
मेरठ जेल में बंद चीनी महिला की डिमांड, बोली- खाने में चिकन-मटन चाहिए; प्रशासन ने ठुकराई फरमाइश
नोएडा में करोड़ों की जीएसटी चोरी के आरोप में मेरठ जेल में बंद चीनी महिला को खाने में चिकन-मटन की डिमांड की है। हालांकि जेल अधिकारियों ने मैनुअल का हवाला देते हुए इससे मना कर दिया। बताया कि जेल में विशेष परमिशन के बाद ही चिकन दिया जा सकता है, जिसकी व्यवस्था बाहर से होती है।
गौतमबुद्धनगर में करोड़ों रुपये की जीएसटी चोरी के आरोप में मेरठ जेल में बंद चीनी महिला एलिस ली ने खाने में चिकन-मटन मांगा है। जेल अधिकारियों ने जेल मैनुअल का हवाला देते हुए इससे मना कर दिया। बताया कि जेल में विशेष परमिशन के बाद ही चिकन दिया जा सकता है, जिसकी व्यवस्था बाहर से होती है। वहीं, शनिवार को एलिस ली के पति सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता की टीम के साथ जेल में पत्नी से मिलने पहुंचे थे। उन्होंने पत्नी को फल दिए। एलिस फिलहाल फल, दाल और जेल का खाना खा रही है। उसके स्वास्थ्य को लेकर डॉक्टर लगातार निगरानी बनाए हैं और रिपोर्ट जेल प्रशासन को दी जा रही है।

गौतमबुद्धनगर की सीजीएसटी टीम ने करीब 10 करोड़ रुपये की जीएसटी चोरी के आरोप में टेनटेक एलईडी डिस्प्ले कंपनी के मालिकों पर कार्रवाई करते हुए 27 अगस्त को मुकदमा दर्ज किया था। 51 प्रतिशत शेयरधारक प्रबंध निदेशक विनय कुमार और कंपनी के चीनी निदेशक हू लेई की करीबी एलिस ली (भारत में कंपनी की सुरक्षा इंचार्ज और निगरानीकर्ता) को जीएसटी टीम ने गिरफ्तार किया था। दोनों को मेरठ में विशेष मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की कोर्ट में पेश किया गया, जहां से दोनों को जिला कारागार भेजा गया।
एलिस ली ने जेल जाने के बाद चिकन-मटन खाने के लिए मांगा था। चूंकि जेल मैनुअल में मांसाहार देने का प्रावधान नहीं है, इसलिए जेल अधिकारियों ने मना कर दिया। इसके बाद एलिस ली ने खाना कम कर दिया। डॉक्टरों से राय ली गई और एलिस ली को लगातार डॉक्टरी निगरानी में रखा गया है। शनिवार को एलिस ली के पति जुहान ली सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता की टीम के साथ जेल में पत्नी एलिस ली से मुलाकात करने पहुंचे थे। जुहान ली दवाएं और खाने के लिए फल लेकर आए थे। करीब 30 मिनट बातचीत की। जुहान ली ने जेल अधीक्षक से मुलाकात करते हुए उनसे जमानत प्रक्रिया के बारे में बात की। पत्नी के स्वास्थ्य को लेकर भी बातचीत की।
जेल की दाल और फल खा रही एलिस
वरिष्ठ जेल अधीक्षक वीरेश राज शर्मा ने बताया कि एलिस को नियमों और जेल मैनुअल की जानकारी दी गई है। जेल में मांसाहार नहीं दिया जाता। डॉक्टरों की निगरानी में एलिस को रखा गया है। साथ ही एलिस खाने में फल खा रही है, जो पति देकर गए थे। इसके अलावा वह जेल की दाल और खाना खा रही है। परिजनों को भी बताया गया है कि एलिस के स्वास्थ्य निगरानी के लिए डॉक्टर लगे हैं।
वरिष्ठ जेल अधीक्षक वीरेश राज शर्मा ने बताया कि एलिस ने खाने के लिए चिकन-मटन मांगा था, चूंकि इसके बिना वह खाना नहीं खाती। उन्हें बताया गया कि जेल में यह सब नहीं बनता और इसकी अनुमति भी नहीं है। फिलहाल उनके परिजन जो फल लेकर आए, एलिस उन्हें खा रही है। जेल की दाल और खाना भी शुरू कराया गया है।





