों को मिलने वाले तीन हजार रुपये मासिक मानदेय को आज चार गुना बढ़ाकर 12 हजार करने के साथ उनका पांच लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा कवर भी कराया गया है।
सीएम ने कन्वेंशन सेंटर परिसर में लगे स्टॉलों का अवलोकन किया। कार्यक्रम में तमिलनाडु, गुजरात, ओडिशा और गोरखपुर के आंगनबाड़ी केंद्रों की प्रस्तुति देखी और कार्यक्रम में आईं उन केंद्रों की कार्यकत्रियों से संवाद भी किया। मुख्यमंत्री ने उनके केंद्रों से जुड़े बच्चों के विकास, पोषण, शिक्षा, देखभाल और उनकी सफलता की गाथा जानी।
केंद्रीय मंत्री बोलीं-दो लाख केंद्र हो रहे अपग्रेड
केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कहा, देश के दो लाख आंगनबाड़ी केंद्र सक्षम केंद्रों में अपग्रेड किए जा रहे हैं। आज हम काशी से सुपोषित भारत के संकल्प को आगे बढ़ा रहे हैं। राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर ने कहा कि आध्यात्मिक नगरी काशी से निकला पोषण का संदेश दूर तक जाएगा। उन्होंने कहा कि पिछले आठ वर्षों के राष्ट्रीय पोषण माह में जन जागरूकता से जुड़े 150 करोड़ से ज्यादा कार्यक्रम हुए।
यूपी की मंत्री ने बताया जन भागीदारी का महत्व
प्रदेश की महिला कल्याण एवं बाल विकास मंत्री बेबी रानी मौर्या ने कहा कि बिना जन भागीदारी के बच्चों को पोषित नहीं कर सकते। आंगनबाड़ी बहनों पर बच्चों को पोषित करने की महती जिम्मेदारी है। इससे पहले अतिथियों का स्वागत करते हुए केंद्रीय महिला एवं बाल विकास विभाग के महानिदेशक अनिल मलिक ने कहा कि राष्ट्रीय पोषण माह को जनांदोलन बनाया जाएगा।

