शादी समारोह में चिकन ने कराया बवाल, एक युवक की मौत, छह घायल

हिन्दुस्तान संवाद, गोरखपुर
Follow us on Google News
share

गोरखपुर में शादी समारोह के दौरान मामूली बात ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। कपड़ों पर चिकन गिरने को लेकर बारातियों के बीच शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। इस बवाल में एक युवक की मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हो गए।

शादी समारोह में चिकन ने कराया बवाल, एक युवक की मौत, छह घायल

UP News: यूपी के गोरखपुर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां एक शादी समारोह में मुर्गे ने बवाल करा दिया। दरअसल, शाहपुर के बिछिया स्थित बघेल मैरिज हॉल में खाने के दौरान कपड़ों पर चिकन गिरने पर बारात में आए युवक की हत्या कर दी गई। इस दौरान हुए बवाल में छह लोग घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को मेडिकल कालेज में भर्ती कराया। शनिवार शाम तक पुलिस ने इस मामले में सात आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। उधर, एसएसपी डॉक्टर कौस्तुभ ने इलाके के चौकी इंचार्ज को सस्पेंड कर दिया है।

शाहपुर इलाके के आवास विकास कॉलोनी स्थित मलिन बस्ती के रहने वाले समीर कुमार नगर निगम में सफाईकर्मी हैं। उनकी शादी जंगल तुलसीराम बिछिया सिंहासनपुर के रहने वाले जितेंद्र कुमार की बेटी फलक से तय हुई थी। बाराती डीजे की धुन पर नाचते-गाते रात करीब 10:30 बजे बिछिया आदर्श नगर स्थित बघेल मैरिज हॉल पहुंचे। स्वागत और द्वारपूजा की रस्म के दौरान ही डीजे पर डांस को लेकर सबसे पहले कहासुनी की शुरुआत हुई। उसके बाद खाने में मुर्गे की टांग को लेकर खाने की टेबल पर काफी भीड़ हो गई और एक बार फिर यहां विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई।

इसी विवाद में धक्का लगने से बारात में आए किसी युवक के कपड़ों पर चिकन गिर गया। इसको लेकर गाली-गलौज और हाथापाई शुरू हो गई। देखते ही देखते दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और मारपीट शुरू हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बेल्ट, डंडे और ईंट-पत्थर चले। इसी दौरान हुई पिटाई से सुमित कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

ईंटों के टुकड़े बयां कर रहे मारपीट की भयावहता

मैरिज हॉल और आसपास की सड़कें शनिवार सुबह ईंटों के टुकड़ों से पटी दिखीं। मौके का हाल देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि दोनों पक्षों के बीच कितनी उग्र मारपीट हुई थी। सुमित कुमार की शादी तीन महीने पहले ही हुई थी। बारात में जाने से पहले उन्होंने पत्नी रानी से रात 12 बजे तक लौटने की बात कही थी। परिजनों को क्या पता था कि शादी समारोह से उनकी लाश लौटेगी। सुमित की मां रेलवे में सफाईकर्मी हैं।

सात आरोपित गिरफ्तार

इस मामले में एसपी सिटी निमिष पाटिल ने बताया कि डीजे पर डांस के दौरान कहासुनी से विवाद शुरू हुआ, मुर्गे की टांग के साथ ही शर्ट पर चिकन गिरने के बाद बवाल बढ़ गया। मारपीट-पथराव में एक युवक की मौत हो गई। सात आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है। सभी को कोर्ट में पेश किया जहां से जेल भेज दिया गया।

Pawan Kumar Sharma

लेखक के बारे में

Pawan Kumar Sharma

पवन कुमार शर्मा पिछले चार वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हैं। डिजिटल मीडिया में काम करते हुए वह उत्तर प्रदेश की राजनीति, क्राइम, सरकारी योजनाओं और टूरिज्म से जुड़े मुद्दों पर नियमित रूप से लिखते हैं। इससे पहले पवन एबीपी न्यूज के साथ बतौर फ्रीलांसर काम कर चुके हैं। पवन ने नई दिल्ली स्थित भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से रेडियो एवं टेलीविजन पत्रकारिता की पढ़ाई की है। इससे पहले क्राइस्ट चर्च कॉलेज, कानपुर से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया। ग्राउंड रिपोर्टिंग और अकादमिक समझ के साथ पवन तथ्यात्मक, संतुलित और पाठक-केंद्रित समाचार लेखन करते हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।