Hindi NewsUttar-pradesh NewsChitrakoot NewsFarmer s Suicide Attempt Due to Fertilizer Distribution Halt in Chitrakoot
खाद न मिलने पर किसान ने समिति गेट पर किया खुदकुशी का प्रयास

खाद न मिलने पर किसान ने समिति गेट पर किया खुदकुशी का प्रयास

संक्षेप:

Chitrakoot News - चित्रकूट में एक किसान ने खाद वितरण न होने से परेशान होकर समिति के गेट पर फांसी लगाने का प्रयास किया। किसानों ने उसे बचाया और अस्पताल में भर्ती कराया। मामले की जांच के लिए प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि सचिव की लापरवाही से यह स्थिति उत्पन्न हुई है।

Wed, 3 Dec 2025 10:44 PMNewswrap हिन्दुस्तान, चित्रकूट
share Share
Follow Us on

चित्रकूट। संवाददाता सहकारी समिति पूरब पताई में खाद वितरण न होने से परेशान अधेड़ किसान ने बुधवार की दोपहर समिति के गेट पर ही फांसी लगाकर खुदकुशी का प्रयास किया। मौजूद अन्य किसानों ने उसे किसी तरह बचाया। आनन-फानन उसे सीएचसी मऊ में दाखिल कराया गया। डाक्टरों ने स्थिति खतरे से बाहर बताते हुए कुछ देर बाद ही उसे छुट्टी दे दी। सूचना मिलने पर एसडीएम, सीओ मऊ समेत एआर कोआपरेटिव व जिला कृषि अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारी मामले की छानबीन कर रहे हैं। सहकारी समिति पूरब पताई में पिछले तीन दिन से डीएपी का वितरण ठप है। सचिव ने किसानों को खाद के लिए टोकन वितरित कर दिए हैं।।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

बुधवार को करीब तीन सौ किसान सुबह से खाद लेने पहुंच गए लेकिन दोपहर 12 बजे तक समिति का ताला नहीं खुला। दोपहर करीब 12 बजे बरियारीकला गांव के मजरा बेलहा निवासी साधु वेशधारी 54 वर्षीय किसान नत्थू प्रसाद निषाद ने समिति के गेट पर गमछे का फंदा बनाया और गले में कसने के बाद खुदकुशी का प्रयास करने लगा। वहां मौजूद अन्य किसानों ने देखा तो दौड़कर पहुंचे और किसान को किसी तरह बचाया। किसानों ने प्रशासनिक अधिकारियों को अवगत कराकर नत्थू प्रसाद को सीएचसी मऊ पहुंचाया। नत्थू प्रसाद का कहना है कि उसे तीन दिन पहले टोकन मिला था। वह रोज खाद लेने समिति पहुंच रहा है लेकिन वितरण बंद होने की वजह से खाद नहीं मिल पाई। सूचना मिलने पर एसडीएम रामऋषि रमन, सीओ मऊ फहद अली, प्रभारी निरीक्षक दुर्गविजय सिंह ने अस्पताल पहुंचकर घटना की जानकारी ली। एआर कोआपरेटिव राजेन्द्र कुमार व जिला कृषि अधिकारी आरपी शुक्ला भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने किसान का हालचाल लिया। भरोसा दिया कि सभी किसानों को खाद उपलब्ध कराई जाएगी। जिला कृषि अधिकारी आरपी शुक्ल ने कहा कि पूरब पताई में सोमवार को खाद बांटी गई थी। सचिव ने किसानों को टोकन देकर बुधवार को फिर बुलाया था। लेकिन सचिव खाद वितरण के बजाय किसी काम से कर्वी चले आए। उनकी लापरवाही और मनमानी की वजह से इस तरह की स्थिति उत्पन्न हुई है। इसके लिए सचिव को नोटिस जारी कर जवाब मांगा जा रहा है। अन्य कार्रवाई उनके विभागीय स्तर से होगी।