गोस्वामी तुलसीदास जन्मभूमि: शोध समीक्षा पुस्तक का विमोचन, तुलसी जन्मस्थली को किया प्रमाणिक
Chitrakoot News - चित्रकूट में रामगणेश पांडेय की पुस्तक 'गोस्वामी तुलसीदास जन्मभूमि: शोध समीक्षा' का लोकार्पण मानस मंदिर में हुआ। ज्योतिषाचार्य डा प्रकाश द्विवेदी ने पुस्तक का विमोचन किया। यह पुस्तक धार्मिक और शोधपरक दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण है और तुलसीदास की जन्मभूमि से जुड़े प्रमाणिक तथ्यों को प्रस्तुत करती है।
चित्रकूट, संवाददाता। साहित्यकार एवं लेखक रामगणेश पांडेय की गोस्वामी तुलसीदास जन्मभूमि: शोध समीक्षा पुस्तक के छठवें संस्करण का लोकार्पण तुलसी जन्मस्थली राजापुर स्थित मानस मंदिर में हुआ। प्रयागराज से आए ज्योतिषाचार्य डा प्रकाश द्विवेदी मनुज ने विधि-विधान के साथ पुस्तक का विमोचन किया।उन्होंने कहा कि यह पुस्तक न केवल धार्मिक आस्था का विषय है, बल्कि शोधपरक दृष्टिकोण से भी अत्यंत महत्वपूर्ण कृति है। गोस्वामी तुलसीदास की जन्मभूमि को लेकर वर्षों से चल रहे विमर्श के बीच यह पुस्तक प्रमाणिक तथ्यों के आधार पर स्पष्टता प्रदान करती है। निश्चित तौर पर शोधार्थियों के लिए यह पुस्तक मार्गदर्शक सिद्ध होगी। पुस्तक के लेखक तुलसी इंटर कालेज के सेवानिवृत्त शिक्षक रामगणेश पांडेय ने कहा कि पुस्तक को तैयार करने में उन्होंने कई वर्ष तक विभिन्न स्थलों का भ्रमण करते हुए ऐतिहासिक एवं धार्मिक साक्ष्यों का गहन अध्ययन किया।
उनका उद्देश्य गोस्वामी तुलसीदास की जन्मभूमि से जुड़े तथ्यों को प्रमाणिक रूप में समाज के सामने प्रस्तुत करना था, ताकि नई पीढ़ी सही इतिहास से परिचित हो सके। मानस मंदिर के महंत रामाश्रय त्रिपाठी ने सभी को गोस्वामी तुलसीदास की हस्तलिखित श्रीराम चरितमानस (अयोध्याकांड) की मूल प्रति के दर्शन कराए। जिससे उपस्थित जनसमूह भाव-विभोर हो उठा। अतिथियों ने लेखक के प्रयास को बेहतर बताते हुए इसे तुलसी साहित्य और शोध के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान बताया। कार्यक्रम का समापन जय श्रीराम के उद्घोष के साथ हुआ। इस दौरान सेना से सेवानिवृत्त धर्मगुरु महेंद्र प्रसाद भार्गव इंदौर, साहित्यकार अरविंद मोनी बाबा, डा राजेंद्र पांडेय, सेवानिवृत्त शिक्षक रामआधार गौतम आदि लोग मौजूद रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


