यूपी में न्यू ईयर की पार्टी में बवाल, डीजे बंद कराने पहुंची पुलिस टीम पर हमला, वर्दी भी फाड़ी
बरेली में न्यू ईयर पार्टी में देर रात बवाल हो गया है। शहर के ग्रीन पार्क क्षेत्र स्थित सोबती कांटिनेंटल होटल में बजे रहे डीजे को बंद कराने पहुंची पुलिस टीम पर हमला कर दिया गया।
यूपी के बरेली में न्यू ईयर पार्टी में देर रात बवाल हो गया है। शहर के ग्रीन पार्क क्षेत्र स्थित सोबती कांटिनेंटल होटल में बजे रहे डीजे को बंद कराने पहुंची पुलिस टीम पर हमला कर दिया गया। इस मामले में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करके होटल के मैनेजर, संचालक की रिश्तेदार समेत तीन को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, रात करीब ढाई बजे बिना किसी अनुमति के तेज आवाज में डीजे बजाया जा रहा था और होटल सोबती कांटिनेंटल में शराब पार्टी चल रही थी। रात डेढ़ बजे पुलिस ने वहां जाकर डीजे बंद करा दिया। मगर रात ढाई बजे संचालकों ने दोबारा डीजे शुरू कर दिया। तेज शोर-शराबे से आसपास के लोगों को परेशानी हो रही थी, जिस पर पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस टीम मौके पर पहुंची और नियमों का हवाला देते हुए डीजे बंद कराने के निर्देश दिए। पुलिस द्वारा डीजे बंद कराए जाने पर होटल प्रबंधन से जुड़े लोगों ने पुलिस टीम से अभद्रता शुरू कर दी। आरोप है कि बात इतनी बढ़ गई कि आरोपियों ने पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की की, वर्दी फाड़ दी और गला दबाकर जानलेवा हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से कुछ देर के लिए मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल अतिरिक्त बल बुलाया और कार्रवाई करते हुए होटल के मैनेजर, संचालक के एक रिश्तेदार समेत तीन आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
बारादरी पुलिस का कहना है कि डीजे बजाने के लिए कोई वैध अनुमति नहीं ली गई थी और ध्वनि प्रदूषण से जुड़े नियमों का खुला उल्लंघन किया जा रहा था। इस मामले में आरोपियों के खिलाफ पुलिस पर हमला, सरकारी कार्य में बाधा डालना, ध्वनि प्रदूषण और अन्य संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था भंग करने और पुलिस के कर्तव्य में बाधा डालने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। होटल प्रबंधन की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

लेखक के बारे में
Dinesh Rathourदिनेश राठौर लाइव हिन्दुस्तान की यूपी टीम में पिछले आठ सालों से काम कर रहे हैं। वह लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर हैं। कानपुर यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएशन किया है। पत्रकारिता में 13 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले दिनेश की डिजिटल मीडिया और प्रिंट जर्नलिज्म में अलग पहचान है। इससे पहले लंबे समय तक प्रिंट में डेस्क पर भी काम किया है। कुछ सालों तक ब्यूरो में भी रहे हैं। यूपी और राजस्थान के सीकर जिले में भी पत्रकारिता कर चुके हैं। यूपी की राजनीति के साथ सोशल, क्राइम की खबरों को सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचाते हैं। वायरल वीडियो की फैक्ट चेकिंग में दिनेश को महारत हासिल है।
और पढ़ें



