Hindi NewsUttar-pradesh NewsChitrakoot NewsTrain Coupling Breaks Disrupts Services on Mumbai-Howrah Route
चित्रकूट में कपलिंग टूटने से दो हिस्से में बंटी एलटीटी भागलपुर एक्सप्रेस, साढ़े पांच घंटे बाद हुई रवाना

चित्रकूट में कपलिंग टूटने से दो हिस्से में बंटी एलटीटी भागलपुर एक्सप्रेस, साढ़े पांच घंटे बाद हुई रवाना

संक्षेप: Chitrakoot News - चित्रकूट में रविवार की आधी रात एलटीटी भागलपुर एक्सप्रेस ट्रेन की तीन बोगियां कपलिंग टूटने से अलग हो गईं। गनीमत यह रही कि ट्रेन की गति धीमी थी, जिससे चालक ने समय पर ट्रेन रोक दी। इस घटना के कारण करीब...

Mon, 27 Oct 2025 01:22 PMNewswrap हिन्दुस्तान, चित्रकूट
share Share
Follow Us on

चित्रकूट, संवाददाता। मुंबई-हावड़ा रेल मार्ग में यूपी-एमपी की सीमा पर टिकरिया-मझगवां रेलवे स्टेशन के बीच रविवार की आधी रात के बाद गुजर रही एलटीटी भागलपुर एक्सप्रेस ट्रेन की पीछे वाली तीन बोगियां कपलिंग टूटने से अलग हो गई। गनीमत रही कि उस समय स्टेशन नजदीक होने से ट्रेन की रफ्तार धीमी थी। जिससे ट्रेन को चालक ने रोक दिया। बोगियां अलग होने की वजह से करीब दो घंटे तक ट्रेनों का आवागमन प्रभावित रहा। लोकमान्य तिलक मुंबई (एलटीटी) से भागलपुर चलने वाली 12336 एक्सप्रेस ट्रेन रविवार की रात मुंबई-हावड़ा रेल मार्ग के जरिए सतना होकर गुजर रही थी। यूपी की सीमा से सटे मझगवां स्टेशन छोड़ने के बाद रात करीब तीन बजे चित्रकूट जिले के टिकरिया स्टेशन पहुंचने से पहले अचानक कपलिंग टूटने से पीछे की तीन बोगियां अलग हो गईं।

इनमें एक स्लीपर व दो जनरल बोगियां शामिल हैं। टिकरिया स्टेशन नजदीक होने की वजह से ट्रेन की रफ्तार उस वक्त धीमी थी। जिससे गार्ड से जानकारी मिलते ही चालक ने ट्रेन को रोक दिया। इसके बाद रेलवे अधिकारियों को तत्काल सूचना दी गई। दोनों स्टेशनों के बीच ट्रेन के रुकने से अन्य संचालित ट्रेनों को रोका गया। किसी तरह एलटीटी एक्सप्रेस ट्रेन को सोमवार की सुबह करीब पांच बजे टिकरिया स्टेशन लाया गया। यहां पर सतना से पहुंची रेलवे इंजीनियरों व मैकेनिकल स्टॉफ की टीम ने स्लीपर को अलग करने के बाद दोनो जनरल बोगियां ट्रेन में जोड़ी। करीब साढ़े पांच घंटे बाद सोमवार को सुबह करीब आठ बजे ट्रेन रवाना हो पाई। मानिकपुर जंक्शन स्टेशन अधीक्षक शिवेश मालवीय ने बताया कि एलटीटी भागलपुर एक्सप्रेस ट्रेन की कपलिंग टूटने की वजह से करीब आधा दर्जन ट्रेनें प्रभावित हुई है। जिनको करीब दो घंटे बाद रवाना किया जा सका है।