दंगाइयों से कोई उम्मीद 'दिवास्वप्न', सीएम योगी बोले- दिल्ली देहरादून एक्सप्रेसवे विकास का नया मॉडल

Yogesh Yadav लाइव हिन्दुस्तान
share

सहारनपुर में सीएम योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि दंगा कराने वाले विकास नहीं कर सकते। उन्होंने घोषणा की कि सरकार बाबा साहेब, वाल्मीकि और संत रविदास की मूर्तियों पर छतरी लगाएगी।

दंगाइयों से कोई उम्मीद 'दिवास्वप्न', सीएम योगी बोले- दिल्ली देहरादून एक्सप्रेसवे विकास का नया मॉडल

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दिल्ली देहरादून एक्सप्रेसवे के उद्घाटन के मौके पर सहारनपुर में जनसभा को संबोधित करते हुए विपक्ष पर तीखा हमला बोला और डबल इंजन सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने साफ लहजे में कहा कि जिन लोगों ने उत्तर प्रदेश को 'कर्फ्यू और दंगों' की आग में झोंका था, उनसे विकास की उम्मीद करना एक ‘दिवास्वप्न’ के समान है। मुख्यमंत्री ने सहारनपुर को विकास और सुशासन के नए केंद्र के रूप में परिभाषित करते हुए कहा कि पीएम मोदी ने जनता को कनेक्टिविटी की नई सौगात दी है।

विरासत का सम्मान और महापुरुषों को छत

मुख्यमंत्री ने बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर, महर्षि वाल्मीकि और संत रविदास जैसे महापुरुषों के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा, "प्रधानमंत्री मोदी ने पंच तीर्थों का विकास कर बाबा साहेब को सच्चा सम्मान दिया है। अब हमारी सरकार ने यह संकल्प लिया है कि प्रदेश में जहां भी बाबा साहेब, महर्षि वाल्मीकि और संत रविदास जी की मूर्तियाँ खुले में हैं, उन पर छतरी का निर्माण कराया जाएगा।" सीएम ने कहा कि यह केवल निर्माण नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को उनकी विरासत और गौरवशाली इतिहास से जोड़ने का एक माध्यम है।

Voice of UP

डबल इंजन की ताकत: उत्तराखंड और यूपी में बड़े प्रोजेक्ट्स

योगी आदित्यनाथ ने जोर देकर कहा कि केंद्र और राज्य में एक ही विचारधारा की सरकार होने का लाभ उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड दोनों राज्यों को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार की ही ताकत है कि आज बड़े से बड़े प्रोजेक्ट्स लाने में कोई बाधा नहीं आती। सीएम ने उदाहरण देते हुए कहा कि आज उत्तर प्रदेश में एशिया का सबसे बड़ा जेवर एयरपोर्ट बना और विश्वस्तरीय फिल्म सिटी का काम तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि विकास तभी सार्थक होता है जब सरकार अपनी विरासत का भी संरक्षण करे।

जाति की राजनीति और दंगाइयों पर प्रहार

विपक्ष को आड़े हाथों लेते हुए सीएम योगी ने कहा कि समाज को बांटने वाले लोग आज भी जाति के नाम पर राजनीति करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने जनता को आगाह किया कि जिन्होंने अतीत में दंगों को संरक्षण दिया, वे कभी विकास नहीं कर सकते। उनके अनुसार, पीएम मोदी के नेतृत्व में आज भारत पूरी दुनिया के सामने 'विकास और सुशासन' का एक वैश्विक मॉडल खड़ा कर रहा है। आज उत्तर प्रदेश न केवल सुरक्षा का मॉडल है, बल्कि इन्वेस्टमेंट (निवेश) का सबसे पसंदीदा केंद्र बनकर उभरा है।

सहारनपुर के उत्पादों को मिलेंगे नए बाजार

सहारनपुर की आर्थिक उन्नति पर बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के बाद अब यहां के उद्यमियों और हस्तशिल्पियों के लिए रास्ते खुल गए हैं। अब सहारनपुर के लोग न केवल देश की राजधानी दिल्ली तक आसानी से पहुंच सकेंगे, बल्कि गंगा एक्सप्रेसवे के माध्यम से अपने उत्पादों को पूर्वांचल के सुदूर इलाकों तक भी भेज सकेंगे। उन्होंने कहा कि बेहतर कनेक्टिविटी से यहां के व्यापार को पंख लगेंगे और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

Yogesh Yadav

लेखक के बारे में

Yogesh Yadav

योगेश यादव लाइव हिन्दुस्तान में पिछले छह वर्षों से यूपी सेक्शन को देख रहे हैं। यूपी की राजनीति, क्राइम और करेंट अफेयर से जुड़ी खबरों को कवर करने की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। यूपी की राजनीतिक खबरों के साथ क्राइम की खबरों पर खास पकड़ रखते हैं। यूपी में हो रहे विकास कार्यों, शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में आ रहे बदलाव के साथ यहां की मूलभूत समस्याओं पर गहरी नजर रखते हैं।

पत्रकारिता में दो दशक का लंबा अनुभव रखने वाले योगेश ने डिजिटल से पहले प्रिंट में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। लम्बे समय तक हिन्दुस्तान वाराणसी में सिटी और पूर्वांचल के नौ जिलों की अपकंट्री टीम को लीड किया है। वाराणसी से पहले चड़ीगढ़ और प्रयागराज हिन्दुस्तान को लांच कराने वाली टीम में शामिल रहे। प्रयागराज की सिटी टीम का नेतृत्व भी किया।

बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) से बीकॉम में ग्रेजुएट और बनारस की ही काशी विद्यापीठ से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट योगेश ने कई स्पेशल प्रोजेक्ट पर काम भी किया है। राष्ट्रीय नेताओं के दौरों को कवर करते हुए उनके इंटरव्यू किये। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की मौत से जुड़े रहस्यों पर हिन्दुस्तान के लिए सीरीज भी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।