चंद्रशेखर आजाद का बड़ा ऐलान; सरकार बनी तो 12वीं तक मुफ्त शिक्षा और 750 रुपये मिलेगा मानदेय
सत्ता परिवर्तन यात्रा पर निकले सांसद चंद्रशेखर आजाद शनिवार में शामली पहुंचे। यहां आयोजित सभा में प्रदेश एवं केंद्र सरकार को घेरा। साथ ही उन्होंने सरकार बनने पर शराब बंदी एवं शिक्षा, रोजगार को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के साथ प्रतिदिन न्यूनतम मजदूरी 750 रुपये करने का वादा किया।

UP News: सत्ता परिवर्तन यात्रा पर निकले आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद शनिवार में शामली पहुंचे। उन्होंने खेड़ी करमू में आयोजित सभा में प्रदेश एवं केंद्र सरकार को घेरा। साथ ही प्रदेश में उनकी सरकार बनने पर युवा, किसान, महिला एवं कर्मचारियों सभी वर्गों से जुड़े वादे किए। प्रदेश में सरकार बनने पर शराब बंदी एवं शिक्षा, रोजगार को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के साथ प्रतिदिन न्यूनतम मजदूरी 750 रुपये करने का वादा किया।
नगीना सांसद चंद्रशेखर ने सभा में कहा कि प्रदेश का नौजवान सबसे ज्यादा परेशान है। एसआईआर हो या ईवीएम इन दोनों से ईमानदारी से चुनाव नहीं हो सकते हैं। बैलेट पेपर से चुनाव होना चाहिए। उन्होंने कहा कि देश की जनता हिंदू-मुस्लमान नहीं, रोजगार चाहती है। उन्होंने कहा कि जिसने अपराध किया है उसको सजा मिले, लेकिन सिर्फ धर्म और जाति के आधार पर पैर में गोली मार देना और गोकशी के झूठे मुकदमे में जेल भेज देना यह न्याय नहीं है।
सरकार बनने पर होगी शराबबंदी
चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि हमें नया न्यायपूर्ण उत्तर प्रदेश चाहिए। उन्होंने घोषणा की यदि उनकी सरकार बनती है तो शिक्षा और रोजगार को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। कक्षा एक से 12वीं तक की शिक्षा पूरी तरह निशुल्क की जाएगी। दावा किया कि उनकी सरकार बनने पर शराबबंदी लागू की जाएगी।
750 रुपये न्यूनतम मजदूरी और अन्य वादे
किसानों और मजदूरों के लिए चंद्रशेखर आजाद ने कई घोषणाएं कीं। कहा कि न्यूनतम मजदूरी 750 रुपये प्रतिदिन की जाएगी, क्योंकि 20 हजार रुपये से कम पर घर नहीं चलता। किसानों को एमएसपी की कानूनी गारंटी देने और लंबित भर्तियों और बैकलॉग पदों को भरने का वादा किया। आशा, आंगनबाड़ी, शिक्षामित्र, पंचायत सहायिका और सफाई कर्मचारियों को राज्यकर्मी का दर्जा देकर उनका वेतन बढ़ाने की बात कही। नगीना सांसद ने पुलिसकर्मियों के लिए आठ घंटे की ड्यूटी और सप्ताह में एक अवकाश की व्यवस्था लागू करने की मांग भी दोहराई। पीआरडी और होमगार्ड जवानों के लिए पुरानी पेंशन बहाल करने की पैरवी की। उन्होंने बताया कि उनकी पार्टी अकेले विधानसभा 2027 का चुनाव लड़ेगी।
खेड़ीकरमू से अजंता चौक अंडेबकर प्रतिमा तक पैदल यात्रा की
चंद्रशेखर आजाद ने कार्यकर्ताओं के साथ खेड़ीकरमू से अजंता चौक स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर प्रतिमा तक पैदल यात्रा की। अंबेडकर प्रतिमा पर उन्होंने माल्यार्पण किया। जब वह जाने लगे तो सीओ ने उन्हें गाड़ी के अंदर बैठकर जाने की बात कही। इस पर चंद्रशेखर ने कहा कि वह गाड़ी में खड़े होकर सभास्थल तक जाएंगे।
लेखक के बारे में
Pawan Kumar Sharmaपवन कुमार शर्मा पिछले चार वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हैं। डिजिटल मीडिया में काम करते हुए वह उत्तर प्रदेश की राजनीति, क्राइम, सरकारी योजनाओं और टूरिज्म से जुड़े मुद्दों पर नियमित रूप से लिखते हैं। इससे पहले पवन एबीपी न्यूज के साथ बतौर फ्रीलांसर काम कर चुके हैं। पवन ने नई दिल्ली स्थित भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से रेडियो एवं टेलीविजन पत्रकारिता की पढ़ाई की है। इससे पहले क्राइस्ट चर्च कॉलेज, कानपुर से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया। ग्राउंड रिपोर्टिंग और अकादमिक समझ के साथ पवन तथ्यात्मक, संतुलित और पाठक-केंद्रित समाचार लेखन करते हैं।
और पढ़ें

