टीचर और क्लासमेट की पिटाई से आठवीं की छात्रा की मौत, वीडियो में कैद हुई हैवानियत की दास्तां
यूपी के हरदोई में आठवीं की छात्रा को उसकी क्लासमेट और टीचर ने इतना पीटा की उसकी मौत हो गई है। मरने के पहले छात्रा ने अपने साथ हुई हैवानियत बयां की। उसकी आपबीती का यही वीडियो अब वायरल हो रहा है।
यूपी के हरदोई में आठवीं की छात्रा के साथ उसकी ही क्लासमेट और टीचर ने हैवानियत की हदें पार कर दीं। गंभीर रूप से घायल छात्रा ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। मरने से पहले उसने अपने साथ हुई हैवानियत अस्पताल के बेड पर लेटे-लेटे बयां की। अब इसी आपबीती का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मामला पचदेवरा थाना क्षेत्र के सहुआपुर गांव का है। क्लासमेट और टीचर की पिटाई से छात्रा की मौत की खबर से पूरे इलाके में सनसनी है। उसका वीडियो देख लोग कड़ी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। 62 सेकेंड के इस वीडियो में छात्रा अस्पताल में भर्ती नजर आ रही है। इसमें उसके दोनों हाथों में प्लास्टर चढ़ा दिख रहा है।
छात्रा वीडियो में बोल रही है कि साथ में पढ़ने वाली लड़की ने पहले पिटाई की। जब वह शिकायत करने गई तो टीचर ने भी उसे मारा। वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर पुलिस ने आरोपी क्लासमेट और टीचर राजेंद्र गंगवार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। बीएसए ने टीचर के साथ ही स्कूल के हेडमास्टर अक्षय को भी सस्पेंड कर दिया है।
क्या है पूरा मामला
सहुआपुर गांव निवासी उमेश दीक्षित ने बताया कि 20 अगस्त को कंपोजिट स्कूल में बेटी क्षमा की कक्षा आठ में ही पढ़ने वाली एक छात्रा से कहासुनी हो गई थी। इस पर उस लड़की ने क्षमा के साथ मारपीट कर दी। क्षमा शिकायत करने पहुंची तो टीचर राजेंद्र गंगवार ने भी बेटी के साथ ही मारपीट करते हुए उसके दोनों हाथ मरोड़ दिए। इससे उसके दोनों हाथ टूट गए। परिवार ने छात्रा को फर्रुखाबाद के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान रविवार रात उसकी मौत हो गई। बेटी की इस तरह मौत से परिवार में कोहराम मच गया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में छात्रा के शरीर पर कई चोटें
सोमवार को पिता ने पुलिस को तहरीर देकर शिक्षक पर कार्रवाई की मांग की है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में छात्रा के शरीर में पांच पुरानी चोटें पाई गईं। इसमें दोनों हाथ, पीठ और पैर में घाव थे। सोमवार शाम को पोस्टमार्टम के बाद जब छात्रा का शव सहुआपुर गांव पहुंचा तो गांव छावनी में तब्दील हो गया। पचदेवरा सहित आसपास के थानों का पुलिस फोर्स भी लगाया गया है।
एएसपी सुबोध कुमार ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर आरोपी क्लासमेट छात्रा और शिक्षक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपित शिक्षकों की तलाश की जा रही है। हालांकि जांच में पता चला कि छात्रा पहले से बीमार थी।


