पाठा में शिक्षा, पेयजल और किसानों की समस्याओं को लेकर बुंदेलखंड मुक्ति मोर्चा ने बुलंद की आवाज
Chitrakoot News - बुंदेलखंड मुक्ति मोर्चा ने पाठा क्षेत्र में शिक्षा, पेयजल और किसानों की समस्याओं को लेकर आवाज उठाई है। कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट जाकर डीएम को ज्ञापन सौंपा। पाठा क्षेत्र में अभ्युदय कोचिंग सेंटर की आवश्यकता और गेहूं खरीद में देरी की शिकायत की गई। प्रशासन से समस्याओं के समाधान की मांग की गई।

चित्रकूट, संवाददाता। बुंदेलखंड मुक्ति मोर्चा ने पाठा क्षेत्र में शिक्षा, पेयजल व किसानों की समस्याओं को लेकर आवाज बुलंद की है। लामबंद कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट पहंुचकर प्रदर्शन के साथ डीएम को संबोधित ज्ञापन अपर एसडीएम अजय यादव को सौंपा है। पाठा क्षेत्र में अभ्युदय कोचिंग सेंटर की शुरुआत के साथ ही बहिल पुरवा में गेहूं खरीद संचालित करने की ज्ञापन में मांग की गई है।ज्ञापन में अवगत कराया कि पाठा क्षेत्र शैक्षिक दृष्टि से काफी पिछड़ा हुआ है। यहां के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को संसाधनों एवं उचित मार्गदर्शन के अभाव में प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता नहीं मिल पा रही है। आर्थिक कमजोरी के कारण अधिकांश विद्यार्थी निजी कोचिंग संस्थानों में प्रवेश नहीं ले पाते हैं।
फलस्वरुप रुखमा खुर्द में मुख्यमंत्री अभ्युदय नि:शुल्क कोचिंग सेंटर खोला जाना जरुरी है। बहिल पुरवा सहकारी समिति में अभी तक गेहूं खरीद शुरु नहीं की गई है। किसानों को अपनी उपज औने-पौने दामों पर बेचने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। रुकमा बुजुर्ग के मजरा बरहुनीतीर में पिछले छह महीने से हैंडपंप खराब है। जिसे ठीक नहीं कराया गया है। समाजसेवी प्रखर पटेल ने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए शिक्षा एवं किसानों की समस्याओं का समाधान जरुरी है। मुकेश कुमार ने प्रशासन से सभी समस्याओं का निदान करने की मांग की। इस दौरान मीरा भारती, संजय सिंह, विपिन, सागर पटेल, विक्रम पटेल, अजय पटेल, अतुल पटेल, संदीप, अंकित, अभय, सद्दाम आदि लोग मौजूद रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


