अब गुजरात नहीं नगीना मॉडल की होगी चर्चा, चंद्रशेखर आजाद ने 2027 के लिए खेला बड़ा दांव
आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष और भीम आर्मी प्रमुख सांसद चंद्रशेखर सत्ता परिवर्तन यात्रा निकाल रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब गुजरात नहीं नगीना मॉडल की चर्चा होगी। चंद्रशेखर ने 2027 के लिए कर्मचारियों के नाम पर बड़ा दांव भी खेला

आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) की ओर से गुरुवार को आयोजित सत्ता परिवर्तन यात्रा में मुख्य अतिथि नगीना सांसद चन्द्रशेखर आजाद ने कहा कि नगीना लोकसभा चुनाव के बाद प्रदेश की राजनीति में बदलाव का संदेश गया है। उन्होंने दावा किया कि जिस प्रकार कभी गुजरात मॉडल की चर्चा होती थी, उसी तरह अब नगीना मॉडल की चर्चा होगी, आने वाले समय में नगीना मॉडल पूरे देश में आदर्श बनेगा। सांसद ने कहा कि नगीना मॉडल सामाजिक न्याय, अधिकारों की लड़ाई और कमजोर वर्गों को सम्मान दिलाने का मॉडल है, इसे पूरे देश में लागू किया जाएगा। 12वीं तक मुफ्त शिक्षा, 300 यूनिट बिजली मुफ्त और कर्मचारियों को पुरानी पेंशन का दांव खेला।
गुरुवार को इंदिरा बाल भवन में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए चंद्रशेखर ने केंद्र-प्रदेश सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा लोकतंत्र में किसी भी राजनीतिक दल को जनता के बीच जाने और अपनी बात रखने का अधिकार है। उन्होंने आरोप लगाया सत्ता परिवर्तन यात्रा को विफल करने की कोशिश की गई, लेकिन जनता के समर्थन ने साबित कर दिया कि लोग बदलाव चाहते हैं।
2027 के लिए बड़ा दांव
उन्होंने कहा कि नगीना मॉडल उन लोगों का प्रतिनिधित्व करता है जो अन्याय और उत्पीड़न के खिलाफ संघर्ष करना जानते हैं। जनसभा के दौरान सांसद ने कई घोषणाएं और वादे भी किए। उन्होंने कहा कि यदि उनकी पार्टी को सत्ता में आने का अवसर मिलता है तो कक्षा एक से इंटरमीडिएट तक की शिक्षा निशुल्क की जाएगी। प्रत्येक परिवार को 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली देने और सरकारी कर्मचारियों की पुरानी पेंशन योजना बहाल करने का प्रयास किया जाएगा। युवाओं, किसानों, मजदूरों और कर्मचारियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ दिया जाएगा।
दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष हिमांशु वाल्मीकि के संचालन में आयोजित सभा में प्रदेशाध्यक्ष सुनील कुमार चित्तौड़, भीम आर्मी राष्ट्रीय अध्यक्ष विनय रतन, महासचिव रविन्द्र भाटी, मंडल प्रभारी चेयरमैन खुर्शीद मंसूरी, जिलाध्यक्ष सतेन्द्र कुमार, आयुष चौहान, गौहर इकबाल, मौलाना अतीक अहमद, अशोक कुमार, सुखबीर प्रधान, अशरफ जमील एड. आदि मौजूद रहे।
मुख्य चौराहों से गुजरी परिवर्तन यात्रा
जनसभा के बाद सत्ता परिवर्तन यात्रा इंदिरा बाल भवन से शुरू हुई। यात्रा नुमाइश चौक, जजी चौक, शास्त्री चौक, शहर कोतवाली, दयानंद इंटर कॉलेज, रविदास मंदिर और रामलीला चौक सहित शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी।
रैली से पूर्व सांसद चंद्रशेखर सहित आसपा नेताओं को किया नजरबंद
आजाद समाज पार्टी की सत्ता परिवर्तन यात्रा में जाने से रोकने के लिए पुलिस प्रशासन ने सांसद नगीना चन्द्रशेखर आजाद सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को हाउस अरेस्ट कर लिया। हालांकि बाद में सांसद, पुलिस अधिकारियों से वार्ता के बाद धामपुर से अपने समर्थकों के साथ बिजनौर पहुंचे।
लेखक के बारे में
Yogesh Yadavयोगेश यादव लाइव हिन्दुस्तान में पिछले छह वर्षों से यूपी सेक्शन को देख रहे हैं। यूपी की राजनीति, क्राइम और करेंट अफेयर से जुड़ी खबरों को कवर करने की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। यूपी की राजनीतिक खबरों के साथ क्राइम की खबरों पर खास पकड़ रखते हैं। यूपी में हो रहे विकास कार्यों, शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में आ रहे बदलाव के साथ यहां की मूलभूत समस्याओं पर गहरी नजर रखते हैं।
पत्रकारिता में दो दशक का लंबा अनुभव रखने वाले योगेश ने डिजिटल से पहले प्रिंट में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। लम्बे समय तक हिन्दुस्तान वाराणसी में सिटी और पूर्वांचल के नौ जिलों की अपकंट्री टीम को लीड किया है। वाराणसी से पहले चड़ीगढ़ और प्रयागराज हिन्दुस्तान को लांच कराने वाली टीम में शामिल रहे। प्रयागराज की सिटी टीम का नेतृत्व भी किया।
बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) से बीकॉम में ग्रेजुएट और बनारस की ही काशी विद्यापीठ से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट योगेश ने कई स्पेशल प्रोजेक्ट पर काम भी किया है। राष्ट्रीय नेताओं के दौरों को कवर करते हुए उनके इंटरव्यू किये। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की मौत से जुड़े रहस्यों पर हिन्दुस्तान के लिए सीरीज भी लिख चुके हैं।


