ऐक्शन मोड में सीएम योगी, अफसरों से बोले-ऐसे लोगों से कोई नरमी नहीं; गंभीर धाराओं में भेजें जेल
- सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जो लोग दूसरे की जमीन कब्जा कर उनका उत्पीड़न करते हैं उनके साथ कोई नरमी न बरती जाए। फरियाद सुनने के साथ ही CM ने वहां मौजूद अफसरों से कहा कि सभी फरियादियों के आवेदनों को गंभीरता से देखते हुए उसका समय से निस्तारण कराएं।

CM Yogi in Action Mode: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यूपी में दूसरे की जमीन पर बुरी नज़र रखने वालों के बुरे दिन शुरू होने का संकेत दे दिया है। बुधवार को गोरखपुर में जनता दर्शन के दौरान फरियादियों की शिकायतें सुनने के दौरान उन्होंने अफसरों को कड़ा निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि भू-माफियाओं के साथ कोई नरमी दिखाने की जरूरत नहीं है उन पर गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेजें।
सीएम ने कहा कि जो लोग दूसरे की जमीन कब्जा कर उनका उत्पीड़न करते हैं उनके साथ कोई नरमी न बरती जाए। फरियाद सुनने के साथ ही सीएम ने वहां मौजूद अफसरों से कहा कि सभी फरियादियों के आवेदनों को गंभीरता से देखते हुए उसका समय से निस्तारण कराएं। कहा कि हर फरियाद के निस्तारण की तारीख सुनिश्चित करें। निस्तारण के साथ ही फरियादियों से उसका फीडबैक भी लें। सीएम ने फरियादियों से मिलकर कहा कि सरकार हर पीड़ित को न्याय दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है और किसी के भी साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।
जनता दर्शन में मुख्यमंत्री स्वयं कुर्सियों पर बैठे लोगों तक पहुंचे और करीब 200 लोगों की समस्याएं सुनीं। जमीनी विवादों पर उन्होंने कहा कि पारिवारिक मामलों में पक्षों के बीच वार्ता कराई जाए और जरूरत पड़ने पर विधिक कार्रवाई की जाए। अवैध कब्जों के मामलों में सख्त कार्रवाई के आदेश दिए। इलाज के लिए आर्थिक सहायता की गुहार लेकर आए लोगों को आश्वासन देते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल प्रक्रिया पूरी कर शासन को रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए।
लेखक के बारे में
Ajay Singhअजय कुमार सिंह पिछले आठ वर्षों से लाइव हिन्दुस्तान की यूपी टीम में पूर्वांचल के बड़े हिस्से से खबरों का कोआर्डिनेशन देख रहे हैं। वह हिन्दुस्तान ग्रुप से 2010 से जुड़े हैं। पत्रकारिता में 27 वर्षों का लंबा अनुभव रखने वाले अजय ने टीवी, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है। हिन्दुस्तान से पहले वह ईटीवी, इंडिया न्यूज और दैनिक जागरण के लिए अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। अजय राजनीति, क्राइम, सेहत, शिक्षा और पर्यावरण से जुड़ी खबरों को गहराई से कवर करते हैं। बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट अजय फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में असिस्टेंट एडिटर हैं और उत्तर प्रदेश की राजनीति और क्राइम की खबरों पर विशेष फोकस रखते हैं।
और पढ़ें

