Chandauli News: टंकी की सफाई के चलते दस दिन से पानी के लिए तरस रहे ग्रामीण
Chandauli News: टांडाकला गांव में पिछले 10 दिनों से जल निगम की पेयजल आपूर्ति ठप है, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो बड़े आंदोलन करेंगे। जल निगम के कर्मचारी टंकी की सफाई का बहाना बना रहे हैं, जबकि गांव में पीने के लिए दूषित पानी का इस्तेमाल किया जा रहा है।

Chandauli News: चहनिया, हिन्दुस्तान संवाद। टांडाकला गांव में पिछले 10 दिनों से जल निगम की पेयजल आपूर्ति ठप होने से ग्रामीणों में आक्रोश है। पेयजल संकट से परेशान ग्रामीणों ने जल निगम और प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई है। ग्रामीणों ने जल्द पेयजल आपूर्ति बहाल नहीं होने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी दी। ग्रामीणों का आरोप है कि टंकी सफाई के लिए दस दिन से इलाके की आपूर्ति ठप है। ग्रामीणों के अनुसार गांव में जल निगम की पानी की टंकी से ही अधिकांश लोगों की पेयजल जरूरत पूरी होती है। गंगा किनारे बसे होने के कारण गांव के कई हैंडपंपों और बोरिंग से पीला व दूषित पानी निकलता है। ग्रामीणों का आरोप है कि यह पानी पीने योग्य नहीं है। इसके बावजूद पेयजल आपूर्ति बंद होने के कारण लोग मजबूरी में इसी पानी का इस्तेमाल कर रहे हैं。
जलापूर्ति बाधित का कारण
ग्रामीणों ने बताया कि जलापूर्ति बाधित होने का कारण जानने के लिए जब टंकी की देखरेख करने वाले कर्मचारियों से संपर्क किया गया तो उन्हें बताया गया कि टंकी की साफ-सफाई का कार्य चल रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि टंकी की सफाई में करने में 10 दिन लग गए और आपूर्ति शुरू नहीं हो पाई है। लंबे समय से आपूर्ति बंद होने के कारण लोगों को पानी के लिए काफी परेशानी उठानी पड़ रही है।
ग्रामीणों की मांग
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने मांग की कि जल्द से जल्द शुद्ध पेयजल की आपूर्ति बहाल की जाए। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि समस्या का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो वे बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होंगे और सड़क पर उतरेंगे। ग्रामीण अशोक पांडेय, पंकज पांडेय, गोरे वर्मा, छोटे प्रजापति, अयूब खान, छगुरा देवी, रेखा देवी, किरन देवी, मोना देवी, राजन गोंड और तेजू खान ने जल्द आपूर्ति शुरू कराने की मांग की है。


