Chitrakoot News: सरधुवा-अर्की मार्ग में फिर भरा पानी, तिरहार का संपर्क कटा
Chitrakoot News: मंदाकिनी में आई बाढ़ और यमुना का जलस्तर बढ़ने से आई समस्या तटवर्ती इलाकों में बढ़ाई निगरानी राजापुर, संवाददाता। एक दिन की राहत के बाद यमुना और मंदाकिनी

Chitrakoot News: राजापुर, संवाददाता। एक दिन की राहत के बाद यमुना और मंदाकिनी नदी का जलस्तर बढ़ने से तलहटी में बसे गांवों के लोगों की मुश्किलें बढ़ गई है। तिरहार क्षेत्र के प्रमुख मार्ग अर्की रपटा के ऊपर करीब दो से तीन फीट आने के बाद आवागमन बंध हो गया। कुछ लोग जान हथेली पर रखकर जलभराव से होकर गुजरते रहे। सरधुवा के पास अर्की मार्ग पर बीते रविवार को जलभराव होने से आवागमन बंद हुआ था। लेकिन सोमवार को पानी नीचे जाने पर आवागमन चालू हो गया। इसी मार्ग से तिरहार क्षेत्र के गांवों का आवागमन होता है। मंगलवार को मार्ग में जलभराव होने से फिर आवागमन बंद हो गया।
मंदाकिनी की बाढ़ में मार्ग पर बना रपटा डूब गया। इसी तरह मोहरवां व चनहट के पास बने रपटों के ऊपर बाल्मीकि नदी का पानी पहुंचने से स्थिति भी गंभीर बन गई है। दोनों रपटों के ऊपर करीब सात से आठ फीट पानी बह रहा है। तेज बहाव के चलते इन मार्गों से आवागमन पूरी तरह बंद हो गया है। मोहरवां रपटा बंद होने से मोहरवां, अर्जुनपुर, बछरन, प्रसिद्धपुर, नोनार, पहाड़ी व कर्वी क्षेत्र का आवागमन प्रभावित है। चनहट मार्ग पर बाढ़ का पानी भर जाने से अनीपुर कछिया, गनीवा, बूढ़ा, सेमरवार, रगौली सहित आसपास के गांवों का संपर्क टूट गया है। मोहरवां के पास बने पुराने पुल को प्रशासन ने दोपहिया व चार पहिया वाहनों के आवागमन को लेकर चालू कराया है। इससे लोगों को कुछ राहत मिली है। एसडीएम पूजा गुप्ता ने बताया कि यमुना और मंदाकिनी नदी की तलहटी के गांवों में निगरानी की जा रही है। जिन रपटों और संपर्क मार्गों में जलभराव अधिक है, वहां लोगो को सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं।


