मंदिर गई युवती के हाथ पैर बांध दरिंदगी, परिजनों ने दरिंदे की बाइक फूंकी
Chitrakoot News - चित्रकूट के राजापुर थाना क्षेत्र में एक युवती के साथ मंदिर में दुष्कर्म किया गया। घटना के बाद युवक मौके से भाग गया। जब युवती घर नहीं लौटी, तो परिजन मंदिर पहुंचे और युवक की बाइक में आग लगा दी। पुलिस ने स्थिति को संभाला और आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

चित्रकूट। राजापुर थाना क्षेत्र के एक गांव में शनिवार की शाम मंदिर में दीपक जलाने गई युवती के साथ युवक ने दुष्कर्म किया। काफी देर तक युवती के वापस न लौटने पर परिजन पहुंचे तो युवक मौके से भाग निकला। परिजनों और ग्रामीणों ने युवक की खड़ी बाइक में आग लगा दी। गांव में स्थिति तनावपूर्ण बन गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह स्थिति को संभाला। गाँव में हालात को देखते हुए पीएसी लगा दी गई है। पुलिस ने पीड़िता के पिता की तहरीर के आधार पर युवक के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया है। आरोपित की पुलिस तलाश कर रही है।
राजापुर थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली युवती शनिवार की शाम करीब सात बजे मंदिर में दीपक जलाने गई थी। युवती जैसे ही परिक्रमा लगाते हुए मन्दिर के पीछे पहुंची, तभी वहां पहले से घात लगाए बैठे पड़ोसी राजेश ने युवती को पकड़ लिया और उसे मंदिर के पीछे खेत में ले जाकर उसके हाथ और मुंह को दुपट्टे से बांध दिया। इसके बाद युवती के साथ दरिंदगी की। जब युवती घर नहीं पहुंची तो उसके परिजन उसको खोजने के लिए मंदिर पहुंच गए। तभी युवक परिजनों को आता देख अपनी बाइक छोड़कर मौके से फरार हो गया। पीड़ित युवती ने अपनी आपबीती परिजनों को बताई तो आक्रोशित परिजनों ने युवक की बाइक में आग लगा कर उसे फूंक दिया। इसके बाद परिजन आरोपित युवक के घर पहुंचे। लेकिन घटना की जानकारी लगते ही युवक के परिजन घर में ताला लगाकर भाग निकले। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर कई थाने की फोर्स पहुंची। ग्रामीणों में आक्रोश को देखते हुए पीएसी बुलाना पड़ी। एएसपी सत्यपाल सिंह ने बताया कि पीड़ित युवती का बयान लेकर उसे मेडिकल के लिए भेज दिया गया है। फोरेंसिक टीम की मदद से घटना स्थल पर साक्ष्य एकत्र किए गए है । पीड़िता के पिता की तहरीर पर युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उसको पकड़ने के लिए टीम लगा दिया गया है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


