प्रस्तावित रपटा स्थल देखने बाइक से पहुंचे डीएम और विधायक
Chitrakoot News - डीएम पुलकित गर्ग ने विधायक अविनाशचंद्र द्विवेदी के साथ माराचंद्रा गांव में चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। लोगों ने आवागमन और स्वास्थ्य सुविधाओं की मांग की। डीएम ने स्कूल की व्यवस्थाएं देखीं और निर्देश दिए कि बच्चों के लिए आवश्यक सामग्री खरीदी जाए। हाईटेंशन लाइन पर नाराजगी व्यक्त की।

मानिकपुर, संवाददाता। डीएम पुलकित गर्ग ने क्षेत्रीय विधायक अविनाशचंद्र द्विवेदी के साथ माराचंद्रा गांव में चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने गांव के कई मजरों का भ्रमण किया। लोगों ने कुछ मजरों में आवागमन के लिए रास्ते की समस्या बताई। तीन जगह चेकडैत व रपटा निर्माण की मांग लोगों ने उठाई। प्रस्तावित रपटा स्थल तक पहुंचने का रास्ता दुर्गम होने की वजह से कार पहुंचना मुश्लिक था। फलस्वरुप डीएम और विधायक ग्रामीणों के साथ बाइकों में सवार हुए और रपटा निर्माण के लिए प्रस्तावित स्थलों में पहुंचकर जायजा लिया।चौपाल में ग्रामीणों की ओर से पशु चिकित्सालय खोले जाने की मांग पर डीएम ने सीबीओ को नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए।
एसडीएम मानिकपुर से कहा कि जिन लोगों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास मिले है और वह ग्राम समाज की भूमि पर कई वर्षों से रह रहे हैं, उनको नियमानुसार आवासीय पट्टा उपलब्ध कराया जाए। ताकि वह प्रधानमंत्री आवास का निर्माण कर सके। गांव में सीएससी सेंटर व अन्नपूर्णा भवन का निर्माण चल रहा है। ग्रामीणों ने उपकेंद्र निर्माण की मांग रखी। डीएम ने कहा कि पीएचसी सरैया में शीघ्र ही अतिरिक्त तीन एएनएम की तैनाती कर गर्भवती महिलाओं को डिलीवरी की व्यवस्था उपलब्ध कराई जाएगी। ताकि यहां की गर्भवती महिलाओं को मुख्यालय न जाना पड़े। इसके बाद डीएम ने कंपोजिट विद्यालय का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं देखी। नामांकित 301 के सापेक्ष 144 छात्र उपस्थित मिले। बच्चों से सवाल कर डीएम ने शैक्षिक गुणवत्ता का आंकलन किया। एक छात्रा बिना जूते-चप्पल के मिली। डीएम ने प्रधानाध्यापक को निर्देश दिए कि अभिभावकों से संपर्क कर डीबीटी से प्राप्त धनराशि का उपयोग बच्चों की यूनिफॉर्म, जूते-मोजे, स्कूल बैग, स्वेटर एवं स्टेशनरी खरीद में सुनिश्चित कराएं। बीडीओ व प्रधान को किचन शेड निर्माण के निर्देश दिए।स्कूल के ऊपर से गुजरी हाईटेंशन लाइन देख जताई नाराजगीविद्यालय के ऊपर से गुजरी हाईटेंशन लाइन एवं पोल को देख डीएम ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। अधिशासी अभियंता विद्युत को फटकार लगाते हुए तत्काल लाइन हटाने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने प्राथमिक विद्यालय धोबहरा की व्यवस्थाएं देखी। यहां नामांकित 56 बच्चों में 35 मौजूद मिले। कुछ बच्चे बिना यूनिफॉर्म के मिलने पर प्रधानाध्यापक को निर्देशित किया कि अभिभावकों से संपर्क कर डीबीटी से प्राप्त धनराशि का उपयोग बच्चों की आवश्यक शैक्षिक सामग्री में उपयोग कराएं। विद्यालय में बाउंड्रीवाल न होने व शौचालय क्षतिग्रस्त पाए जाने पर जल्द ही दोनो का निर्माण कराने के निर्देश डीएम ने दिए।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


