गुंडागर्दी, अराजकता और कर्फ्यू, क्षेत्रीय दलों के शोषण का खामियाजा भुगत चुका है यूपी: सीएम योगी

लाइव हिन्दुस्तान, गोरखपुर
Follow us on Google News
share

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रबुद्धजन से कहा कि आप सबने बदलते भारत बदलते उत्तर प्रदेश और बदलते गोरखपुर को देखा है। 2017 के पहले जब नौनिहाल पैदा होता था तो मां-बाप उसे इंसेफेलाइटिस से बचाने को लेकर चिंतित रहते थे। बच्चे के बड़ा होने पर पढ़ाई, नौजवान होने पर नौकरी और रोजगार की चिंता थी।

गुंडागर्दी, अराजकता और कर्फ्यू, क्षेत्रीय दलों के शोषण का खामियाजा भुगत चुका है यूपी: सीएम योगी

Gorakhpur News: सीएम योगी आदित्यनाथ ने समाज के प्रबुद्धजन का आह्वान किया है कि वे वर्तमान पीढ़ी को देश व प्रदेश के अतीत और आज दिख रहे बदलाव से अवगत कराएं। नौजवानों को यह बताना होगा कि नौ-दस साल पहले प्रदेश में क्या हालात थे और आज क्या परिवर्तन आया है। प्रदेश को अव्यवस्था, अराजकता, कर्फ्यू, दंगा का अभिशाप देने वाले संगठनों के हाथों गुमराह होने से बचाने के लिए ऐसा करना बहुत आवश्यक है और जागरूकता की यह जिम्मेदारी प्रबुद्धजन को उठाने के लिए आगे आना होगा।

सीएम योगी शुक्रवार को राप्तीनगर स्थित बिट्टू मैरिज हाउस में आयोजित ‘प्रबुद्ध संवाद’ कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। महानगर भाजपा के राप्तीनगर मंडल की तरफ से आयोजित इस कार्यक्रम में पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्रों पर पुष्पांजलि तथा वंदे मातरम के सामूहिक गायन के बाद मुख्यमंत्री ने प्रबुद्धजन से अपील की कि वे राज्य में दस वर्ष पूर्व के हालात और वर्तमान के परिवर्तन को चर्चा पर चर्चा का विषय बनाएं। उन्होंने कहा कि यदि हम आज के युवा को जो 9-10 वर्ष पूर्व 11-12 साल का रहा होगा, उसे पूर्व स्थिति से अवगत नहीं कराएंगे तो वह भूल जाएगा कि तुष्टिकरण का खामियाजा क्या होता है। सीएम ने कहा कि 9-10 वर्ष पहले गुंडागर्दी, अराजकता, अव्यवस्था, कर्फ्यू, क्षेत्रीय दलों के शोषण का खामियाजा यह प्रदेश भुगत चुका है। युवाओं को आगाह करके उनके सामने ऐसी स्थिति पैदा नहीं होने देनी है। उन्होंने कहा कि क्षणिक स्वार्थवश नागरिकों के भविष्य से खिलवाड़ देशद्रोह है और यह छूट किसी संगठन या संस्था को नहीं दी जा सकती।

2017 के पूर्व दंगा, कर्फ्यू, अराजकता, व्यवस्था और भ्रष्टाचार ही थी यूपी की पहचान

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रबुद्धजन से कहा कि आप सबने बदलते भारत बदलते उत्तर प्रदेश और बदलते गोरखपुर को देखा है। 2017 के पहले जब नौनिहाल पैदा होता था तो मां-बाप उसे इंसेफेलाइटिस से बचाने को लेकर चिंतित रहते थे। बच्चे के बड़ा होने पर पढ़ाई, नौजवान होने पर नौकरी और रोजगार की चिंता थी। रोजगार के लिए यूपी से बाहर जाने पर पहचान का संकट था। काम शुरू भी किया तो पता चलता था कि पुश्तैनी संपत्ति पर किसी ने कब्जा कर लिया है। उन्होंने कहा कि 2017 के पहले प्रदेश में विकास बाधित था। बिजली, सड़क और रोजगार नहीं था। अन्नदाता किसानों के लिए कोई सुविधा नहीं थी। व्यापारी गुंडा टैक्स देने को मजबूर था, चिकित्सक भयाक्रांत रहते थे, बेटियां सुरक्षित नहीं थीं। दंगा, कर्फ्यू, अराजकता, व्यवस्था और भ्रष्टाचार ही उत्तर प्रदेश की पहचान बन गई थी।

आज यूपी में विकास, सुरक्षा और रोजगार की गारंटी

सीएम योगी ने राज्य में आए बदलाव का उल्लेख करते हुए कहा कि आज उत्तर प्रदेश में विकास, सुरक्षा और रोजगार की गारंटी है। आज बेटी, व्यापारी सभी सुरक्षित हैं। यहां इंसेफेलाइटिस पूरी तरह समाप्त हो चुका है। इस परिप्रेक्ष्य में गोरखपुर की चर्चा करते हुए सीएम योगी ने कहा कि गोरखपुर का बंद पड़ा खाद कारखाना आज चल रहा है। गोरखपुर में एम्स संचालित है और पहले खुद बीमार रहा बीआरडी मेडिकल कॉलेज आज बेहतरीन सुविधाएं दे रहा है। गोरखपुर में हर तरफ फोरलेन की कनेक्टिविटी है। उन्होंने कहा कि पिछले नव वर्ष में अकेले गोरखपुर में 15 हजार करोड रुपये के प्रोजेक्ट आए हैं और इतने ही लगने वाले हैं। 15 हजार करोड रुपये की औद्योगिक परियोजनाओं से पूर्वी उत्तर प्रदेश के 50 हजार नौजवानों को अकेले गोरखपुर में नौकरी और रोजगार प्राप्त हुआ है।

