
पागल कुत्ते ने तीन लोगों को काटा, सीएचसी में दाखिल
संक्षेप: Chitrakoot News - रैपुरा थाना क्षेत्र के रामनगर में पागल कुत्ते ने तीन लोगों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। इसके अलावा, दो अलग-अलग सड़क हादसों में मां-बेटा और दादी समेत पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
रैपुरा थाना क्षेत्र के रामनगर कस्बे में पागल कुत्ते ने तीन लोगों के ऊपर हमला कर काट लिया। बताते हैं कि रामनगर निवासी 45 वर्षीय राजेश कुमार, 20 वर्षीय विनोद प्रजापति, 22 वर्षीय ज्ञानचंद्र रविवार की शाम करीब आठ बजे दयाराम की दुकान से कुछ सामान लेने गए थे। अचानक पहुंचे पागल कुत्ते ने दुकान में घुसकर हमला बोल दिया। उसने राजेश का पैर दबोच लिया। तभी ज्ञानचंद्र व विनोद ने कुत्ते को भगाने का प्रयास किया। तभी कुत्ते ने इन दोनो को काट लिया। किसी तरह कुत्ते को भगाया गया। लोगों के मुताबिक पागल कुत्ते ने कस्बे के अन्य कई छोटे-छोटे कुत्तों पर हमला कर चुका है।

तीन घायलों को सीएचसी में दाखिल कराया गया है। सड़क हादसों में मां-बेटा, दादी समेत पांच लोग घायल, दो रेफर रामनगर। रैपुरा थाना क्षेत्र में अलग-अलग हुए दो सड़क हादसों में मां-बेटा व दादी समेत पांच लोग गंभीर रुप से घायल हो गए। खजुरिहा खुर्द के मजरा चहटा निवासी अमृतलाल का 21 वर्षीय बेटा अपनी मां 45 वर्षीया श्यामा व 65 वर्षीया दादी बेसनिया को बाइक में बैठाकर रविवार की देर शाम करीब 10 बजे रैपुरा की तरफ से वापस गांव आ रहे था। रामनगर पावर हाउस के पास हाईवे में अज्ञात वाहन ने बाइक में पीछे से ठोकर मार दी। जिससे तीनो लोगों को घायल होने पर सीएचसी रामनगर में दाखिल कराया। दूसरा हादसा देर शाम करीब नौ बजे प्राथमिक विद्यालय पियरी कगार के पास हाईवे में हुआ। मऊ थाना क्षेत्र के खंडेहा निवासी 30 वर्षीय रोहित व 18 वर्षीय सकलाश अपने दोस्त को मानिकपुर स्टेशन छोडने के बाद वापस लौट रहे थे। अचानक बाइक का अगला टायर फट जाने से दोनो लोग गिरकर घायल हो गए। दोनो को हालत गंभीर होने पर सीएचसी रामनगर से जिला अस्पताल रेफर किया गया है। छात्रों को बचाने में काली घाटी में ट्रक पलटा, चालक की जान बची मानिकपुर। कालीघाटी में छात्रों को बचाने के दौरान मक्का से लदा ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। सोमवार को अपरान्ह करीब तीन बजे शिवनी मप्र से यूपी के जगदीशपुर मक्का लादकर ट्रक जा रहा था। सामने से आ रही बाइक और साइकिल सवार छात्रों को बचाने के लिए चालक जय सिंह यादव ने ट्रक को दाहिनी तरफ पत्थरों की ओर मोड़ दिया। ट्रक बेकाबू होकर पलट गया। चालक जय सिंह यादव व खलासी रिंकू केबिन में फंस गए। आसपास मौजूद लोग दौड़कर पहुंचे और केबिन में फंसे दोनो लोगों को किसी तरह सुरक्षित बाहर निकाला। हादसे में चालक को गंभीर चोटें आई है। जबकि खलासी मामूली रुप से घायल हो गया। किसी तरह दोनो की जान बच गई। चालक ने बताया कि ट्रक का ब्रेक भी फेल हो गया था। सूचना पाकर मौके पर पुलिस भी पहुंची।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




