धर्मनगरी में पहुंचे श्रद्धालु, मंदाकिनी स्नान कर लगाई कामदगिरि परिक्रमा
Chitrakoot News - चित्रकूट में मकर संक्रांति पर श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी है। बुधवार को एकादशी के कारण खिचड़ी दान का योग नहीं होने से भीड़ कम रही। गुरुवार को पतित पावनी मंदाकिनी के घाटों पर श्रद्धालुओं का जमावड़ा रहेगा। यूपी-एमपी प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं।

चित्रकूट। संवाददाता भगवान राम की तपोभूमि धर्मनगरी चित्रकूट में मकर संक्रांति पर श्रद्धालुओं की भीड़ पहुंचने लगी है। बुधवार को एकादशी में खिचड़ी के दान का योग न होने की वजह से भीड़ कम रही। मकर संक्रांति में गुरुवार को पतित पावनी मंदाकिनी के विभिन्न घाटों पर पर श्रद्धालुओं का जमावड़ा रहेगा। यूपी-एमपी प्रशासन ने धर्मनगरी में भीड़ की संभावना को देखते सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतजाम किए हैं। धर्मनगरी में ज्यादातर लोग मकर संक्रांति का त्योहार गुरुवार को मना रहे है। इसकी वजह यह है कि बुधवार को एकादशी होने की वजह से खिचड़ी दान लोग नहीं करते। दिगंबर अखाड़ा के महंत दिव्य जीवनदास महाराज का कहना है कि मकर संक्रांति में गुरुवार को ही स्नान का योग है।
बुधवार को चावल का दान नहीं होता। गुरुवार को खिचड़ी दान का पुण्य लाभ है। नक्षत्रों के हिसाब से मकर संक्रांति का स्नान गुरुवार को है। इधर, बुधवार को भी धर्मनगरी में काफी श्रद्धालु पहुंचे। रामघाट में श्रद्धालुओं ने मंदाकिनी स्नान कर दान किया। इसके बाद भगवान कामदनाथ के दर्शन कर परिक्रमा लगाई। यूपी-एमपी प्रशासन ने भीड़ को देखते हुए पहले से ही सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतजाम किए है। गुरुवार को पतित पावनी मंदाकिनी के रामघाट, पुल घाट कर्वी, एमपी के राघव प्रयाग घाट, भरत घाट व आरोग्यधाम घाट पर श्रद्धालुओं का जमावड़ा लगेगा। यूपी प्रशासन ने मेला क्षेत्र में जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेटों के साथ ही भारी मात्रा में पुलिस बल तैनात किया है। रामघाट में गोताखोर आदि भी लगाए गए हैं। भीड़ वाले इलाकों में खासतौर पर निगरानी की जा रही है। भरतकूप में भी मकर संक्रांति पर स्नान के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ेगी। यहां पर भी सुरक्षा के इंतजाम किए गए है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