पीएम मोदी के नेतृत्व में बदलता भारत दुनिया के लिए प्रेरणा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रबुद्धजन से यह आह्वान भी किया कि वह नौजवानों को बताएं कि नरेंद्र मोदी जी के प्रधानमंत्री बनने से पहले देश में क्या था और आज क्या बदलाव आया है। उन्होंने कहा कि पिछले 11-12 वर्ष में बदलता हुआ भारत आज दुनिया के लिए प्रेरणा बना हुआ है। पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत का सम्मान पूरी दुनिया में बढ़ा है। सही दिशा में भारत की प्रगति दुनिया के अंदर शानदार प्रगतियों में गिनी जाती है। सीएम योगी ने कहा कि वैश्विक महामारी कोरोना के दौरान दुनिया में पीएम मोदी के नेतृत्व में सबसे बेहतरीन प्रबंधन भारत का रहा। दुनिया के सबसे विकसित देश अमेरिका में भारत की तुलना में कोरोना से चार गुना मौत हुई जबकि उसकी आबादी भारत की चौथाई है। अमेरिका की तुलना में कम संसाधन के बावजूद हमारा कोरोना प्रबंधन इसलिए बेहतरीन रहा है हमारे पीएम मोदी खुद फ्रंटफुट पर आकर नेतृत्व दे रहे थे।

वर्तमान चुनौती का सामना करने को करें पीएम मोदी के आह्वान का अनुसरण

सीएम योगी ने कहा कि अच्छे कार्य के बावजूद कुछ चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। जब भी चुनौती आए तो उसका सामना करने के लिए सबको तैयार रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि पश्चिम एशिया में अमेरिका-ईरान युद्ध के चलते हर तरफ ईंधन की आपूर्ति बाधित है। अमेरिका जैसे देश मे डीजल, पेट्रोल व रसोई गैस के दाम चार गुना बढ़े हैं। यूरोप के देशों की हालत खराब है। पाकिस्तान जैसे तैसे टाइम काट रहा है। अरब के देश स्वयं परेशान हैं, अंधकार में रहने के लिए मजबूर हैं। दुनिया के तमाम देशों में अव्यवस्था का वातावरण है।12 फरवरी से लेकर के लगातार यह सब चल रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इसी को ध्यान में रखकर पीएम मोदी ने जनता से ईंधन बचत करने, सोना न खरीदने और विदेश भ्रमण से बचने के कुछ आह्वान किए हैं। मोदी जी के इस आह्वान से प्रेरणा प्राप्त कर पूर्वजों की थाती को पुनर्जीवित करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि ईंधन संरक्षण के लिए सोलर एनर्जी, सार्वजनिक वाहनों, ई वाहनों के उपयोग, कार पूलिंग जैसे उपायों पर अमल करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि हम सबको वर्तमान चुनौती के अनुरूप खुद को तैयार करना होगा।

Dinesh Rathour

लेखक के बारे में

Dinesh Rathour

दिनेश राठौर वर्तमान में 'लाइव हिन्दुस्तान' में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं। डिजिटल और प्रिंट पत्रकारिता में 13 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले दिनेश ने अपने करियर की शुरुआत 2010 में हरदोई से की थी। कानपुर यूनिवर्सिटी से स्नातक दिनेश ने अपने सफर में हिन्दुस्तान (कानपुर, बरेली, मुरादाबाद), दैनिक जागरण और राजस्थान पत्रिका (डिजिटल) जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाई हैं। हरदोई की गलियों से शुरू हुआ पत्रकारिता का सफर आज डिजिटल मीडिया के शिखर तक पहुँच चुका है। दिनेश राठौर ने यूपी और राजस्थान के विभिन्न शहरों की नब्ज को प्रिंट और डिजिटल माध्यमों से पहचाना है।
लाइव हिन्दुस्तान की यूपी टीम में कार्यरत दिनेश दिनेश, खबरों के पीछे की राजनीति और सोशल मीडिया के ट्रेंड्स (वायरल वीडियो) को बारीकी से विश्लेषण करने के लिए जाने जाते हैं।

पत्रकारिता का सफर
हरदोई ब्यूरो से करिअर की शुरुआत करने के बाद दिनेश ने कानपुर हिंदुस्तान से जुड़े। यहां बतौर स्ट्रिंगर डेस्क पर करीब एक साल तक काम किया। इसके बाद वह कानपुर में ही दैनिक जागरण से जुड़े। 2012 में मुरादाबाद हिंदुस्तान जब लांच हुआ तो उसका हिस्सा भी बने। करीब दो साल यहां नौकरी करने के बाद दिनेश राजस्थान पत्रिका से जुड़ गए। सीकर जिले में दिनेश ने करीब तीन साल तक पत्रकारिता की। उन्होंने एक साल तक डिजिटल का काम भी किया। 2017 में दिनेश ने बरेली हिंदुस्तान में प्रिंट के डेस्क पर वापसी की। लगभग दो साल की सेवाओं के बाद डिजिटल हिंदुस्तान में काम करने का मौका मिला जिसका सफर जारी है।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।