रेल पटरी पर बाघ के चलते 15 मिनट रुकी रही मालगाड़ी
मानिकपुर में मालगाड़ी के सामने आया बाघ, 15 मिनट रुकी रही ट्रेन

मुंबई-हावड़ा रेल रूट पर सीमा से सटे एमपी क्षेत्र के इटवां डुडैला व मझगवां के बीच मंगलवार की देर रात बाघ गुजर रही मालगाड़ी के सामने आ गया। ट्रेन की रफ्तार धीमी होने के कारण रोशनी मंे बाघ के नजर आने पर चालक ने मालगाड़ी रोक दी। करीब 15 मिनट तक बाघ रेलवे ट्रैक पर ही मौजूद रहा। बाघ के जाने पर ही मालगाड़ी रवाना हो सकी।यूपी-एमपी की सीमा में पाठा के घनघोर जंगल व दुर्गम पहाडियों को वन्यजीवों ने अपना बसेरा बना रखा है। पन्ना रिजर्व टाइगर से बाघ-बाघिन के जोड़े ने कई शावकों को भी पिछले कई माह पहले जन्म दिया था। इनके अलावा गुलबदन, तेंदुआ, लंगूर आदि भी इन घनघोर जंगलों में है। पाठा के घनघोर जंगलों के बीच से ही मुंबई-हावड़ा रेल रूट गुजरा है। अक्सर वन्यजीव इस रूट से गुजरने वाली ट्रेनों की चपेट में आ जाते है। अब तक कई वन्यजीवों की जानें इसी में जा चुकी है। मंगलवार देर रात करीब 11 बजे इटवां डुड़ैला व मझगवां के बीच मानिकपुर से सतना जा रही मालगाड़ी को इटवां के पास रोकना पड़ा। कारण कि मालगाड़ी के सामने ही टाइगर आ गया था। मालगाड़ी की गति धीमी होने से हादसा टल गया। बताते हैं सतना-मानिकपुर रेलखंड के मध्य रेलवे किमी. क्रमांक 1217 से 1225 के बीच करीब 15 मिनट तक टाइगर बीच ट्रैक पर खड़ा रहा। चालक के हार्न बजाने के बाद भी वह नहीं हट रहा था। लगातार हार्न बजाने पर टाइगर जब ट्रैक से हटा, तभी मालगाड़ी आगे रवाना हुई।

