चित्रकूट में अब हनुमान मंदिर से चांदी के तीन मुकुट चोरी
Chitrakoot News - चित्रकूट। संवाददाता भगवान राम की तपोभूमि धर्मनगरी चित्रकूट के मठ और मंदिर चोरों

चित्रकूट। संवाददाता भगवान राम की तपोभूमि धर्मनगरी चित्रकूट के मठ और मंदिर चोरों के निशाने पर हैं। इस बार चोर पुरानी लंका तिराहा भरत घाट के पास स्थित हनुमान मंदिर से चांदी के तीन मुकुट और कुंडल चोरी कर ले गए। चोरों ने शुक्रवार रात गर्भगृह के चैनल का ताला तोड़कर वारदात को अंजाम दिया। जांच पड़ताल के बाद पुलिस चोरों की तलाश में सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। बता दें कि सात दिन पहले ही भरत मंदिर का ताला तोड़कर चोर चांदी के आठ मुकुट चुरा ले गए थे। पुलिस अभी तक इसका खुलासा नहीं कर पाई है। सीमा से सटे एमपी के चित्रकूट थाना क्षेत्र में पुरानी लंका तिराहा भरत घाट के पास दक्षिणमुखी मनोकामना हनुमान मंदिर है।
शु्क्रवार की शाम पूजा-पाठ के बाद मंदिर के पट बंद कर दिए गए। देर रात चोर मंदिर के मुख्य गेट के साथ ही गर्भगृह के चैनल में लगा ताला तोड़कर अंदर घुसे और हनुमान प्रतिमा समेत अन्य देवताओं के चांदी के तीन मुकुट व कुंडल चोरी कर भाग निकले। शनिवार को जानकारी होने पर संतोषी अखाड़ा के महंत रामजी दास ने एमपी के चित्रकूट थाना पुलिस को सूचना दी। जानकारी पाकर पहुंची पुलिस ने छानबीन शुरू की। थाना प्रभारी गिरजाशंकर बाजपेयी ने बताया कि चोरों की तलाश में आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। चोरों को चिन्हित करने का प्रयास चल रहा है। जल्द ही चोरी का खुलासा कर शातिरों को दबोचा जाएगा। धर्मनगरी में मंदिरों में चोरी की घटना से भक्तों में आक्रोश है। उनका कहना है कि रात में गश्त न होने से वारदातें बढ़ रही हैं। मामले में जल्द खुलासा नहीं हुआ तो विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



