
गंदगी देख भड़के डीएम, तत्काल साफ कराने की दी हिदायत
Chitrakoot News - डीएम पुलकित गर्ग ने जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। गंदगी मिलने पर उन्होंने सफाई के निर्देश दिए और अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार के लिए कई निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अस्पताल का प्रवेश द्वार अच्छा होना चाहिए और मरीजों के खेलने के लिए सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
डीएम पुलकित गर्ग ने गुरुवार को जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाएं देखी। अस्पताल के ठीक सामने गंदगी मिलने पर डीएम भड़क गए और सीएमएस को तत्काल सफाई कराने के निर्देश दिए। कहा कि गीला व सूखा कूड़ा के लिए यहां पर डस्टबिन भी रखें। बाउंड्री वॉल बनवाने के लिए पीडब्लूडी के सहायक अभियंता से इस्टीमेट बनवाएं। उन्होंने कहा कि जिला अस्पताल का प्रवेश द्वार अच्छा होना चाहिए। रोजाना साफ-सफाई के लिए ईओ नगर पालिका को निर्देश दिए। कहा कि यूजर फीस हर महीने जिला अस्पताल को भेजें। सीएमएस से कहा कि मरीजों के बच्चों के खेलने के लिए ओपन जिम, झूले आदि लगवाएं।
आकांक्षा कैंटीन में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से जानकारी ली। सीएमएस को निर्देश दिए कि टूटे व पुराने बेंच को उसे सही कराएं। डीएम ने प्रस्तावित वेटिंग हाल की जमीन का निरीक्षण करते हुए इस्टीमेट बनाकर शासन को भेजने के निर्देश दिए। टूटे हुए शीशे सही कराने को निर्देशित किया। इसके बाद डीएम ने ईसीआरपी 2 के तहत 32 सैया वाले पीडियाट्रिक वार्ड में पहुंचकर मरीजों से स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। इमर्जेंसी हॉल में भर्ती मरीजों से इलाज के संबंध में पूंछा। इस दौरान सीएमओ डा भूपेश द्विवेदी, सीएमएस डा शैलेंद्र कुमार, डा तनवीर, डा नरेंद्र पटेल, डा एके मोहन आदि मौजूद रहे। खराब आक्सीजन प्लांट और सीसीटीवी कैमरो की दी स्वीकृति डीएम की मौजूदगी में रोगी कल्याण समिति की बैठक जिला अस्पताल में हुई। जिसमें समिति ने लघु निर्माण के लिए मरम्मत कार्य कराने की मंजूरी दी। ऑक्सीजन प्लांट कई दिनो से खराब होने की जानकारी मिली। इसके अलावा सीसीटीवी कैमरा, टीवी आदि की जरुरत बताई गई। समिति ने इन सभी जरुरतों को स्वीकृति प्रदान की। बैठक में सीएमओ, सीएमएस, सदस्य पंकज अग्रवाल, अभिमन्यु सिंह आदि मौजूद रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




