चित्रकूट में अमावस्या मेला पर उमड़ी भीड़, लगाई आस्था की डुबकी

Newswrap हिन्दुस्तान, चित्रकूट
share

Chitrakoot News - चित्रकूट में बैशाख माह के अमावस्या मेले में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। भक्तों ने गर्मी के बावजूद पतित पावनी मंदाकिनी में स्नान किया और भगवान कामदनाथ के दर्शन किए। यूपी-एमपी प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण भी किया गया।

चित्रकूट में अमावस्या मेला पर उमड़ी भीड़, लगाई आस्था की डुबकी

चित्रकूट। भगवान राम की तपोभूमि धर्मनगरी चित्रकूट में बैशाख माह के अमावस्या मेले में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। अत्यधिक गर्मी में भी श्रद्धालुओं के कदम नहीं डगमगाए। रामघाट पहुंचकर श्रद्धालुओं ने पतित पावनी मंदाकिनी में डुबकी लगाई। इसके बाद भगवान कामदनाथ के दर्शन कर परिक्रमा लगाई। सुरक्षा को लेकर मेला क्षेत्र में यूपी-एमपी प्रशासन मुस्तैद रहा। अमावस्या मेले में एक दिन पहले से ही श्रद्धालु धर्मनगरी चित्रकूट पहुंचने लगे थे। शुक्रवार को तड़के से ही रामघाट में श्रद्धालुओं की भीड़ रही। खास बात यह है कि गर्मी को देखते हुए ज्यादातर श्रद्धालुओं ने सुबह ही पहुंचकर मंदाकिनी स्नान किया। धूप तेज होने से पहले ही भगवान कामदनाथ के दर्शन कर परिक्रमा भी लगाई।

इसके साथ ही रामघाट स्थित राजाधिराज मत्तगयेन्द्रनाथ मंदिर में जलाभिषेक भी किया। तड़के से ही देश के कोने-कोने से आए श्रद्धालुओं का पतित पावनी मां मंदाकिनी नदी के विभिन्न घाटों पर जमावड़ा रहा। मेला क्षेत्र में प्रभु श्रीराम व कामदनाथ के जयकारे गूंजते रहे। अमावस्या मेला में श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए यूपी-एमपी प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। पूरे मेला क्षेत्र में सीसीटीवी व पुलिस बल के जरिए कड़ी निगरानी रखी जा रही है। इसके साथ ही जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेट लगातार मुस्तैदी के साथ डटे रहे। यूपी क्षेत्र में एलआईयू सब इंस्पेक्टर शिवसागर तिवारी के नेतृत्व में एस चेक टीम, डॉग स्क्वॉयड व एलआईयू की संयुक्त टीम ने रामघाट, प्रमुख मठ मंदिरों समेत पूरे मेला क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया। डीबीएस टीम ने परिक्रमा मार्ग पर संदिग्ध वस्तुओं व स्थानों की चेकिंग की। यूपी पुलिस ने अमावस्या मेले में आए श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया। सीतापुर में काउंटर लगाकर करीब छह कुंतल केला पुलिस अधिकारियों ने बांटे। प्रभारी निरीक्षक भरतकूप उपेंद्र प्रताप सिंह, पहाड़ी थाने के एसआई श्यामदेव सिंह ने बताया कि हल्के नाश्ते के तौर पर प्रसाद वितरण किया गया। पुलिस महकमे की ओर से पिछले 31 माह से सीतापुर मेला क्षेत्र में अमावस्या मेला में आने वाले श्रद्धालुओं को फल, हल्का नाश्ता व प्रसाद वितरण किया जाता है।

Voice of UP
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।