मंदाकिनी में स्नान कर रहे युवक की डूबने से मौत
Chitrakoot News - चित्रकूट में 30 वर्षीय बल्ला उर्फ बबलू निषाद की मंदाकिनी नदी में नहाते समय डूबने से मौत हो गई। ग्रामीणों की मदद से एक घंटे बाद उसे नदी से निकाला गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर उसे मृत घोषित कर दिया गया। बबलू चार भाइयों में सबसे छोटा था और शराब का सेवन करता था।

चित्रकूट, संवाददाता। सीमा से सटे एमपी के चित्रकूट थाना क्षेत्र के लोहसरियन पुरवा में सोमवार को सुबह मंदाकिनी में नहाते समय युवक की डूबने से मौत हो गई। जानकारी पर परिजनों ने ग्रामीणों की मदद से करीब एक घंटे बाद युवक को नदी से बाहर निकाला और जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां डाक्टरों ने देखने के बाद मृत घोषित कर दिया। लोहसरियन पुरवा निवासी 30 वर्षीय बल्ला उर्फ बबलू निषाद सोमवार को सुबह अपने कुछ दोस्तों के साथ पार्टी करने गया था। वहां से आने के बाद करीब नौ बजे गांव के ही समीप मंदाकिनी में नहाने लगा। अचानक गहरे पानी में जाने से वह डूब गया।
आसपास उस समय कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था। काफी देर बाद उसके डूबने की जानकारी मिली तो परिजनों ने ग्रामीणों की मदद से खोजबीन शुरु की। करीब एक घंटे बाद नदी से उसे बाहर निकाला और जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां डाक्टरों ने देखने के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक चार भाइयों में सबसे छोटा था। सीतापुर चौकी प्रभारी यदुवीर सिंह ने बताया कि मामला एमपी क्षेत्र का है। लेकिन परिजनों ने नदी से निकालकर यूपी की तरफ पहुंचा दिया। परिजनों ने अवगत कराया कि बबलू शराब का सेवन अधिक करता था। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



