ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश चित्रकूटभोर में काबू आया ददुआ का हाथी

भोर में काबू आया ददुआ का हाथी

डकैत ददुआ के बेटे पूर्व विधायक वीर सिंह का हाथी जय सिंह आखिरकार शनिवार को सुबह कब्जे में आ गया। रात भर महावतों व वन विभाग की टीम को हलकान करने के बाद हाथी खुद गांव देवकली पहुंचकर शांत हो गया। हाथी...

भोर में काबू आया ददुआ का हाथी
हिन्दुस्तान टीम,चित्रकूटSat, 09 May 2020 10:14 PM
ऐप पर पढ़ें

डकैत ददुआ के बेटे पूर्व विधायक वीर सिंह का हाथी जय सिंह आखिरकार शनिवार को सुबह कब्जे में आ गया। रात भर महावतों व वन विभाग की टीम को हलकान करने के बाद हाथी खुद गांव देवकली पहुंचकर शांत हो गया। हाथी का गुस्सा शांत होने के बाद वन विभाग के अफसरों ने भी राहत की सांस ली है। कब्जे में आने के बाद हाथी के पैरों में जंजीरें डाल दी गई हैं। शुक्रवार को अचानक गुस्साए हाथी ने महावत को पटक दिया था और जंगल की तरफ भाग गया था।

वर्ष 2005 में हाथी जय सिंह को डकैत ददुआ ने बिहार से खरीदा था। ददुआ के मारे जाने के बाद हाथी की जिम्मेदारी उसके बेटे पूर्व विधायक वीर सिंह पटेल निभा रहे हैं। हाथी जय सिंह को काबू में रखने के लिए दो महावत बच्चा बाबा निवासी हमीरपुर व ननकऊ निवासी प्रयागराज भी हैं। पूर्व विधायक ने अपने गांव देवकली में हाथी को रखने का इंतजाम किया है। शुक्रवार को सुबह करीब 10 बजे महावत हाथी को भौंरी गांव की तरफ घुमान आए थे। अचानक गुस्साए हाथी ने बच्चा बाबा को पटक दिया था। इसके बाद काफी देर तक हाथी ने उत्पात मचाया। सूचना पाकर डीएफओ कैलाश प्रकाश, एसडीओ आरके दीक्षित भी पूरी टीम के साथ पहुंचे थे। हाथी के गुस्से को देखकर लोग घरों में घुस गए थे। जंगल की तरफ भागे हाथी के पीछे लोग लगे हुए थे। वन विभाग की टीम ने महावतों के साथ मिलकर हाथी को काबू में करने का प्रयास किया, लेकिन वह उसके नजदीक जाने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे थे। बाद में हाथी देवकली की ओर जाकर नदी में घुस गया। रात भर हाथी तमसा नदी के किनारे जंगल में टहलता रहा। करीब दो घंटे तक नदी के पानी में भी हाथी लोटता रहा। शनिवार को सुबह हाथी देवकली पहुंचा। उसका गुस्सा कम होने के बाद महावत व वन विभाग की टीम उसके पास पहुंची। पहुंचते ही हाथी के पैरों में जंजीर डाल दी गईं। डीएफओ कैलाश प्रकाश ने बताया कि हाथी किसी बात को लेकर हाथी गुस्सा हुआ था। ऐसा प्रतीत हो रहा है। वह अपनी टीम के साथ मौके पर बराबर डटे रहे है। ऐसे में हाथी ने किसी तरह की क्षति नहीं पहुंचाई है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें