ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश चित्रकूटकिसान आंदोलन आज, रेलवे ट्रैक जाम करने की तैयारी

किसान आंदोलन आज, रेलवे ट्रैक जाम करने की तैयारी

चित्रकूट। संवाददाता कृषि कानूनों व लखीमपुर मामले को लेकर किसान सोमवार को आंदोलन करेंगे।...

किसान आंदोलन आज, रेलवे ट्रैक जाम करने की तैयारी
हिन्दुस्तान टीम,चित्रकूटSun, 17 Oct 2021 05:30 PM
ऐप पर पढ़ें

चित्रकूट। संवाददाता

कृषि कानूनों व लखीमपुर मामले को लेकर किसान सोमवार को आंदोलन करेंगे। किसान मोर्चे ने इस बार रेलवे ट्रैक पर जाम लगाने की तैयारी की है। भाकियू पदाधिकारी आंदोलन की सफलता के लिए पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं को बुलाने में जुटे हैं। अधिक से अधिक किसानों को लाने का प्रयास किया जा रहा है। जिला प्रशासन इस आंदोलन पर बारीकी से नजर रख रहा है। आंदोलन को समर्थन देने वाले विभिन्न दलों के नेताओं पर भी निगाह रखी जा रही है। खुफिया तंत्र को सक्रिय किया गया है। जरूरत पड़ने पर कुछ लोग हाउस अरेस्ट भी किए जा सकते हैं।

किसान मोर्चे ने सोमवार को चक्का जाम का ऐलान किया है। इसके लिए किसान संगठनों के साथ ही अन्य समर्थन करने वाले विपक्षी दल तैयारियों जुटे हुए हैं। मुख्यालय में आंदोलन की तैयारी भाकियू कर रहा है। एक दिन पहले ही भाकियू पदाधिकारियों ने कृषि कानूनों की प्रतीकात्मक प्रतियां जलाई थीं।

भाकियू मीडिया प्रभारी देवेन्द्र सिंह ने बताया कि सभी किसान मुख्यालय की गल्ला मंडी में एकत्र होंगे। इसके बाद यहीं से जुलूस के साथ रेलवे स्टेशन के लिए निकलेंगे। हाईकमान स्तर से रेलवे ट्रैक को जाम करने के निर्देश आए हैं। जिसके तहत आंदोलन की तैयारियां की गई है। गांव-गांव से किसानों को आने के लिए अवगत कराया जा रहा है। वहीं दूसरी ओर जिला प्रशासन की ओर से रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड आदि सार्वजनिक स्थलों पर निगरानी शुरू कर दी गई है। आंदोलन में शामिल होने वाले पदाधिकारियों पर नजर रखी जा रही है। विपक्षी दलों के नेताओं पर भी प्रशासन की नजर है। सूत्रों की मानें तो प्रशासन जरूरत के हिसाब से खास पदाधिकारियों को हाउस अरेस्ट भी कर सकता है। ऐसी तैयारियां प्रशासन स्तर से पहले ही कर ली गई है। प्रशासन की निगरानी को देखते हुए आंदोलन में शामिल होने वाले संगठनों के खास पदाधिकारी पुलिस से बचने का प्रयास भी कर रहे हैं।

किसानों को भ्रमित कर रहे तथाकथित किसान

शिवरामपुर में भाजपा किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष पुष्पराज सिंह की अगुवाई में किसान चौपाल हुई। जिसमे पूर्व सांसद भैंरो प्रसाद मिश्र ने किसानों के हित में प्रधानमंत्री की चलाई योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि किसानों को तथाकथित किसान भ्रमित करने में लगे हैं। किसान सम्मान निधि से किसानों को लाभ मिल रहा है। मोर्चा के क्षेत्रीय मंत्री राजीव त्रिपाठी ने कहा कि मुख्यमंत्री ने आदेश जारी कर बिजली बिल बकाया होने पर किसानों के कनेक्शन न काटने के आदेश दिए हैं। जिलाध्यक्ष चंद्रप्रकाश खरे ने कहा कि किसानों के लिए चलाई जा रही योजनाओं को हर किसान तक पहुंचाने के लिए किसान मोर्चा के कार्यकर्ता पूरी तन्मयता से लगे हैं। इस मौके पर दिनेश तिवारी, अश्विनी अवस्थी, अनूप त्रिपाठी, श्रवण पटेल, रामबाबू, द्रोणाचार्य द्विवेदी, रोहित द्विवेदी, निर्मलेन्द्र पांडेय, जगदीश गौतम, सुधीर कुमार मिश्रा आदि मौजूद रहे।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें