चित्रकूट में बाइक सवार दो छात्रों की मौत, प्रयागराज से परीक्षा देकर लौट रहे थे वापस
Chitrakoot News - चित्रकूट के मऊ थाना क्षेत्र में झांसी-मिर्जापुर नेशनल हाईवे पर शुक्रवार को दो छात्रों की अज्ञात वाहन से टक्कर में मौत हो गई। दोनों छात्र प्रयागराज से इंटरमीडिएट की परीक्षा देकर लौट रहे थे। पुलिस चालक की तलाश कर रही है, जिसने हादसे के बाद वाहन समेत भाग निकला।
चित्रकूट, संवाददाता। मऊ थाना क्षेत्र के छिवलहा के पास झांसी-मिर्जापुर नेशनल हाईवे में शुक्रवार की देर शाम बाइक सवार दो छात्रों की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई। दोनो छात्र प्रयागराज से इंटरमीडिएट की परीक्षा देकर वापस लौट रहे थे। हादसे के बाद वाहन समेत भागे चालक की पुलिस तलाश कर रही है। औझर निवासी सुरेशचंद्र का 18 वर्षीय बेटा विजय पाल व बसरेही निवासी रामलोचन निषाद का 18 वर्षीय बेटा सूरज निषाद आपस में दोस्त है। दोनो प्रयागराज में इंटरमीडिएट में पढ़ते है। बताते हैं कि शुक्रवार को दोनो लोग बाइक से परीक्षा देने प्रयागराज गए थे। देर शाम एक ही बाइक में दोनो लोग वापस लौट रहे थे।
छिवलहा गांव के पास झांसी-मिर्जापुर नेशनल हाईवे में अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। जिससे दोनो लोग बाइक समेत गिरकर गंभीर रुप से घायल हो गए। टक्कर मारने के बाद चालक वाहन समेत मौके से भाग निकला। ग्रामीणों से हादसे की जानकारी मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने दोनो को आनन-फानन सीएचसी पहुंचाया। जहां डाक्टरों ने देखने के बाद दोनो को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतकों के पास मिले आधारकार्ड से पहचान कर परिजनों को अवगत कराया। सूचना पाकर परिजन सीएचसी पहुंचे। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक सूरज निषाद के पिता रामलोचन निषाद गांव के प्रधान भी हैं। प्रभारी निरीक्षक मऊ दुर्गविजय सिंह ने बताया कि दोनो शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए है। हादसे के बाद भागे वाहन की तलाश की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



