
रिटायर एटीओ से दो घंटे पूछताछ, एसआईटी ने जुटाई जानकारी
Chitrakoot News - 93 पेंशनरों के खातों में अनियमित भुगतान से 43.13 करोड़ का घोटाला सामने आया है। रिटायर सहायक कोषाधिकारी अवधेश प्रताप सिंह एसआईटी के सामने पेश हुए, जहां उनसे घोटाले के संबंध में पूछताछ की गई। उनके खिलाफ हाईकोर्ट से गिरफ्तारी पर रोक का आदेश है, लेकिन एसआईटी ने उन्हें कई सवालों के घेरे में लिया।
कोषागार से 93 पेंशनरों के खातों में अनियमित भुगतान कर हुए 43.13 करोड़ के घोटाले में नामजद आरोपित रिटायर सहायक कोषाधिकारी अवधेश प्रताप सिंह शनिवार की दोपहर एसआईटी के सामने पेश हुए। वह हाईकोर्ट से आगामी सुनवाई तिथि तक के लिए गिरफ्तारी लगी रोक के आदेश की प्रति एसआईटी को देने अपने अधिवक्ता व बेटी के साथ पहुंचे थे। एसआईटी ने उनसे करीब दो घंटे तक घोटाले के संबंध में पूछताछ कर जानकारी जुटाई। घोटाले के दौरान अवधेश प्रताप सिंह कोषागार में एटीओ के पद पर कार्यरत रहे है। उनके खिलाफ भी घोटाले में संलिप्तता पाए जाने पर नामजद मुकदमा दर्ज कराया गया था।
इसके बाद वह फरार हो गए थे। एसआईटी ने उनकी काफी तलाश की थी। बाद में रिटायर एटीओ ने हाईकोर्ट में शरण ली। हाईकोर्ट ने अगली सुनवाई तिथि 20 नवंबर तक उनकी गिरफ्तारी पर रोक लगा दी थी। जिसके आदेश की प्रति एसआईटी को देने के लिए रिटायर एटीओ अपने अधिवक्ता व बेटी के साथ पहुंचे थे। बताते हैं कि एसआईटी ने घोटाले की छानबीन के दौरान पूर्व में पेंशनरों, कोषागार कर्मियों व दलालों से पूछताछ में रिटायर एटीओ की मिली भूमिका पर सवाल किए। सूत्रों की मानें तो रिटायर एटीओ से उनके व परिजनों के बैंक खातों में ट्रांजेक्शन की गई धनराशि के संबंध में एसआईटी ने पूछताछ कर जानकारी जुटाई। इस बीच वह एसआईटी के सवालों में घिरे नजर आए और कई बार उनके माथे पर पसीने की बूंदें साफ झलकी। सवालों का जवाब वह घुमा-फिराकर देकर किसी तरह बचने की कोशिश भी करते रहे। कई बार उन्होंने पीने के लिए पानी भी मांगा। सूत्र बताते हैं कि एसआईटी ने सर्बिलांस के जरिए रिटायर एटीओ के फोन का कॉल डिटेल खंगाला था। जिसमें उनके कई पेंशनरों, दलालों आदि की नजदीकियां होने के तथ्य एसआईटी को मिले थे। एसआईटी ने इन बिंदुओं पर भी रिटायर एटीओ से पूछताछ करते हुए जानकारी जुटाई। सूत्रों की मानें तो एसआईटी के तथ्यात्मक सवालों का जवाब देने में रिटायर एटीओ बेचैन भी नजर आए।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




