Chitrakoot News: प्रभावितों को राहत देने में जुटा प्रशासन, कई संगठन आगे आए
Chitrakoot News: चित्रकूट में आई बाढ़ से प्रभावित लोगों को राहत पहुंचाने के लिए प्रशासन की कोशिशें जारी हैं। डीएम और एसपी ने प्रभावित क्षेत्रों में दौरा कर 240 राहत किट और 250 लंच पैकेट वितरण किए। जिले में कुल 36 गांव प्रभावित हैं और 13913 लोग इसकी चपेट में आए हैं।

Chitrakoot News: चित्रकूट। जिले में आई बाढ़ से प्रभावित लोगों को राहत पहुंचाने में प्रशासन रात दिन जुटा है। डीएम पुलकित गर्ग व एसपी अरुण कुमार सिंह खुद बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा कर जायजा ले रहे है। उन्होंने पहाड़ी क्षेत्र के अरछा बरेठी, केवटन पुरवा व कुशवाहा पुरवा में पूर्व मंत्री चंद्रिका प्रसाद के साथ प्रभावितों को 240 राहत किट के साथ करीब 250 लंच पैकेट बांटे। इलाके में बाढ़ की स्थिति भी देखी। डीएम ने कहा कि बाढ़ का पानी धीरे-धीरे कम हो रहा है। प्रभावित परिवारों को राहत एवं सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। क्षति का आंकलन भी कराया जा रहा है। मुख्यालय कर्वी से सटे तरौंहा में एसडीएम अजय यादव की अगुवाई में प्रभावितों को राहत किट का वितरण किया गया। इधर गौरांश गोयल, राजेश्वरी अग्रवाल, प्रभु अग्रवाल, दिव्यांश वर्मा, हरि अग्रवाल, उर्वशी अग्रवाल, मानवी अग्रवाल, नव्या अग्रवाल, अभिषेक अग्रवाल, अमन अग्रवाल आदि युवाओं ने आपस में चंदा कर रामघाट, सीतापुर के मालकाना, डिलौरा व तरौंहा क्षेत्र में राहत सामग्री बांटीा। अंतर्जनपदीय शिक्षक वेलफेयर एसोसिएशन ने भी तरौंहा व पडरी में लंच पैकेट वितरित किए। सेवा भारती ने कानपुर प्रांत संगठन मंत्री गजेंद्र सिंह की मौजूदगी में गोबरिया के बाढ़ पीड़ितों को राहत सामग्री उपलब्ध कराई। जिलाध्यक्ष गुरु प्रकाश शुक्ला ने बताया कि बाढ़ में यहां काफी लोगों के मकान जलमग्न होने से लोगों का नुकसान हुआ है। भीम आर्मी जिलाध्यक्ष संजय गौतम के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने मकरी, हिनौता, भंभौर, खेरिया आदि में पीड़ितों को राहत सामग्री बांटी।
एक नजर
कुल प्रभावित गांव- 36
प्रभावित आबादी- 13913 व्यक्ति
रेस्क्यू कर सुरक्षित निकाले गए- 688 व्यक्ति
वितरित राहत किट- 2380
आंशिक गिरे मकान- 679
पूर्ण रुप से गिरा मकान- एक
क्षतिपूर्ति किए गए मकान- 221
क्षतिपूर्ति में भुगतान की गई धनराशि- 10.05 लाख

