गांवों में परिवहन सेवा उपलब्ध कराने पर जोर, रूटों की गूगल मैपिंग न कराए जाने पर डीएम ने जताई नाराजगी
Chitrakoot News - चित्रकूट में जिला प्रशासन ने ग्रामीण परिवहन सेवा शुरू करने की योजना बनाई है। डीएम पुलकित गर्ग ने अधिकारियों के साथ बैठक की और ग्रामीण बस सेवा के 13 आवेदन मिलने की जानकारी दी। इसका उद्देश्य दूरस्थ ग्राम पंचायतों को ब्लाक और जिला मुख्यालय से जोड़ना है।

चित्रकूट। जिला प्रशासन ग्राम पंचायतों को ब्लाक व जिला मुख्यालय से जोड़ते हुए परिवहन सेवा की शुरुआत करने की तैयारी में है। इसको लेकर डीएम पुलकित गर्ग ने अधिकारियों के साथ बैठक कर ग्राम परिवहन सेवा की समीक्षा की। इसका मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन को सुगम बनाना और दूरस्थ ग्राम पंचायतों को ब्लाक व जिला मुख्यालय से जोड़ना रहा। एआरएम रोडवेज ने अवगत कराया कि ग्रामीण बस सेवा को लेकर अब तक 13 आवेदन आए हैं। डीएम ने कहा कि सेवा में लगाए जाने वाले वाहन चालकों के पास वैध लाइसेंस होने के साथ ही उनको प्रशिक्षित किया जाए।
यात्री मालकर अधिकारी को निर्देश दिए कि परिवहन सेवा से संबंधित दस्तावेजीकरण एवं कागजी कार्रवाई को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराएं। यह सुनिश्चित किया जाए कि यात्रियों से शासन स्तर से निर्धारित गाइड लाइन के अनुसार प्रत्येक यात्री से डीजल वाहन में 95 पैसा व सीएनजी में 89 पैसा प्रति किमी किराया वसूला जाए। उन्होंने अब तक रूटों की गूगल मैपिंग न कराए जाने पर एआरएम को कड़ी फटकार लगाते हुए नाराजगी व्यक्त की। चेतावनी दी कि अगर 24 घंटे में मैपिंग का कार्य पूर्ण कर रिपोर्ट उपलब्ध नहीं कराई गई, तो संबंधित के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के लिए शासन को पत्र भेजा जाएगा। डीएम ने कहा कि प्रत्येक निर्धारित ब्लॉक से वाहनों का संचालन रोजाना कम से कम दो बार सुनिश्चित किया जाए, ताकि शहर आने वाले यात्री समय से वापस लौट सकें। रूट का निर्धारण इस प्रकार रहे कि ग्राम पंचायत से ब्लाक होते हुए वाहन मुख्यालय तक पहुंचे। डीपीआरओ के समन्वय से ग्राम पंचायतों की सूची लेकर गूगल मीट के जरिए फीडिंग की जाए। यात्री मालकर अधिकारी को निर्देश दिए कि रूट इस तरह तैयार करें कि अधिक से अधिक ग्राम पंचायतें लाभान्वित हों और मार्गों पर वाहनों की ओवरलैपिंग न होने पाए। वाहन केवल निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही खड़े किए जाएं, सड़कों पर नहीं होने चाहिए। बैठक में एडीएम वित्त एवं राजस्व चंद्रशेखर, यात्री मालकर अधिकारी दीप्ति त्रिपाठी, एआरएम रोडवेज व बस प्रबंधक आदि लोग मौजूद रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


