शाम की रोटी बची रहे इसलिए..., जब सीएम योगी ने मंच पर बुलाकर अवनीश अवस्थी की ली चुटकी

Yogesh Yadav लाइव हिन्दुस्तान
share

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आकाशवाणी के कार्यक्रम में अपने सलाहकार अवनीश अवस्थी की उनकी पत्नी मालिनी अवस्थी की मौजूदगी में मजेदार चुटकी ले ली। सीएम योगी ने ऐसी बातें बोल दीं, जिससे पूरा हॉल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। कोई अपनी हंसी नहीं रोक सका।

शाम की रोटी बची रहे इसलिए..., जब सीएम योगी ने मंच पर बुलाकर अवनीश अवस्थी की ली चुटकी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपनी सख्त कार्यशैली के लिए जाने जाते हैं, लेकिन समय-समय पर उनका हंसी-मजाक वाला स्वभाव भी सामने आता रहता है। गोरखपुर के सांसद रवि किशन के साथ मंच साझा करते हुए तो अक्सर ऐसी बातें बोल देते हैं कि लोग अपनी हंसी नहीं रोक पाते हैं। गुरुवार को लखनऊ में आकाशवाणी के एक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने अपने करीबी सलाहकार अवनीश कुमार अवस्थी की चुटकी ली। उनकी पत्नी पद्मश्री मालिनी अवस्थी को सम्मानित करते हुए कुछ ऐसी बातें कहीं, जिसे सुनकर कोई अपनी हंसी नहीं रोक सका।

आकाशवाणी लखनऊ के 89वें स्थापना दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में सीएम योगी ने पद्म पुरस्कार से सम्मानित विभूतियों और आकाशवाणी के वरिष्ठ लोक सेवा प्रसारकों को सम्मानित किया। कार्यक्रम में जब लोक गायिका मालिनी अवस्थी को सम्मानित करने की बारी आई, तो मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुस्कुराते हुए दर्शकों के बीच बैठे अवनीश अवस्थी को भी इशारा करते हुए मंच पर बुला लिया। सीएम योगी ने चुटकी लेते हुए कहा, "जब मुझे पता चला कि श्रीमती मालिनी अवस्थी जी आ रही हैं, तो मैं समझ गया था कि अवनीश अवस्थी जी भी जरूर आ रहे होंगे।" सामान्यतः सरकारी सेवा में रहते हुए वे ऐसे कार्यक्रमों में नहीं जाते थे, लेकिन रिटायरमेंट के बाद परिस्थितियां बदल जाती हैं।

Voice of UP

मुख्यमंत्री ने कहा कि रिटायरमेंट के बाद एक बड़ी समस्या होती है। अगर पत्नी के कार्यक्रम में नहीं गए, तो डर रहता है कि कहीं शाम का भोजन बंद न हो जाए। शाम की रोटी बची रहे, इसके लिए बहुत जरूरी है कि सामने बैठकर ताली बजा ली जाए। इसलिए ही मैने कहा कि अब जब आप यहां आ ही गए हैं, तो सामने मत बैठिए, ऊपर मंच पर ही आ जाइए। मुख्यमंत्री की इस बात पर अवनीश अवस्थी भी अपनी हंसी नहीं रोक पाए और पूरा हॉल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

उद्घोषक की गलती सुधारी: महिला की शक्ति पर दिया जोर

हंसी-मजाक के बीच मुख्यमंत्री ने एक गंभीर और महत्वपूर्ण संदेश भी दिया। दरअसल, कार्यक्रम के उद्घोषक ने मालिनी के मंच पर आते समय जब सीएम योगी ने अवनीश अवस्थी को भी इशारा करके मंच पर बुलाया तो उदघोषक ने कह दिया था कि "किसी महिला की सफलता के पीछे पुरुष का हाथ होता है।" इस पर सीएम योगी ने हस्तक्षेप करते हुए उन्हें सही किया। मुख्यमंत्री ने कहा, "हमारे उद्घोषक गलत कह रहे थे, शायद अवस्थी जी से उनका पुराना संबंध है इसलिए उन्होंने ऐसा बोल दिया। असल में सच इसके उलट है। किसी भी पुरुष की सफलता और उसके आगे बढ़ने के पीछे एक महिला का हाथ होता है।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो

मुख्यमंत्री का यह मजाकिया अंदाज वाला वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। लोग सीएम योगी के इस 'सेंस ऑफ ह्यूमर' की तारीफ कर रहे हैं। कार्यक्रम में मौजूद लोगों का कहना था कि मुख्यमंत्री ने जिस तरह से एक वरिष्ठ अधिकारी और उनकी पत्नी के बीच के तालमेल पर चुटकी ली, वह उनके सहज और सरल व्यक्तित्व को दर्शाता है।

Yogesh Yadav

लेखक के बारे में

Yogesh Yadav

योगेश यादव लाइव हिन्दुस्तान में पिछले छह वर्षों से यूपी सेक्शन को देख रहे हैं। यूपी की राजनीति, क्राइम और करेंट अफेयर से जुड़ी खबरों को कवर करने की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। यूपी की राजनीतिक खबरों के साथ क्राइम की खबरों पर खास पकड़ रखते हैं। यूपी में हो रहे विकास कार्यों, शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में आ रहे बदलाव के साथ यहां की मूलभूत समस्याओं पर गहरी नजर रखते हैं।

पत्रकारिता में दो दशक का लंबा अनुभव रखने वाले योगेश ने डिजिटल से पहले प्रिंट में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। लम्बे समय तक हिन्दुस्तान वाराणसी में सिटी और पूर्वांचल के नौ जिलों की अपकंट्री टीम को लीड किया है। वाराणसी से पहले चड़ीगढ़ और प्रयागराज हिन्दुस्तान को लांच कराने वाली टीम में शामिल रहे। प्रयागराज की सिटी टीम का नेतृत्व भी किया।

बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) से बीकॉम में ग्रेजुएट और बनारस की ही काशी विद्यापीठ से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट योगेश ने कई स्पेशल प्रोजेक्ट पर काम भी किया है। राष्ट्रीय नेताओं के दौरों को कवर करते हुए उनके इंटरव्यू किये। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की मौत से जुड़े रहस्यों पर हिन्दुस्तान के लिए सीरीज भी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।